Sunday, 27 January 2013

चिंतन, चुनावी आहट और राहुल का ट्रेलर .......

हिंदी सिनेमा में सत्तर का दशक  बालीवुड  के लिए  नायाब तोहफा है  । इस दशक को अगर याद करें तो  स्टारडम का क्रेज असल में यहीं से शुरू होता है । इसी दौर में अमिताभ बच्चन परदे पर एंग्री यंग मैन की छवि 'दीवार' के जरिये गढ़ते हैं और शशि कपूर उनके सामने आते हैं । अमिताभ कहते हैं मेरे पास गाड़ी है ,बंगला है , बैंक बैलेंस है?  तुम्हारे पास क्या है ? तो जवाब में शशि कपूर कहते हैं "मेरे पास माँ है " । 

अब परदे से इतर राजनीती के  मैदान में कांग्रेस के युवराज राहुल गाँधी अपनी इसी छवि को एंग्री यंग मैन के आसरे मतदाताओ के सामने गढ़ने की कोशिश इन दिनो कर रहे हैं क्युकि जयपुर के चिंतन शिविर से निकला सन्देश साफ़ है । इस दौर में जहाँ राहुल को 2014 की बिसात को अपने बूते बिछाना है वहीँ देश की युवा आबादी जिसकी तादात तकरीबन 65 फीसदी से ज्यादे है उसको कांग्रेस के पाले में लाना है । देश की सबसे बड़ी और सबसे पुरानी  पार्टी कांग्रेस ने जयपुर में चिंतन कर राहुल को चुनावी कमान सौंपकर 2014 से पहले जनता को राहुल का ट्रेलर सही मायनों में दिखा दिया है । बीते दिनों जहाँ धोनी की अगुवाई में टीम इंडिया  ने इंग्लैंड की टीम को  रांची में शिकस्त देकर अपने को नम्बर वन  बनाया , वहीँ कांग्रेस ने जयपुर के चिंतन के आसरे राहुल को उपाध्यक्ष बनाकर उन्हें पार्टी में नम्बर 2 का ओहदा दे ड़ाला ।  

सोनिया गाँधी के साथ ही पूरी पार्टी ने युवा कार्ड खेलकर राहुल गाँधी को  नई  जिम्मेदारी देने  में किसी तरह की हिचक नहीं दिखाई । 42 वर्षीय राहुल गाँधी को उपाध्यक्ष बनाये जाने की खबर चिंतन शिविर के अंतिम दिन जैसे ही आई वैसे ही पूरे देश भर में कांग्रेस जश्न से सरोबार हो गई ।  पहले कांग्रेस में राहुल गाँधी महासचिव हुआ करते थे अब उन्हें पार्टी ने उपाध्यक्ष के तौर  पर प्रमोट किया है  । पार्टी में अपरोक्ष रूप से उनकी गिनती सोनिया के बाद ही होती थी अब भी वह पार्टी में उनके बाद ही गिने जायेंगे सिर्फ पद का बदलाव उनके लिए किया गया है । इस लिहाज से देखें तो राहुल की इस नई  ताजपोशी को एक बड़े क्रांतिकारी बदलाव के रूप में देखने की जरुरत नहीं है । 

   हालांकि  हमें यह नहीं भूलना चाहिए  चुनाव समिति की कमान राहुल को सौपकर कांग्रेस 2014 की बिसात बिछाने में लग गई  है ।  उपाध्यक्ष बनाये  जाने के बाद जिस अंदाज में राहुल ने अपना भाषण दिया वह अकसर हर नेता बड़े बड़े मंच से देता रहता है और इसको  जमीनी हकीकत में बदलना आसान भी नहीं रहता  लेकिन राहुल के भाषण में भावनात्मकता का भाव जहाँ  दिखा वहीँ  पार्टी के कैडर को प्रभावित करने के लिए उन्होंने जिन बातो का जिक्र किया उससे सभी राजनीतिक दल इस दौर में जूझ रहे है । फिर भी भावनाओ के जरिये राहुल यह अहसास कराने में तो कामयाब ही रहे कि अब कांग्रेस में संगठन की मजबूती के साथ जनाधार बढाने की कोशिशो को अमली जाम पहनाने  का सही समय आ गया है । राहुल ने कांग्रेस की जिन कमियों का जिक्र अपने संबोधन में किया वह  नई नहीं हैं क्युकि इसका जिक्र वह पहले भी कई बार मंचो से करते रहे हैं लेकिन जनता उनसे जवाब चाह रही है बीते आठ बरस में उनके द्वारा इस सिस्टम को सुधारने के क्या प्रयास किये गए जब वह खुद पार्टी के महासचिव बनकर पार्टी का झंडा थामे हुए हैं  ।
  मसलन राहुल अगर सत्ता को जहर मान रहे हैं तो सवाल उठाना लाजमी है अगर ऐसा है तो वह राजनीती के अखाड़े में अपने कदम क्यों बढ़ा  रहे हैं ? टिकट के बटवारे में अगर कांग्रेस के आम कार्यकर्ता की उपेक्षा इस दौर में हुई है तो इसका दोष किसका है जब उनका पूरा परिवार राजनीती में दशको से है और खुद सोनिया पिछले एक दशक से ज्यादा समय से कमान अपने हाथ में थामे हुई हैं ? सभी को मालूम है मनमोहन के दौर में सत्ता का असल केंद्र दस जनपथ बना है लेकिन राहुल कांग्रेस  को नए सिरे से परिभाषित करने पर जोर देते नजर आ रहे हैं । राहुल देश भर में ब्लाक स्तर पर नए नेता तैयार करने पर जोर दे रहे हैं लेकिन राज्यों और संगठन में कांग्रेस के बड़े नेताओ की गुटबाजी इतनी ज्यादा है कि हर चुनाव में यह पार्टी का खेल खराब ही  कर रही है  और नेताओ में आपसी सामंजस्य  का अभाव साफ़ देखा जा सकता है । इसके बाद भी वह यह सब कहकर इसका दोष किसके मत्थे  आखिर गढ़ना चाहते हैं ? 


कांग्रेस ने  राहुल को उपाध्यक्ष तो घोषित कर दिया है लेकिन भावी  प्रधानमंत्री के रूप में  पेश करने पर सस्पेंस अभी भी बरकरार है । पार्टी अभी उनके नाम को प्रोजेक्ट करने से डर  रही है संभव हो इसके पीछे लोक सभा चुनावो की तैयारिया छिपी हुई हों लेकिन जयपुर के चिंतन के जरिये कांग्रेस ने यह सन्देश देने में सफलता पायी है आज का युग गठबंधन राजनीती का है और आगे भी इसी के इर्द गिर्द भारतीय राजनीती सिमट कर रहेगी शायद यही सोचकर  कांग्रेस ने इस बात पर जोर दिया है अब आने वाले दिनों में उसे अपने लिए नए सहयोगियों की तलाश तो शुरू करनी ही होगी क्युकि अपने बूते वह तीसरी बार सत्ता पर काबिज नहीं हो सकती । पचमढ़ी में जहाँ एकला चलो रे का नारा  दिया गया था वहीँ शिमला में गठबंधन वाली लीक पर कांग्रेस चली थी । अब इस दौर में जयपुर में भी चिंतन राहुल और उनकी भावी राजनीती के मद्देनजर नए सहयोगियों को गठबंधन के आसरे अमली जामा पहनाने की कोशिशे शुरू होने  वाली हैं । 

कांग्रेस के निशाने पर 2014 है और नजरें युवा वोट बैंक पर हैं शायद तभी राहुल को बड़ा चेहरा  बनाने  की कोशिश जयपुर चिंतन के जरिये उसके द्वारा की गई है ।  उपाध्यक्ष  पद पर इस ताजपोशी ने वंशवाद की परंपरा को आगे बढाने की कांग्रेसी  पृष्ठभूमि की एक ननई  इबादत भी लिख डाली है और अब राहुल अपने युवा साथियो के साथ संगठन में जिन चेहरों को जगह देंगे उसमे भी इसकी छाप  दिखाई देगी । वैसे भी वैसे अभी राहुल की कोर टीम में   सचिन पायलट , ज्योतिरादित्य , जितिन  प्रसाद, ज्योति मिर्धा ,अरुण यादव,  संदीप दीक्षित ,अन्नू टंडन , प्रिया  दत्त सरीखे जो चेहरे शामिल हैं उन्हें राजनीती विरासत में ही मिली है । आने वाले दिनों में यही लोग उनकी टीम में अपनी दुबारा  जगह बनाने में कामयाब रहेंगे । युवा कार्ड खेलकर कांग्रेस ने सिर्फ और सिर्फ परिवारवाद की अमरबेल को बढाने का ही काम किया है । शायद राहुल यह भूल रहे हैं वह अपनी पार्टी में चाटुकारों की एक बड़ी टोली से घिरे हैं और यही चाटुकारों की टोली  हर चुनाव में कांग्रेस का खेल खराब कर रही है ।बेहतर होगा वह इन सबसे पिंड  छुड़ाकर कांग्रेस में नयी  जान फूंके । परिवारवाद द्वारा केवल कांग्रेस ने  केवल अपनी पीड़ी को  आगे बढाने का ही काम किया है । भारत के सम्बन्ध में इसे देखे तो हिन्दुस्तान में यह एक क्रांतिकारी घटना है जहाँ नेहरु गाँधी परिवार का सत्ता में वर्चस्व पिछले कई दशको से बरकरार है और अब उसकी पांचवी पीड़ी राजनीती के मैदान में है । 


दरअसल कांग्रेस में आजादी के बाद से ही परिवारवाद के बीज बोये जाने लगे थे । इसकी शुरुवात तो हमें मोतीलाल नेहरु के दौर से ही देखने को मिलती है जब कांग्रेस के कई नेताओ के न चाहते हुए उन्होंने जवाहरलाल नेहरु को कमान दे दी थी । महात्मा  गाँधी तो कभी नहीं चाहते थे आजादी के बाद कांग्रेस उनके नाम का उपयोग करे । शायद तभी गाँधी ने आजादी के बाद कांग्रेस को भंग करने की मांग की थी लेकिन नेहरु ने उनकी एक ना सुनीं । जवाहर ने भी मोतीलाल वाली लीक पर चलकर न केवल इंदिरा को उस दौर में अध्यक्ष बनाया तब उनकी उम्र भी महज 42 बरस की थी । उस दौर को अगर हम याद करें तो कांग्रेस के पास कई अच्छे चेहरे थे प्रति जिनको वह  आगे कर सकती थी लेकिन इंदिरा की बादशाहत को कोई चुनौती  नहीं दे सका ।  इंदिरा से पहले का एक दौर शास्त्री वाला भी हमें देखने को मिलता है जहाँ उन्होंने अपनी उपयोगिता को सही मायनों में साबित करके दिखाया लेकिन इसके बाद कांग्रेस ने नेहरु गाँधी परिवार के नाम को भुनाने का काम ही किया । इंदिरा एक दौर में तानाशाह भी बनी, किसी ने उन्हें दुर्गा कहा तो किसी ने गूंगी गुडिया भी कहा । वहीँ कई लोगो ने उनके नेतृत्त्व की सराहना भी की लेकिन इंदिरा के बाद संजय, राजीव , सोनिया और अब राहुल सब अपने परिवार के आसरे हर दौर में आगे रहे । सभी ने अपने परिवार से इतर किसी को सत्ता के  केंद्र में आने से रोका । नरसिंह राव वाला दौर अलग दौर रहा । उस समय पार्टी  की अगुवाई करने से सोनिया ने साफ़ इनकार कर दिया था लेकिन सीताराम केसरी के  दौर के बाद उन्होंने कमान न केवल अपने हाथ में ली वरन खड्डे में जाती कांग्रेस की नाव को भवसागर पार लगाया था । उस दौर में उन्होंने  2004 में न केवल प्रधान मंत्री का पद ठुकरा कर  अनूठी  मिसाल कायम की । लेकिन मनमोहन के दौर  में भी मनमोहन मजबूरी का नाम पी ऍम बने रहे।  असल नियंत्रण का केंद्र तो दस जनपथ  ही बना रहा |

कुछ समय पहले तक राहुल गाँधी को भी राजनीती में आने से परहेज था लेकिन वह भी न चाहते हुए राजनीती में आये । आज से 8 साल पहले जब यू पी  के चुनावो में  राहुल को स्टार बनाकर कांग्रेस ने उतारा तो उन्हें किसी ने गंभीरता के साथ नहीं सुना ।  किसी ने  राहुल पर राजनीती को जबरन थोपे जाने के आरोप भी लगाये तो  कुछ लोगो ने तो राहुल की तुलना राजीव गाँधी  से कर डाली तो कुछ राहुल में राजीव गाँधी का  अक्स देखते पाए गए लेकिन राजीव का दौर वर्तमान दौर से बिलकुल अलग है । तब कांग्रेस को चुनौती  देने वाली पार्टी कोई नहीं थी तो वहीँ आज रीजनल पार्टिया देश की राजनीती को सही मायनों में प्रभावित कर रही है । भाजपा और कांग्रेस इस दौर में बड़े दल जरुर है लेकिन दोनों अपने बूते सत्ता में नहीं आ सकते शायद तभी इस दौर में गठंधन एक  सच्चाई  बन चुकी है । ऐसे माहौल में कांग्रेस के सामने चुनौतियों का पहाड़ ज्यादा है और एंटी इन्कम्बेंसी का भी खतरा बना है और उसकी नज़रे अब युवा वोट बैंक पर लगी दिख रही हैं । 


जयपुर के चिंतन के जरिये राहुल ने कांग्रेस  को नए रूप में ढालने का जो मंत्र  दिया है अह आने वाले दिनों में कितना कारगर होगा यह तो आने वाला समय ही बतायेगा लेकिन हमें यह भी नहीं भूलना चाहिए केवल राहुल को  उपकप्तान बनाने से अब कांग्रेस के अच्छे  दिन नहीं आने  वाले हैं क्युकी राहुल भी इस दौर में चाटुकारों की बड़ी टीम से घिरे हुए हैं और इसी टीम के साथ मिलकर वह यू पी और बिहार चुनाव में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा  चुके  है जहाँ पर  कांग्रेस को करारी  शिकस्त खाने पर मजबूर होना पड़ा  । यू पी  में एक दौर में प्रचार कर जहाँ उन्होंने अपरिपक्व नेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई वहीँ कांग्रेस की सीटें भी नहीं बढाई । अभी भी अगर 2014 में राहुल के सामने अगर खुदा  ना खास्ता मोदी सामने आते हैं तो राहुल का जलवा फेल  ही रहने वाला है  । गुजरात में इस बार भी अंतिम दिनों में चुनाव प्रचार में जहाँ जहाँ राहुल गए वहां कांग्रेस की करारी हार हुई । राहुल को अब यह समझना होगा बिना पार्टी का संगठन  खड़े किये बिना कांग्रेस के अच्छे दिन नहीं आने वाले हैं । राहुल को सरकार की नीतियों को जनता तक पहुचाना होगा और संगठन में नेताओ के नाते रिश्तेदारों को हटाना पड़ेगा । आज भी अधिकाश पदों पर कांग्रेस के मंत्रियो के रिश्तेदार महत्वपूर्ण पदों पर कुंडली मारकर बैठे हैं ।  2014 के लोक सभा चुनाव की  डुग डुगी  बजने में 15 माह से भी कम का समय बचा है । इतने कम समय में  संगठन मजूत हो जाएगा और सही टिकटों का बटवारा होगा यह सब संभव नहीं दिखाई देता । यह समय ऐसा है जब आम आदमी का मनमोहनी नीतियों से मोहभंग हो गया है । सरकार कॉर्पोरेट पर दरियादिली दिखा रही है जबकि आम आदमी की उपेक्षा कर रही है । महंगाई बढ़  रही है । गैस की घरेलू सब्सिडी ख़त्म है तो  डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे है  । भ्रष्टाचार का सवाल जस का तस है । कांग्रेस अगर सोच रही है मनमोहन के बजाए राहुल का चेहरा आगे कर देने भर से कांग्रेस तीसरी बार केंद्र में वापसी कर जाएगी तो यह दिवा स्वप्न से कम नहीं लगता । ऐसे  माहौल में राहुल के सामने चुनोतियो का पहाड़ ही खड़ा है । राहुल के पिता राजीव का भी राजनीती में प्रवेश संजय गाँधी की मौत के बाद हुआ था तो उन्हें भी महासचिव बनाया गया था लेकिन तब सहानुभूति की लहर ने राजीव को सत्ता के  शीर्ष पर पहुचाया लेकिन आज के दौर में यह दूर की गोटी है क्युकि  राज्यों में रीजनल पार्टियों का प्रभुत्व है वह केंद्र में सरकार बनाने में मोल तोल  कर रही है  और शायद यही कारण  है कांग्रेस भी रिटेल में ऍफ़ डी  आई  के मसले पर इनके सहयोग  के बिना आर्थिक सुधारों का फर्राटा नहीं भर सकती ।  आज कांग्रेस का जनाधार लगातार सिकुड़ रहा है । कार्यकर्ता उपेक्षित है तो उसके अपने  नेताओ के पास  मिलने का समय नहीं है । कांग्रेस 28 राज्यों में से 18 राज्यों में पूरी तरह साफ़ है । संगठन लुंज पुंज है । ऐसे में राहुल को लोगो को यह अहसास कराना होगा वह परिवारवाद की विरासत बचाने  आगे नहीं आये हैं बल्कि उनका सपना गाँव के अंतिम छोर  में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुचाना है लेकिन बिना संगठन के यह सब संभव नहीं है । राहुल की असली चुनौती  बिहार और उत्तर प्रदेश है । यही वह प्रदेश है जहाँ  अच्छा  करने पर कांग्रेस केंद्र में सरकार बना सकती है । यू  पी में इस  28 विधायक और 22 संसद हैं । पिछले कुछ समय से यहाँ पर पार्टी का वोट प्रतिशत नहीं बढ रहा इस पर गंभीरता से विचार की जरुरत अब है । राहुल ने जयपुर में जो कुछ कहा उससे एक बारगी ऐसा लगा  वह अपने पिता राजीव वाली लीक पर चलकर कांग्रेस के लिए बिसात बिछा रहे हैं लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए राजीव गाँधी भी कहा करते थे वह सत्ता के दलालों से कांग्रेस को बचाना चाहते हैं लेकिन इन्ही दलालों ने राजीव को फंसा दिया । बोफोर्स का जिन्न कांग्रेस की लुटिया उस दौर में डुबो गया था । अब राहुल को समझना होगा वह उन गलतियों से सबक लें ।


जयपुर में सोनिया की सहमति से राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का फैसला पार्टी कार्यकर्ताओ में नए जोश का संचार भले ही कर जाए  लेकिन राहुल गाँधी की राह आने वाले दिनों में इतनी आसान  भी नहीं है | २००९ के लोक सभा चुनावो में भले ही वह पार्टी के सेनापति रहे थे लेकिन जीत का सेहरा मनमोहन की मनरेगा आरटीआई, किसान कर्ज माफ़ी जैसी योजनाओ के सर ही बंधा था | वहीँ उस दौर को अगर याद करें तो आम युवा वोटर राहुल गाँधी में एक करिश्माई युवा नेता का अक्स देख रहा था जो भारतीयों के एक बड़े मध्यम वर्ग को लुभा रहा था क्युकि वह नेहरु की तर्ज पर भारत की  खोज करने पहली बार निकले  जहाँ वह दलितों के घर आलू पूड़ी खाने जाते थे  वहीँ कलावती सरीखी महिला के दर्द को संसद में परमाणु करार की बहस में उजागर करते थे  | लेकिन संयोग देखिये राजनीती एक सौ अस्सी डिग्री के मोड़ पर कैसे मुड़ जाती है यह कांग्रेस को अब पता चल रहा है | अभी मनमोहन सरकार भ्रष्टाचार के आरोपों से तो घिरी ही है साथ ही आम आदमी का हाथ कांग्रेस के साथ के नारों की भी हवा निकली हुई है क्युकि महंगाई चरम पर है | सरकार  ने घरेलू गैस की सब्सिडी ख़त्म कर दी है जिससे उसका ग्रामीण मतदाता भी नाखुश है और इन सबके बीच राहुल ने पार्टी के सामने नई जिम्मेदारी ऐसे समय में दी है जब बीते चार बरस में मनमोहन सरकार से देश का आम आदमी नाराज हो चला है | वह भ्रष्टाचार से लेकर महंगाई , घरेलू गैस की सब्सिडी खत्म करने के मुद्दे  से लेकर डीजल , तेल की बड़ी कीमतों के साथ ही ऍफ़डीआई के मुद्दे पर सीधे घिर रही है | देश की अर्थव्यवस्था जहाँ सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है वहीँ आम आदमी का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार से आम आदमी सबसे ज्यादा परेशान है क्युकि उसका चूल्हा इस दौर में नहीं जल पा रहा है | यह सरकार अपने मनमोहनी इकोनोमिक्स द्वारा आम आदमी के बजाए  कारपोरेट घरानों पर दरियादिली ज्यादा  दिखा रही है |


 ऐसे निराशाजनक माहौल के बाद भी कांग्रेस इस मुगालते में है राहुल गाँधी को आगे करने से उसके भ्रष्टाचार के आरोप धुल जायेंगे तो यह बेमानी ही है क्युकि यूपीए २ की इस सरकार के कार्यकाल में उपलब्धियों के तौर पर कोई बड़ा  काम इस दौर में नहीं हुआ है | उल्टा कांग्रेस कामनवेल्थ ,२ जी ,कोलगेट जैसे मसलो पर लगातार घिरती  रही है जिससे उसका इकबाल कमजोर हुआ है | ऊपर से रामदेव , अन्ना के जनांदोलन के प्रति उसका रुख गैर जिम्मेदराना रहा है जिससे जनता में उसके प्रति नाराजगी का भाव है |  यही नहीं दिल्ली में बीते दिनों हुई गैंगरेप की घटना के बाद जिस तरह फ्लैश माब  सड़को पर उतरा और उसके कदम लुटियंस की दिल्ली के रायसीना हिल्स की तरफ बढे उसने कांग्रेस के सामने मुश्किलों का पहाड़ लोक सभा चुनावो से ठीक पहले खड़ा कर दिया है।  । देश में  मजबूत विपक्ष के गैप को अब केजरीवाल सरीखे लोग भरते नजर आ रहे हैं जो गडकरी से लेकर खुर्शीद तक को उनके संसदीय इलाके फर्रुखाबाद तक में चुनौती दे चुके हैं | ऐसे निराशाजनक माहौल में कांग्रेस के युवराज के सामने पार्टी को मुश्किलों से निकालने की बड़ी चुनौती सामने खड़ी है क्युकि राहुल को आगे करने से कांग्रेस की चार साल में खोयी हुई  साख वापस नहीं आ सकती | दाग तो दाग हैं वह पार्टी का पीछा नहीं छोड़ सकते |

 ऊपर से  आम आदमी के लिए आर्थिक सुधार इस दौर में कोई मायने  नहीं रखते क्युकि उसके लिए दो जून की रोजी रोटी ज्यादा महत्वपूर्ण है लेकिन सरकार का ध्यान विदेशी निवेश में लगा है | वह आम आदमी को हाशिये पर रखकर इस दौर में कारपोरेट के ज्यादा करीब नजर आ रही है क्युकि वही सरकार के लिए चुनावो में बिसात बिछा रहा है | ऐसे खराब माहौल में राहुल को बैटिंग करने में दिक्कतें पेश आ सकती हैं | साथ ही राहुल के सामने उनका अतीत भी है जो वर्तमान में भी उनका पीछा शायद ही छोड़ेगा |ज्यादा समय नहीं बीता जब २००९ में २००  से ज्यादा सीटें लोक सभा चुनावो में जीतने के बाद कांग्रेस का बिहार ,उत्तर प्रदेश, पंजाब,तमिलनाडु के विधान सभा चुनावो में प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा | उत्तराखंड में लड़खड़ाकर कांग्रेस संभली जरुर लेकिन यहाँ भी भाजपा में खंडूरी के जलवे के चलते कांग्रेस पूर्ण बहुमत से दूर ही रही | इन जगहों पर राहुल गाँधी ने चुनाव प्रचार की कमान खुद संभाली थी | संगठन भी अपने बजाय राहुल का औरा लिए करिश्मे की सोच रहा था लेकिन लोगो की भीड़ वोटो में तब्दील नहीं हो पाई और चुनाव निपटने के बाद राहुल गाँधी ने भी उन इलाको का दौरा नहीं किया जहाँ कांग्रेस कमजोर नजर आई | चुनाव  निपटने के बाद संगठन को मजबूत करने की दिशा में कोई प्रयास नहीं किये गए | ऐसे में  अब दूसरी परीक्षा में पास होने की बड़ी चुनौती राहुल के सामने खड़ी है |  
    
    वैसे एक दशक से ज्यादा समय से राजनीती में राहुल को लेकर कांग्रेसी चाटुकार मौजूदा दौर में सबसे ज्यादा आशावान हैं | लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए बिहार और उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में राहुल का चुनावी प्रबंधन पार्टी के काम नहीं आ सका | एमबीए, एमसीए डिग्रियों से लैस उनकी युवा टीम ने जहाँ  इन्टरनेट की दुनिया में राहुल के लिए माहौल  बनाया वहीँ कांग्रेसी चाटुकारों की टोली ने उन्हें विवादित बयान देने और चुनावी सभा में बाहें ही चढ़ाना सिखाया | अगर वह जनता की नब्ज पकड़ना जानते तो शायद उत्तर प्रदेश के अखाड़े में वह उनसे कम उम्र के अखिलेश यादव से नहीं हारते | एक दशक से भारत की राजनीती में सक्रिय राहुल गाँधी जहाँ पुराने चाटुकारों से घिरे इस दौर में  नजर आते हैं वहीँ उनकी सबसे बड़ी कमी यह है की चुनाव  निपटने के बाद वह उन संसदीय इलाको और विधान सभा के इलाको में फटकना तक पसंद नहीं करते जहाँ कांग्रेस लगातार हारती जा रही है | यही उनकी सबसे बड़ी कमी इस दौर में बन चुकी है और शायद यही वजह है हिंदी भाषी रायो में कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह साफ़ हो गया है । दक्षिण  में आन्ध्र के जगन मोहन रेड्डी ने कांग्रेस की मुश्किलें बढाई  हुई हैं तो केरल, पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा , केरल में उसका कोई जनाधार बचा नहीं दिख रहा । 

वहीँ अगर राहुल के बरक्स हम युवा तुर्क अखिलेश यादव को देखें तो उत्तर  प्रदेश के चुनावो में वह मीडिया की नज़रों से बिलकुल ओझल रहे लेकिन उन्हें अपने काम पर भरोसा था वह जनता से सीधा संवाद स्थापित करने में कामयाब रहे और जनता ने सपा को इस साल मौका दिया वहीँ कांग्रेस को उसी हाल पर छोड़ दिया जहाँ वह बरसो से उत्तर प्रदेश में खड़ी है |  अखिलेश की सबसे बड़ी खूबी यह है वह अच्छे संगठनकर्ता हैं ही साथ ही वह एक एक कार्यकर्ता का नाम तक जानते हैं और उनसे कभी भी सीधा संवाद आसानी से स्थापित कर लेते हैं | वहीँ राहुल गाँधी को अपने चाटुकारों से फुर्सत मिले तब बात बने | 

राहुल गाँधी को अगर आने वाले दिनों में  अपने बूते कांग्रेस को तीसरी बार सत्ता में लाना है तो संगठन की दिशा में मजबूत प्रयास करने होंगे साथ ही कार्यकर्ताओ की भावनाओ का ध्यान रखना होगा क्युकि किसी भी पार्टी की सबसे बड़ी रीड उसका कार्यकर्ता होता है | अगर वह ही हाशिये पर रहे तो पार्टी का कुछ नहीं हो सकता | राहुल को उन कार्यकर्ताओ में नया जोश भरना होगा जिसके बूते वह जनता के बीच जाकर सरकार की नीतियों के बारे में बात कर सकें | उत्तर प्रदेश में अच्छा प्रदर्शन करने की सबसे बड़ी चुनौती राहुल के सामने खड़ी है तो कांग्रेस की मौजूदा लोक सभा सीटो की चुनोती बरक़रार रखने की विकराल चुनौती  सामने है ।

        एक दशक से ज्यादा समय से भारतीय राजनीती में सक्रियता दिखाने वाले राहुल गाँधी ने शुरुवात में कोई पद ग्रहण नहीं किया | उन्होंने बुंदेलखंड के इलाको के साथ बिहार , उड़ीसा ,विदर्भ के इलाको के दौरे किये और जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओ को गौर से सुना | इसी दौरान वह उड़ीसा में पोस्को और नियमागिरी के इलाको में जाकर वेदांता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी कर चुके हैं जिन पर पूरे देश का ध्यान गया | यही नहीं भट्टा परसौल, मुंबई की लोकल ट्रेन से लेकर कलावती के दर्द को उन्होंने बीते एक दशक में करीब से महसूस किया है | लेकिन उनकी सबसे बड़ी कमी यह रही है वह इन इलाको में एक बार अपनी शक्ल  दिखाने और  मीडिया में सुर्खी बटोरने के लिए जाते जरुर हैं  उसके बाद खामोश हो जाते हैं और उन इलाको को उसी हाल पर छोड़ देते हैं जिस हाल पर वह इलाका पहले हुआ करता था तो उनके  विरोधी  सवाल उठाने  लगते है |

मिसाल के तौर पर विदर्भ के इलाके को लीजिए | बीते एक दशक में साढ़े तीन लाख से ज्यादा किसान आत्महत्याए कर चुके हैं जिसको राहुल अपनी राजनीति से उठाते है | कलावती के दर्द को संसद के पटल पर परमाणु करार के जरिये उकेरते हैं लेकिन उसके बाद कलावती को उसी के हाल पर छोड़ देते हैं | २००५ में अपने पति को खो चुकी कलावती का दर्द आज भी कोई नहीं समझ सकता | न जाने लम्बा समय बीतने के बाद वह कहाँ गुमनामी के अंधेरो में खो गई | राहुल उसकी सुध इस दौर में लेते नहीं दिखाई दिए जबकि आडवानी की रथ यात्रा के  दौरान २०११ में अक्तूबर के महीने में उसकी बेटी सविता ने भी ख़ुदकुशी कर ली  | वहीँ इसी साल २०१२ में कलावती की छोटी बेटी के पति ने खेत में कीटनाशक दवाई खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर दी | तब राहुल गाँधी  की तरफ से उस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई | जबकि कलावती के जरिये संसद में परमाणु करार पर मनमोहन सरकार ने खूब तालियाँ अपने पहले कार्यकाल में बटोरी थी तब  वाम दलों की घुड़की के आगे हमारे प्रधानमंत्री नहीं झुके | उसके बाद क्या हुआ कलावती अपने देश में बेगानी हो गयी |  कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में थकी हुई रीता बहुगुणा जोशी के हाथ कमान दी जो अपने जीवन का एक चुनाव तक नहीं जीत सकी | शुक्र है इस बार के चुनाव में उन्हें हार नहीं मिली |  चुनावो के बाद भीतरघातियो पर कारवाही  तक नहीं हुई और ना ही राहुल  उत्तर प्रदेश के आस पास फटके | यही हाल बिहार में हुआ अकेले चुनाव लड़ने का मन तो बना लिया लेकिन संगठन दुरुस्त नहीं था न कोई चेहरा था जो नीतीश के सामने टक्कर दे सकता था इसी के चलते २०१० के विधान सभा चुनाव में केवल ४ सीट ही हाथ लग सकी | चुनाव निपटने के बाद बिहार को भी वैसा ही छोड़ दिया जैसा उत्तर प्रदेश है | अब ऐसे हालातो में पार्टी का प्रदर्शन कैसे  सुधरेगा यह एक बड़ी पहेली बनता जा रहा है |  राहुल को यह कौन समझाए वोट कोई पेड पर नहीं उगते | उसे पाने के लिए जी तोड़ मेहनत करनी पड़ती है और कार्यकर्ताओ को साथ लेकर चलना पड़ता है जिसमे संगठन एक बड़ी भूमिका अदा करता है | लेकिन राहुल की सबसे बड़ी मुश्किल यही है चुनाव के दौरान ही वह चुनाव प्रचार करने इलाको में नजर आते हैं चुनाव निपटने के बाद उन इलाको से नदारद पाए जाते है |
          यू पी ए २ में राहुल के पास अपने को साबित करने की एक बड़ी चुनौती है जिस पर वह अभी तक खरा नहीं उतर पाए हैं | मिसाल के तौर पर अन्ना के आन्दोलन को ही देख लीजिए उस  दौरान  सोनिया गाँधी बीमार थी | राहुल को कांग्रेस के बड़े नेताओ के साथ डिसीजन मेकिंग की कमान दी गई थी लेकिन अन्ना के आन्दोलन पर उनकी एक भी प्रतिक्रिया नहीं आई | यही नहीं जनलोकपाल जैसे अहम मसलो पर वह उनकी पार्टी का स्टैंड सही से सामने नहीं रख पाए | वह इस पूरे दूसरे कार्यकाल में संसद से नदारद पाए गए है | सदन में कोई बड़ा बयान उनके द्वारा जहाँ नहीं दिया गया वहीँ किसानो की आत्महत्या, महंगाई, ऍफ़डीआई ,गैस सब्सिडी खत्म करने  जैसे मसलो पर उनका कोई बयान मीडिया में नहीं आया  है जो सीधे आम आदमी से जुड़े मुद्दे हैं | यही नहीं भ्रष्टाचार के मसले पर भी वह ख़ामोशी की चादर ओढे बैठे रहे | वाड्रा डीएलएफ के गठजोड़ पर भी उनकी चुप्पी ने कई सवालों को जन्म तो दिया ही साथ ही कांग्रेस पार्टी द्वारा हाल ही में अपनी पार्टी के कोष से नैशनल हेराल्ड को दिए गए ९० करोड़ रुपये के चंदे पर भी राहुल ने खामोश रहना मुनासिब समझा | हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार में ऐसे लोगो का कद बढ़ाया गया  जिन पर भ्रष्टाचार के संगीन आरोप लगे | लेकिन राहुल ने उस पर भी कुछ नहीं कहा और ना ही मंत्रिमंडल विस्तार में युवा चेहरों की वैसे तरजीह मिली जिससे कहा जा सके कि विस्तार में राहुल की छाप दिखाई दे रही है | ऐसे  में  राहुल गाँधी  की भूमिका को लेकर सवाल उठने लाजमी ही हैं | अब समय आ गया है जब उनको देश से और आम जनता से जुड़े मुद्दे सामने लाने से नहीं डरना होगा तभी बात बनेगी | नहीं तो अभी के हालत  कांग्रेस के लिए बहुत अच्छे नजर नहीं आते | वर्तमान में पार्टी जहाँ उत्तर प्रदेश और बिहार सरीखे बड़े राज्यों में ढलान पर है वहीँ मध्य प्रदेश , गुजरात  पंजाब, हिमाचल , उत्तराखंड , छत्तीसगढ़ में उसकी हालत बहुत पतली है | औरंगजेब की बीजापुर और गोलकुंडा विजय ने दक्षिण में मुग़ल साम्राज्य की स्थापना का रास्ता खोला था लेकिन यहाँ पर कांग्रेस पतली हालत में है | सबसे ज्यादा खराब हालत आन्ध्र में है जहाँ जगन मोहन रेड्डी आने वाले विधान सभा चुनावो में मजबूत खिलाडी बनकर उभरेंगे इसके आसार अभी से नजर आने लगे हैं | देश  की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी भाजपा के हालत भी कांग्रेस  जैसे ही हैं | चोर चोर मौसरे भाई जुगलबंदी  यहाँ पर सटीक बैठ रही है | नितिन गडकरी पर लग रहे भ्रष्टाचार के दाग भाजपा की साख को ख़राब कर दी है भले ही संघ का लाडला अब दूसरी बार अध्यक्ष बनने से रह गया हो लेकिन इसने भाजपा की भ्रष्टाचार की लड़ाई को कमजोर ही किया है ।  ऐसे में रास्ता इन दोनों दलों से इतर तीसरे मोर्चे की तरफ जा रहा है जहाँ पर अपने अपने राज्यों के छत्रप मजबूत स्थिति में जाते दिख रहे है जिससे भाजपा और कांग्रेस दोनों की सत्ता में आने  की सम्भावनाए धुंधली होती दिखाई दे रही है | ऐसे में राहुल को कांग्रेस के लिए रास्ता तैयार करने में मुश्किलें पेश आ  सकती हैं |

                 वैसे असल परीक्षा तो आने वाले दिनों में दस राज्यों के विधान सभा चुनावो में है जहाँ कांग्रेस के साथ राहुल की प्रतिष्ठा दाव पर लगी है ।  अगर यहाँ कांग्रेस अच्छा कर गई तो वह लोक सभा चुनाव का जुआ जल्द खेल सकती है ।  लेकिन यह दूर की गोटी है  राहुल इतने कम समय में कांग्रेस में नई  जान फूंक पायेंगे ? बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा , भूमि अधिग्रहण, लोकपाल  जैसे मसले अभी भी अधर में लटके हैं। मनमोहन के दौर में अमीरों और गरीबो की खाई  दिन पर दिन चौड़ी ही होती जा रही है । इस दौर में कारपोरेट दिनों दिन मजबूत होता जा रहा है तो वहीँ सरकार  ने पूरा बाजार उसके हवाले कर दिया है जहाँ नीतियों के निर्धारण में सीधे उसका साफ़ दखल देखा जा सकता है । भारत के संविधान की बहुत सारी चीजें  पीछे छूट गई हैं । समाजवाद रददी  की टोकरी में चला गया है तो जय जवान जय किसान का नारा लगाने वाला कोई नेता इस दौर में नहीं बचा है । सभी वालमार्ट  के स्वागत में फलक फावड़े बिछाये हुए है । ऐसे माहौल में क्या राहुल इस पर ध्यान दे पायेंगे यह अपने में बड़ा सवाल है । 

वैसे भी यू पी ए के लिए यह समय मुश्किलों भरा है जहाँ उसके पास उपलब्धियों के नाम पर कुछ खास कहने को बचा नहीं है क्युकि  हर बार वह किसी न किसी मुश्किल में घिरती ही रही है ।  मनमोहन पी ऍम पद के अपने आखरी पडाव पर खड़े हैं । गाँधी परिवार के आसरे कांग्रेस एकजुट नजर आती है इसलिए राहुल मजबूरी का नाम कांग्रेसी चाटुकारों के लिए बन चुके हैं जो हर चुनाव में राहुल को दिग्भ्रमित करने का काम किया करते हैं । कांग्रेस में इस समय कोई जनाधार वाला नेता नहीं बचा है लिहाजा कांग्रेस को एकजुट करने के लिए राहुल ही तुरूप का पत्ता इस दौर में बन चुके हैं । ऐसे में कांग्रेस पार्टी का  सबसे बड़ा खेवनहार वही गाँधी परिवार बना रहेगा जिसके बूते वह लम्बे समय से भारतीय राजनीती में छाई है और यही राहुल गाँधी का औरा उसे चुनावी मुकाबले में भाजपा के बराबर खड़ा कर सकता है क्युकि सोनिया का स्वास्थ्य सही नहीं है | मनमोहन के आलावे कोई दूसरा चेहरा पार्टी में ऐसा इस दौर में बचा नहीं है जो भीड़ खींच सके और लोगो की नब्ज पकड़ना जाने | जाहिर है रास्ता ऐसे में उसी गाँधी परिवार पर जा टिकता है  जिसके नाम पर पार्टी इतने वर्षो से एकजुट नजर आई है और यही औरा गाँधी परिवार की पांचवी पीड़ी में पार्टी के कार्यकर्ताओ को राहुल गाँधी के रूप में नजर आता है जो उसमे नेहरु से लेकर इंदिरा, संजय  और राजीव  गाँधी तक का अक्स देख रहा है |  शायद इसके मर्म को सोनिया गाँधी भी बखूबी समझ रही हैं तभी कांग्रेस जयपुर के चिंतन के आसरे राहुल गाँधी को कमान सौंपने वाली ढाई चाल इस दौर में चलती दिखाई दे रही है |

Monday, 14 January 2013

उत्तराखंड में कांग्रेस और भाजपा का कौन होगा नया सूबेदार ?


उत्तराखंड में सत्तारुढ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर घमासान तेज होता जा  रहा है । मौजूदा दौर में दोनों पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष की विदाई तय मानी जा रही है लेकिन नए सूबेदार के लिए दोनों दलों में कई नाम सामने आने से अब पार्टी आलाकमान के सामने दिक्कतें दिनों दिन बढती ही जा रही है । भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल जहाँ दिसम्बर में अपना कार्यकाल पूरा कर चुके हैं तो वहीं   एक व्यक्ति एक पद के फार्मूले  के आधार पर राज्य के कांग्रेस प्रभारी चौधरी बीरेन्द्र  सिंह बीते बरस ही मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य को बदलने की बात कह चुके हैं  । लिहाजा सर्द मौसम में  दून  से लेकर दिल्ली तक सभी की जुबान पर इन दिनों एक ही सवाल है उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस का नया सूबेदार कौन होगा ?  वह भी तब जब लोक सभा चुनावो की  उल्टी  गिनती शरू हो चुकी है और उससे पहले राज्य  में दोनों पार्टियों को निकाय चुनाव और पंचायत चुनावो का सामना करना है ।

                       भले ही भाजपा  और कांग्रेस आंतरिक लोकतंत्र , अनुशासन का हवाला देकर अपने को पाक साफ़ बताये लेकिन उत्तराखंड  में इन दोनों राष्ट्रीय दलों में कुछ भी ' आल इज  वेल' नहीं है । मुख्यमंत्री विजय  बहुगुणा जहाँ अपने अंदाज में  प्रदेश को चला रहे हैं वहीं कांग्रेस का आम कार्यकर्ता इस दौर में हताश हो चुका है क्युकि  सरकार और संगठन में दूरी इस कदर बढ़ चुकी है कि इस दौर में नौकरशाह आम कांग्रेसी कार्यकर्ता को भाव नहीं दे रहे हैं तो वहीं  भाजपा में  खंडूरी, कोश्यारी और निशंक सरीखे नेता अपने अपने अंदाज में पंचायत चुनावो से लेकर निकाय और लोक सभा चुनावो की बिसात  बिछाने में लगे हुए हैं ।  आम भाजपा का कार्यकर्ता भी इस दौर में भाजपा से परेशान हो चुका  है । ऐसे में दोनों दलों के सामने नए अध्यक्ष को लेकर पहली बार सर फुटव्वल  की स्थति बनती दिख रही है । आम सहमति बननी  तो दूर हर गुट अपने अपने अंदाज में अपने समर्थको के साथ एक  दूसरे  को पटखनी देने में लगा हुआ है । राज्य  में जातीय समीकरण इतने जटिल हैं कि  मुख्यमंत्री से लेकर नेता प्रतिपक्ष  और विधान सभा अध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक सभी इस दौर में इसी राजनीती के आसरे चुने जा रहे हैं ।

                       भाजपा के वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल तो अपना कार्यकाल दिसंबर में ही पूरा कर चुके हैं लेकिन गडकरी के दुबारा अध्यक्ष पद पर ताजपोशी के लिए संघ ने जिस तरह पार्टी संविधान में संशोधन किया उससे चुफाल के समर्थक इस दौर में बम बम जरुर हैं लेकिन खुद चुफाल अब दुबारा इस जिम्मेदारी  को लेने के के मूड में नहीं हैं । हालाँकि गडकरी के दुबारा अध्यक्ष बनाये जाने की सूरत में अगर चुफाल के उत्तराधिकारी की तलाश में दावेदारों की संख्या बढती है तो नए मुखिया के चयन में गडकरी की बड़ी भूमिका देखने को मिल सकती है । ऐसे में चुफाल के सितारे फिर से बुलंदियों में जा सकते हैं । चुफाल अभी भले ही न्यूट्रल हैं लेकिन उनकी सबसे बड़ी ताकत खंडूरी से निकटता है । 
चुफाल ही वह पहले  शख्स  थे जिन्होंने 2007 में खंडूरी के मुख्यमंत्री बनाये जाने का खुले तौर पर सबसे पहले समर्थन किया था । उस दौर को अगर याद करें तो 20 से ज्यादा विधायक  भगत सिंह कोश्यारी के समर्थन में खड़े थे । अपने समर्थन के लिए कोश्यारी की चिट्टी जब सभी भाजपा विधायको  के पास गई तो  कोश्यारी  के समर्थन में कई लोगो ने बिना चिट्टी पढ़े ही दस्तखत कर डाले थे  वहीँ  चुफाल ने पूरी चिट्टी न केवल पड़ी बल्कि कोश्यारी की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी के विरोध में निशंक के साथ खंडूरी  का खुलकर साथ भी दिया । इसके बाद खंडूरी ने उनको अपनी कैबिनेट में न केवल मलाईदार मंत्रालय दिया बल्कि प्रदेश अध्यक्ष की बिसात भी अपने ही बूते बिछाई थी  । लिहाजा इस बार भी अगर दावेदारों का झगडा आलाकमान के सामने बढता है तो खंडूरी का वीटो चुफाल के लिए फिर से नई  सम्भावना का द्वार  खोल सकता है । चुफाल के कार्यकाल में भाजपा न केवल विधान सभा चुनावो में सत्ता के  लगभग करीब पहुची बल्कि टिहरी उपचुनाव में विजय बहुगुणा के बेटे साकेत को  धूल  चटाई । 

चुफाल के उत्तराधिकारी के चयन के लिए इस समय भाजपा में खंडूरी, कोश्यारी, निशंक के कई समर्थक दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं । नए सूबेदार के लिए भाजपा में कई नाम उभरकर सामने आ रहे हैं । बताया जाता है पार्टी आलाकमान छेत्रीय संतुलन की बिसात पर काम कर रहा है । वर्तमान में भाजपा में नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट कुमाऊँ  से हैं तो नए सूबेदार का पद   इस हिसाब से गढ़वाल के खाते में जाना चाहिए । यही नहीं अजय भट्ट  राज्य में भाजपा के ब्राहमण   चेहरे हैं इस लिहाज से गढ़वाल में किसी ठाकुर नेता को संतुलन साधने के लिहाज से आगे किया जा सकता है । दावेदारों में तीरथ सिंह रावत, मोहन सिंह गांववासी,  त्रिवेन्द्र  सिंह रावत और धन सिंह रावत के नाम प्रमुखता से उठ रहे हैं । इन सभी के पास अपने अपने दावे हैं जिनको नजरअंदाज भी नहीं किया जा सकता है लेकिन इतना तय है  भाजपा  आलाकमान बिना खंडूरी को विश्वास में लिए बगैर भाजपा के नए सूबेदार की घोषणा नहीं करेगा क्युकि  हलिया विधान सभा चुनावो में इसी खंडूरी फैक्टर के बूते भाजपा का प्रदर्शन तमाम आशंकाओ के बावजूद ठीक रहा था । यह अलग बात है कुछ सीटो पर गुटबाजी, भीतरघात , गलत टिकटों के आवंटन से भाजपा सत्ता में वापसी से  चूक गई । चौबटटाखाल से भाजपा विधायक तीरथ सिंह रावत नए अध्यक्ष की  रेस में सबसे आगे हैं । वह  खंडूरी के सबसे करीबी हैं और इसी के चलते कई महीनों पहले से खंडूरी अपने इस विश्वासपात्र का नाम पार्टी आलाकमान के सामने  दिल्ली  में  रख चुके हैं । हालाँकि आलाकमान खंडूरी को खुद प्रदेश अध्यक्ष का पद आफर  कर चुका है लेकिन खंडूरी ने इस जिम्मेदारी को लेने से इनकार कर दिया है । साफ़ है अगले चुनावो में भी भाजपा का बाद चेहरा खंडूरी ही रहेंगे और खंडूरी तीरथ के आसरे  अब भविष्य की भाजपा तैयार करने का खाका अपने निर्देशन में खींचने वाले हैं ।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत को कोश्यारी का हनुमान जरुर कहा जाता है लेकिन  खंडूरी और निशंक की  गुड बुक में उनका नाम इस दौर में गायब है जिसके चलते उनकी प्रदेश अध्यक्ष की दावेदारी कमजोर नजर आ रही है । वैसे  भाजपा नेता प्रतिपक्ष की दौड़ में वह कुछ समय पहले  कोश्यारी से गहन निकटता के बावजूद नेता प्रतिपक्ष की लड़ाई में अजय भट्ट से  पिछड  गए ।   कोश्यारी की  मुश्किल इस दौर में  निशंक ने बढाई  हुई है  । प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक गुट द्वारा कोश्यारी  का नाम आगे किये जाने के बाद निशंक अपने समर्थको के साथ कोश्यारी  को डेमेज करने के लिए खंडूरी के साथ हाथ मिला सकते हैं ।  निशंक समर्थको की  मजबूरी ऐसी सूरत में खंडूरी  के करीबी  तीरथ सिंह रावत के साथ जाने की बन रही है ।  मोहन सिंह गांववासी  का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए गलियारों में उछल  रहा है । वह संघ के सबसे करीबियों में शामिल होने के साथ ही कुशल संगठनकर्ता भी हैं तो वहीँ धन सिंह रावत भी संघ में सीधी  पकड़ रखने के साथ ही आलाकमान पर पकड़ रखते हैं जिस कारण  उनका दावा भी अपनी जगह है । वैसे बताते चलें इन सबसे इतर रेस में खंडूरी, निशंक , भगत  सिंह  कोश्यारी भी बने हुए हैं लेकिन इनकी  कम सम्भावनाए  इस रूप में बन रही हैं क़ि  पार्टी आने वाले लोक सभा चुनावो में पार्टी  इन्हें  अपना बड़ा चेहरा बना रही  है और इसी के जरिये भाजपा राज्य में पांच  सीटो पर कांग्रेस को  तगड़ी चुनौती  दे सकती है ।  पूर्व कैबिनेट  मंत्री  प्रकाश पन्त जो सितारगंज में मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा  से बुरी तरह परास्त हो गए वह भी  अब अपनी नजरें नैनीताल संसदीय सीट पर लगाये  हैं ।  पार्टी में एक तबका उके राजनीतिक पुनर्वास के लिए उनको भाजपा की कमान राज्य में देने की बात कह रहा है लेकिन कोश्यारी खेमे ने उनके नाम पर फच्चर फंसा दिया है । वैसे बताते चलें इसी खेमे ने प्रकाश पन्त को सितारगंज सरीखी ऐसी विधान सभा से पिछले साल बहुगुणा के विरोध में उतारा उठाया जहाँ पहाड़ी वोटर गिने चुने हैं । इस खेमे की कोशिश प्रकाश पन्त की भावी राजनीति पर ग्रहण लगाने के रही और शायद  यही कारण  है प्रकाश अब राजनीतिक  बियावान में अपने लिए मैदानी इलाको में जमीन तलाश रहे हैं । 

             

        वहीँ कांग्रेस में भी प्रदेश अध्यक्ष के दावेदारों की लम्बी चौड़ी फ़ौज खड़ी है ।  मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष यशपाल आर्य के कैबिनेट मंत्री बनाये जाने के बाद पार्टी आलाकमान उन्हें सरकार और संगठन की दोहरी जिम्मेदारी नहीं  देना  चाहता लिहाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी चौधरी बीरेंद्र सिंह ने बीते साल ही दून  आकर कांग्रेस का कप्तान बदले जाने की बात कही थी । तब से कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष बदलने की राग भैरवी   तान हर जिले में सुनने को  मिली  है ।   संगठन  को ठेंगा दिखाते हुए  पार्टी का हर नेता और कार्यकर्ता कांग्रेस का सूबेदार बदले जाने की बात खुले आम मीडिया में कहने से परहेज नहीं कर रहा था जिसके  बाद प्रदेश प्रभारी को ऐसी बयानबाजी पर  रोक लगानी पड़ी । अभी  भी  कई कार्यकर्ता बहुगुणा सरकार की कार्यशैली से निराश हैं । उत्तराखंड में कांग्रेस सरकार को 10 महीने पूरे होने वाले हैं लेकिन लालबत्ती  पाने की कार्यकर्ताओ की हसरत अभी तक अधूरी ही है ।  वहीँ सरकारके तमाम मंत्री और संतरी इस दौर में अपने नाते रिश्तेदारों को लालबत्ती के पदों पर समायोजित करने में लगे हुए हैं जिससे कांग्रेस का आम कार्यकर्ता बहुत ज्यादा नाराज है । ऐसे में यशपाल आर्य भी अब कार्यकर्ताओ के सीधे निशाने पर हैं । उनके पुत्र संजीव आर्य को हाल ही में सहकारी बैंक की लालबत्ती से नवाजा जा  चुका है तो वहीँ यशपाल की मुख्यमंत्री   बहुगुणा के साथ लगातार बढती निकटता हरीश रावत के समर्थक नहीं पचा पा रहे हैं । कुमाऊं से होने के बाद भी यशपाल कुमाऊं के कार्यकर्ताओ का दिल जीतने में नाकामयाब  अब तक रहे हैं । हालांकि  यशपाल के अध्यक्ष पद पर रहते कांग्रेस ने पिछले लोकसभा चुनाव में जहाँ भाजपा को सभी 5 सीटो पर पराजित किया था वहीँ टिहरी उपचुनाव में मुख्यमंत्री बहुगुणा के बेटे साकेत की हार पर कार्यकर्ता यशपाल को सीधे निशाने पर लेने से नहीं चूक रहे हैं ।  उत्तराखंड में  कांग्रेस का मतलब केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत  हैं । उनकी आम कार्यकर्ता से लेकर उत्तराखंड के आम जन जन तक  पैठ आज भी कायम है लेकिन मुख्यमंत्री पद की  रेस में इस बार भी वह विजय बहुगुणा से पिछड  गए जबकि हरीश रावत के  पास अपने समर्थको और विधायको की बड़ी तादात थी । ऐसे में अब हरीश रावत के समर्थक यशपाल  आर्य को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने के लिए दिल्ली में पूरी तरह से एकजुट है ।  टिहरी में कांग्रेस  की हार का ठीकरा   वह संगठन पर  फोड़ रहे हैं जिसकी कमान यशपाल आर्य के हाथ में है ।

                
      हरीश रावत के समर्थक यशपाल  आर्य के स्थान पर जहां सांसद प्रदीप टम्टा  और पिथौरागढ़ से  विधायक  मयूख महर के नाम के लिए दस जनपथ में लाबिग कर रहे हैं वहीँ नारायण दत्त तिवारी गुट के समर्थक विधायको का एक गुट हरीश रावत गुट को पटखनी देने के लिए सांसद सतपाल महाराज के नाम का बड़ा दाव खेल सकते हैं । इधर  उत्तराखंड कांग्रेस में बने कई गुटों ने राज्य के प्रभारी  चौधरी वीरेंद्र सिंह की मुश्किलों को बढा  दिया है । 13 दिसंबर को  देहरादून में हुए उत्तराखंड कांग्रेस के चिंतन शिविर में महेंद्र पाल ने जिस तरह विजय बहुगुणा की तारीफों में कसीदे पड़े उससे उनका नाम भी भावी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर लिया जा रहा है । महेंद्र पाल कुमाऊं  से आते है और मुख्यमंत्री बहुगुणा गढ़वाल के है । लिहाजा संतुलन के लिहाज से भी यह सही रहेगा । खुद केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री हरीश रावत को पाल के नाम से कोई ऐतराज नहीं है । वहीँ हरीश रावत  का एक गुट  राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री हीरा सिंह बिष्ट के नाम का दाव खेलने के मूड में  भी दिख रहा है । देहरादून पी सी सी कार्यालय में उनको लेकर दस जनपथ तक में  एक बड़ा बाजार गरम दिखाई दे रहा है ।  हरीश रावत के विरोधी  यह तर्क दे रहे हैं मुख्यमंत्री बहुगुणा सितारगंज से विधायक हैं जो  कुमाऊ में आता है । वही इस लिहाज से देखें तो  उनके  हिसाब से  प्रदेश  अध्यक्ष  गढ़वाल के ही खाते में आना चाहिए । लेकिन कांग्रेस की नजरें अभी भाजपा के  नए प्रदेश अध्यक्ष पर भी टिकी हैं । राज्य में कांग्रेस के सूत्रों का मानना है भाजपा का अध्यक्ष घोषित होने के बाद कांग्रेस अपने पत्ते पूरी तरह खोलेगी ।

18 से 20 जनवरी तक जयपुर में होने जा रहे कांग्रेस पार्टी के चिंतन शिविर में उत्तराखंड कांग्रेस के अगले प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर भी चिंतन होने के आसार  दिख रहे हैं । इस बार नए अध्यक्ष पद के चयन में मुख्यमंत्री बहुगुणा की चलने की पूरी संभावना दिख रही है । दस जनपथ में बहुगुणा की सीधी पकड़, रीता बहुगुणा और अम्बिका सोनी, अहमद पटेल  से सीधी पकड़  और सांसद सतपाल महाराज के साथ गहन  निकटता प्रदेश अध्यक्ष के चयन में उनको फायदा पंहुचा सकती है । सतपाल महाराज के समर्थक हरीश रावत के केन्द्रीय मंत्रिमंडल में आने के बाद से अपने को असहज महसूस कर रहे है और महाराज के कई समर्थक अब इस बार उन पर प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी लेने का बहुत दबाव डाल  रहे हैं । सतपाल और हरीश रावत गुट में शुरू से  36 का आंकड़ा उत्तराखंड में जगजाहिर रहा  है । विजय  बहुगुणा को मुख्यमंत्री बनाये जाने में सतपाल महाराज की भूमिका भी किसी से शायद ही छिपी है । सतपाल ने ही हरीश  रावत सरीखे खांटी  कांग्रेसी नेता के मुख्यमंत्री बनने  की राह इस बार भी मुश्किल की जिसके बाद हरीश रावत की राय पर आलकमान ने रावत के करीबी ज्यादा विधायको को बहुगुणा  कैबिनेट में जगह दी । अब सतपाल हरीश के  केन्द्रीय मंत्री बनाये जाने को   नहीं पचा पा रहे हैं ऐसे में वह खुद राज्य के अध्यक्ष की कमान अपने हाथो में लेना चाहेंगे । अगर सतपाल खुद आगे नहीं भी आते हैं तो संभावना है वह बहुगुणा को भरोसे में लेकर किसी के नाम को आलकमान के यहाँ आगे करें । वैसे बताते चलें बहुगुणा और सतपाल अभी भी  यशपाल  आर्य को ही दूसरा कार्यकाल देने के लिए आलाकमान को  किसी तरह से मनवाने में लगे  है ।

बहरहाल भाजपा और कांग्रेस  के लिए आने वाला समय उत्तराखंड में खासा चुनौतीपूर्ण रहने वाला है । छत्रपो के कई गुट ,  सरकार और संगठन को साथ लेकर दोनों दलों को  2013  के मध्य में निकाय , पंचायत  चुनावो का सामना करना है । फिर 2014 में लोक सभा चुनावो की  डुगडुगी  बजेगी । ऐसे माहौल  में सांगठनिक  कौशल  के आसरे ही दोनों दल तमाम  चुनौतियों से पार पा सकते हैं लेकिन मौजूदा दौर में उत्तराखंड में नए सूबेदार के लिए दोनों दलों की नूराकुश्ती थमती नहीं दिख रही है लिहाजा कड़ाके की  ठण्ड में भी उत्तराखंड का राजनीतिक पारा पूरी तरह गर्म है । 



Sunday, 13 January 2013

दोस्ती में पड़ी दरार ......

भारतीय  क्रिकेट टीम को वन  डे  सीरीज में 2-1 से हराने के बाद पाकिस्तान की टीम अभी जीत के जश्न से पूरी तरह से सरोबार भी नहीं हुई  थी कि पाकिस्तान ने एक बार फिर अपना घिनौना  चेहरा पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दिया ।  पुंछ जिले में  मेंढर सेक्टर के मनकोट  इलाके में बीते मंगलवार हुए हादसे में पाक सेना  की बॉर्डर एक्शन फ़ोर्स के
जवान भारतीय  इलाके में 100 मीटर अन्दर घुस आये और भारतीय  सेना  पर अपना धावा बोल दिया जिसमे लांसनायक सुधाकर सिंह और हेमराज को भारत ने खो दिया । ऐसा करके पकिस्तान ने  नवम्बर 2003 से चले आ रहे  संघर्ष विराम का न केवल उल्लंघन किया बल्कि बर्बर कार्यवाही कर एक भारतीय  जवान हेमराज का सर काट डाला ।  बर्बर कार्यवाही में पाक ने जहाँ  तमाम अन्तरराष्ट्रीय  कानूनों की धज्जियाँ  उड़ाई वहीँ बीते दौर में हुए कारगिल युद्ध की यादो को ताजा करा दिया ।  उस दौर को अगर हम याद करें तो कैप्टन सौरभ कालिया के शव के साथ भी पकिस्तान ने ऐसा ही सलूक किया था और सर कलम करने वाले एक  पाकिस्तानी जवान को 5 लाख रुपये के पुरस्कार से नवाजा था ।

       सुधाकर सिंह  और हेमराज के साथ की गई इस अमानवीय कार्यवाही ने हमें यह सोचने के लिए मजबूर कर दिया है अब पकिस्तान के साथ  किस मुह से हम दोस्ती का हाथ बढ़ाये ? पकिस्तान के साथ दोस्ती का आधार क्या हो वह भी तब जब वह लगातार भारत की पीठ पर छुरा भौंकते  हुए लगातार विश्वासघात ही करता जा रहा है । इस दुस्साहसिक कारवाई  की जहाँ पूरे देश   में निंदा  हुई है वहीँ आम आदमी अब भारतीय नीति नियंताओ से सीधे सवाल पूछ रहा है कि अब समय आ गया है जब पकिस्तान से सारे रिश्ते तोड़ लिए जाएँ तो यह वाजिब सवाल है ।  यही नहीं विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज अगर इस बार सरकार  के द्वारा  की  जाने वाली हर कार्यवाही के समर्थन में कदमताल कर रही हैं तो यह सही भी है क्युकि  लगातार होते हमलो से हमारा  धैर्य अब जवाब दे रहा है । बीते एक बरस में लाइन ऑफ़ कंट्रोल  में मुठभेड़  की यह 70 वी घटना है जहाँ पकिस्तान की मंशा इसके जरिये भारत में उन्माद फैलाने की ही रही है ।

     असल में  कारगिल के दौर में भी पकिस्तान ने भारत के साथ ऐसा ही सलूक किया था  ।  हमारे प्रधानमंत्री वाजपेयी रिश्तो  में गर्मजोशी लाने लाहौर बस से गए लेकिन  नवाज  शरीफ  को अँधेरे में रखकर मिया मुशर्रफ  कारगिल की पटकथा तैयार करने में लगे रहे । इस काम में उनको पाक की सेना का पूरा सहयोग मिला था । इस बार की कहानी भी पिछले बार से जुदा नहीं है । अपने कार्यकाल के अन्तिम पडाव पर खड़े पाक सेनाध्यक्ष अशफाक कियानी भारत के साथ रिश्तो को सुधारने के बजाए बिगाड़ना चाहते हैं । यह उनके द्वारा दिए गए हाल के बयानों में साफ़ झलका है । अभी कुछ दिनों पूर्व उन्होंने भारत को चेताते हुए कहा था समय आने पर भारत को माकूल जवाब दिया जायेगा । इसकी परिणति हमारी सेना के दो जवान खोने के रूप मे हुई है । पुंछ   की इस कार्यवाही में कियानी का पाक के सैनिको को  पूरा समर्थन रहा है ।  पाक में सरकार तो नाम मात्र की है वहां पर चलती सेना की ही है और बिना सेना के वहां पर पत्ता भी नहीं हिला हिलता  । कट्टरपंथियों की बड़ी जमात वहां ऐसी है जो भारत के साथ सम्बन्ध सुधरते नहीं देखना चाहती है ।  ऐसी सूरत में अगर हम बार बार उससे दोस्ती का राग  छेड़ते है  तो यह हजम नहीं होता क्युकि  छलावे के सिवा यह कुछ भी नहीं है ।


          दुखद पहलू यह है पाक जहाँ  इस बर्बरतापूर्ण कार्यवाही में अपना हाथ होने से अब भी साफ़ इनकार कर रहा है वहीँ भारत सरकार  कह रही है वह हमारे सब्र का इम्तिहान नहीं ले तो यह पहेली किसी के गले नहीं उतर रही । आखिर कब तक हम पाक के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाते रहेगे  और बातचीत से मेल मिलाप बढ़ायेंगे जबकि हर मोर्चे पर वह हमको धोखा ही धोखा देता आया है । इस घटना के बाद हमारे नीतिनियंताओ को यह सोचना पड़ेगा  अविश्वास की खाई  में दोनों मुल्को की दोस्ती में दरार पडनी  तय है । अतः अब समय आ गया है जब हम पाक के साथ अपने सारे सम्बन्ध तोड़ डालें । हमें अपने उच्चायुक्त को पाक से वापस बुला लेना  चाहिए ताकि पाक के चेहरे को पूरी दुनिया में बेनकाब किया जा  सके ।

  मुंबई  में 26/11 के हमलो में भी पाक की संलिप्तता पूरी दुनिया के सामने ना केवल उजागर हुई थी बल्कि पकडे गए आतंकी कसाब ने  यह खुलासा  भी किया हमलो की साजिश पाकिस्तान में रची गई जिसका मास्टर माइंड हाफिज मोहम्मद  सईद  था । हमने मुंबई हमलो के पर्याप्त सबूत पाक को सौंपे भी लेकिन आज तक वह इनके दोषियों पर कोई कार्यवाही नहीं कर पाया है । आतंक का सबसे बड़ा मास्टर माईंड हाफिज पाकिस्तान में खुला घूम रहा है और  भारत  के खिलाफ लोगो को जेहाद छेड़ने के लए उकसा भी रहा है लेकिन आज तक हम पाक को हाफिज के मसले पर ढील ही देते रहे हैं  यही कारण  है वहां की सरकार  उसे पकड़ने में नाकामयाब रही है ।  2001 में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में हमले के बाद उसके जमात उद  दावा ने  कश्मीर के ट्रेंनिग कैम्पों में घुसकर युवको को  जेहाद के लिए प्रेरित किया । अमेरिका द्वारा उसके संगठन  को प्रतिबंधित  घोषित  करने  और उस पर करोडो डालर के इनाम रखे जाने के बाद भी पाकिस्तान  सरकार  ने उसे कुछ दिन लाहौर की जेल में पकड़कर रखा और जमानत पर रिहा कर दिया । आज  पाकिस्तान  उसे   पाक में होने को सिरे से नकारता रहा है जबकि असलियत यह है पुंछ की इस बर्बर कार्यवाही में हाफिज की संलिप्तता एक बार फिर से उजागर हुई है । बताया जाता है सप्ताह भर पहले उसको
मेंढ़र इलाके से सटे पाकिस्तान के कब्जे वाले पी ओ  के में  देखा गया था जिसने पाकिस्तान के कट्टरपंथियों के साथ भारत में घुसपैठ बढाने की कार्ययोजना को तैयार किया था ।  भारतीय गृह मंत्रालय भी अब इस बात को मान रहा है उस इलाके में हाफिज नजर आया था । भारत के खिलाफ इस साजिश  को अंजाम देने में उसे पाक की सेना का पूरा सहयोग मिला लेकिन पाकिस्तान को देखिये वह  अपनी सेना की करतूत को इस पूरे मामले में नकार रहा है । अब ऐसे हालातो में हम उससे बेहतर सम्बन्ध कैसे बना सकते हैं ?

 26 / 11 के हमलो के बाद भारत ने  जहाँ कहा था जब तक 26 /11 के दोषियों पर पाक  कार्यवाही नहीं करेगा तब तक हम उससे कोई बात  नहीं  करेंगे लेकिन आज तक उसके द्वारा दोषियों पर कोई कार्यवाही ना किये जाने के बाद भी हम 200 बिलियन व्यापार , वीजा  नियमो में ढील , क्रिकेट के आसरे अगर इस दौर में निकटता बढा रहे हैं तो यह हमारी लुंज पुंज विदेश नीति वाले रवैये को उजागर करता है । पिछले साल भारत दौरे पर आये रहमान मालिक से जब 26 /11 के बारे में हमने पुछा तो उन्होंने कहा इवाइडेंस और आरोपों में भेद होता है । अगर भारत सबूत पेश करता है तो पाक 26/11 के दोषियों को सजा देगा । लेकिन यह कैसा सफ़ेद झूठ  है । भारत तो पहले  ही पाक को सभी सबूत पेश कर  चुका  है लेकिन पाक उस पर कोई कार्यवाही  क्यों नहीं करता ?  अब तो  हर घटना में अपना  हाथ होने से इनकार करना पाक का शगल ही बन गया है । लाइन ऑफ़ कंट्रोल पर युद्ध विराम तो नाम मात्र का है इसके बावजूद भी उस पूरे इलाके में सैनिको के बीच अकसर तनाव देखा जा सकता है और फायरिंग की घटनाएं आये  दिन होती रहती हैं । सर्द मौसम में कोहरे की आड़ में भारतीय सेना में घुसपैठ की कार्यवाहियां अब पाक की सेना कर  रही है  क्युकि  इस दौर में जम्मू में शांति ही शांति रही है । पाक  का पूरा ध्यान अपने अंदरूनी झगडो  और तालिबान में लगा रहा है । उसे लगता है अगर ऐसा ही जारी रहा तो आने वाले दिनों में कश्मीर उसके हाथ से निकल जायेगा । अतः ऐसे हालातो में वह अब लश्कर और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे संगठनो को पी ओ  के  में भारत के खिलाफ एक  बड़ी जंग लड़ने के लिए उकसा रहा  है जिसमे कई कट्टरपंथी संगठन उसे मदद कर रहे हैं । पाक की राजनीती का असल सच किसी से छुपा नहीं है । वहां पर सेना कट्टरपंथियों का हाथ की कठपुतली ही  रही है । सरकार तो नाम मात्र की लोकत्रांत्रिक  है  असल नियंत्रण तो सेना का हर जगह है ।  पाक इस बार यह महसूस कर रहा है अगर समय रहते उसने भारत के खिलाफ अपनी जंग शुरू नहीं की तो कश्मीर का मुद्दा ठंडा पड  जायेगा । अतः वह भारतीय सेना को अपने निशाने पर लेकर कट्टरपंथियों की पुरानी  लीक पर चल निकला है । आने वाले दिनों में अफगानिस्तान से अमरीकी सेनाओ की वापसी  तय मानी जा रही है ।  ऐसे में भारत को चौकन्ना रहने की जरुरत है  क्युकि  अमेरिकी  सैनिको की वापसी के बाद पाक में कई कट्टरपंथी सेना के जरिये भारत में घुसपैठ तेज कर सकते हैं । कश्मीर का राग पाक का पुराना राग है जो दोस्ती के रिश्तो में सबसे बड़ी दीवार है । ऐसे दौर में हमें पाक पर ज्यादा ध्यान देने की जरुरत है । हमारी सेना को ज्यादा से ज्यादा अधिकार सीमा से सटे इलाको में मिलने चाहिए ।


                         2 जवानो की हत्या के बाद अब भारत को पाक के साथ सख्ती से पेश आना चाहिए । उसे किसी तरह की ढील नहीं मिलनी चाहिए । पकिस्तान हमारे धैर्य  की परीक्षा ना ले अब ऐसे बयान देकर काम नहीं चलने वाला क्युकि  इस घटना ने हमारे  सैनिकॊ  के मनोबल को   गिराने का काम किया है । पाक के साथ भारत को अब किसी तरह की नरमी नहीं बरतनी चाहिए और कूटनीति के जरिये अंतर्राष्ट्रीय स्तर  पर उसके खिलाफ माहौल बनाना  चाहिए  साथ ही अमेरिका सरीखे मुल्को से बात कर यह बताना  चाहिए  आतंक के असल सरगना पकिस्तान में  पल रहे हैं और आतंकवाद के नाम पर दी जाने वाली हर मदद का इस्तेमाल पाक दहशतगर्दी फैलाने में कर रहा है । इस समय पाक को  तकरीबन 3 अरब से ज्यादा की सालाना  इमदाद अमेरिका के आसरे मिल रही है जिससे पाक की माली हालत कुछ सुधरी है अन्यथा वहां की अर्थव्यवस्था तो पटरी से उतर चुकी है । आर्थिक विकास  दर  जहाँ लगातार घट रही है वहीँ आतंक के माहौल के चलते कोई नया निवेश नहीं हो पा रहा है । घरेलू गैस से लेकर तेल की बड़ी कीमतों ने संकट बढाया  है तो  वहीँ दैनिक उपभोग की चीजो के दाम आसमान छू रहे हैं । अगर पाक को विदेशो से मिलने वाली मदद इस दौर में बंद हो जाए तो उसका दीवाला निकल जायेगा । ऐसी सूरत में कट्टरपंथियों के हौंसले भी पस्त हो जायेंगे । तब भारत  पी ओ के में चल रहे आतंकी शिविरों को अपना निशाना बना सकता है ।  माकूल कार्यवाही के लिए यही समय बेहतर होगा ।  अब समय आ गया है जब पाक के खिलाफ भारत बातचीत के विकल्पों से इतर कोई बड़ी कार्यवाही की रणनीति  अख्तियार करे क्युकि एक के बाद एक झूठ  बोलकर पाक हमें धोखा दे रहा है और कश्मीर के मसले के अन्तरराष्ट्रीयकरण  के पक्ष में खड़ा है ।

                   आज तक हमने पाक के हर हमले का जवाब बयानबाजी से ही दिया है । भारत सरकार धैर्य , संयम  की दुहाई देकर हर बार लोगो के सामने सम्बन्ध सुधारने की बात दोहराती रहती है ।  इसी नरम रुख से पाक का दुस्साहस इस कदर बढ  गया है  वह हमारे जवानो के शव धड से अलग कर अंतरराष्ट्रीय नियमो का उल्लंघन करता है और कश्मीर पर मध्यस्थता का पुराना राग छेड़ता  रहता है ।यह दौर भारतीय नीति नियंताओ के लिए असली परीक्षा का है  क्युकि  उसी की नीतियां अब पाक के साथ भारत के भविष्य को ने केवल तय कर सकती है बल्कि अंतरराष्ट्रीय  मोर्चे पर यह मामला उसकी कूटनीति के आसरे दुनिया तक पहुच सकता है । लेकिन दुर्भाग्य है वोट बैंक के स्वार्थ के चलते हम अपने जवानो की शहादत का बदला लेने के बजाए धैर्य और संयम की दुहाई देकर पाक के साथ सम्बन्ध हर बार  सुधारने की बात  दोहराते  रहे हैं । दुर्भाग्य है आज इस देश में ना तो इंदिरा गाँधी सरीखा नेतृत्व किसी के पास बचा है और ना ही वाजपेयी सरीखी  विदेश नीति । क्या करें सारी  कवायद तो इस दौर में विदेशी निवेश बढाने और   मनमोहनी  इकोनोमिक्स  के आसरे विकास की लकीर खींचने और अमरीकी कंपनियों को लाभ पहुचाने में लगी है । सीमा पर देश की रक्षा करने वाले जवानो के दुःख दर्द को महसूस करने की छमता किसी राजनेता में नहीं बची है । यही नहीं जय जवान जय किसान का नारा लगाने वाले शास्त्री सरीखे नेता भी इस दौर में नहीं हैं जो ईंट का जवाब पत्थर से देने वाली लीक पर चला करते थे । अगर ऐसा होता तो सौरभ कालिया के दौर की पुनरावृत्ति  इस देश में नहीं होती ।

Saturday, 12 January 2013

करिश्माई व्यक्तित्व के धनी थे विवेकानंद


150 वां जयंती वर्ष  

भारत के कण कण में कभी देवो का वास था और यहाँ की धरा को कभी  सोने की चिड़िया  भी  कहा जाता था ।  इसी धरा को कई महापुरुषों  ने अपने जन्म से धन्य  किया है ।  त्याग, सहनशीलता, गुरु भक्त और देशभक्त  सरीखे गुणों से युक्त महापुरुष इतिहास के  किसी भी कालखंड में मिलना मुश्किल हैं लेकिन विवेकानन्द जिन्हें उस दौर में नरेन्द्रनाथ नाम से पुकारा जाता था एक ऐसा नाम है जिन्होंने  करिश्माई व्यक्तित्व के किरदार को एक दौर में जिया । आज भी लोग गर्व से उनका नाम लेते हैं और युवा दिलो में  वह  एक आयकन  की भांति बसते हैं ।   इतिहास के पन्नो में विवेकानंद का दर्शन उन्हें एक ऐसे महाज्ञानी व्यक्तित्व के रूप में जगह देता है जिसने अपने ओजस्वी विचारो के द्वारा दुनिया के पटल पर भारत का नाम बुलंदियों के शिखर पर पहुँचाया । उनके द्वारा दिया गया वेदान्त दर्शन भारतीय  दर्शन की एक अनमोल धरोहर है । 

                   विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कलकत्ता में विश्वनाथ और भुवनेश्वरी  देवी के घर हुआ था । बचपन में नरेन्द्रनाथ नाम से जाने जाने वले विवेकानंद काफी चंचल प्रवृति के थे । उनकी माता भगवान की अनन्य उपासक थी लिहाजा माँ के सानिध्य में वह भी ईश्वर प्रेमी हो गए । बचपन में विवेकानंद की माँ इन्हें रामायण की कहानी सुनाती  थी तो इसको यह बड़ी तन्मयता से सुनते थे । रामायण में हनुमान के चरित्र ने उस दौर में इनके जीवन को खासा प्रभावित किया ।   साथ ही अपनी माँ  की तरह वह भी शिवशंकर के अनन्य भक्त हो गए । कई बार वह शिव से सीधा साक्षात्कार करते मालूम पड़ते थे और अपनी माँ से कहा करते कि  उनमे शंकर का वास है । यह सब सुनकर इनकी माँ चिंतित हो उठती कि उनका यह बेटा कहीं बाबा सन्यासी ना बन जाए । 


                बचपन से ही नरेन्द्रनाथ पढाई  लिखाई  में रूचि लेने लगे । पढाई  में यह अव्वल दर्जे के छात्र थे इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है जो चीज एक बार यह पद लेते उसे कभी भूलते नहीं थे ।  गुरुजनों के प्रति इनका सम्मान उस दौर में भी देखते ही बनता था । बड़े होने पर भी गुरु से इनका लगाव बना रहा । विवेकानंद का मानना था कि जीवन में सफल होने के लिए अच्छा  गुरु मिलना जरुरी है क्युकि  गुरु ही अन्धकार से ज्ञान के प्रकाश की तरफ ले जाता है । बचपन से ही गुरु के अलावे आध्यात्मिक  चीजो की तरफ इनका  झुकाव  हो गया और इसी दौरान मुलाकात  राम कृष्ण परमहंस से हुई जिन्होंने इन्हें अपना मानस पुत्र घोषित कर दिया ।  परमहंस की दी हुई हर शिक्षा को विवेकानंद ने अपने जीवन में ना केवल उतारा  बल्कि लोगो को भी इसके जरिये कई सन्देश दिए जिसने आगे बदने की राह खोली ।  जीवन के अंतिम पडाव पर परमहंस सरीखे गुरु ने जब विवेकानंद को अपने पास बुलाया और कहा  अब मेरे जाने की घड़ी  आ गई है तो विवेकानंद बड़े भावुक हो गए लेकिन परमहंस  गुरु ने जनसेवा का जो गुरुमंत्र इन्हें दिया उसका प्रचार , प्रसार विवेकानंद ने देश , दुनिया में किया । विवेकानंद युवा तरुणाई पर भरोसा करते थे और ऐसा मानते थे अगर कुछ नौजवान उनको मिल जाएँ तो वह पूरी मानव जाति  की सोच को बदल सकते हैं ।                                          
            11 सितम्बर  1893 का दिन इतिहास में  अमर है  । इस दिन अमेरिका में विश्व धर्म सम्मलेन का आयोजन किया जिसमे दुनिया के कोने कोने से लोगो ने शिरकत की । उस दौर में भारत के प्रतिनिधित्व की जिम्मेदारी इन्ही के कंधो पर थी । गेरुए कपडे पहने विवेकानन्द ने  अपनी वाणी से वहां पर मौजूद जनसमुदाय को मंत्र मुग्ध कर दिया ।  जहाँ सभी अपना भाषण   लिखकर लाये थे  वहीँ विवेकानंद ने अपना मौखिक भाषण दिया । दिल से जो निकला वही बोला और जनसमुदाय के अंतर्मन को मानो  झंकृत ही कर डाला । उनके शालीन अंदाज ने लोगो  को  उन्हें सुनने को मजबूर कर दिया ।  

धर्म की  व्याख्या  करते हुए वह बोले जैसे सभी नदियां  अंत में समुद्र में जाकर मिलती है वैसे ही  वैसे ही दुनिया में अलग अलग धर्म अपनाने वाले मनुष्य को एक न एक दिन  ईश्वर  की शरण में   जाकर ही लौटना पड़ता है । संसार में कोई  धर्म  न बड़ा है और ना ही छोटा । इस तरह उन्होंने यह कहा संसार के सभी धर्म समान है उनमे किसी भी तरह का भेद नहीं है । इस प्रकार उन्होंने अपने ओजस्वी विचारों के जरिये हिंदुत्व की नई परिभाषा उस दौर में गड़ने का काम किया ।                        

1894 में न्यूयार्क में उन्होंने वेदांत सोसाईटी बनाई तो वहीँ 1900 की शुरुवात में सेन फ्रांसिस्को में भी इसकी एक शाखा खोली ।   भारत आकर रामकृष्ण मिशन की स्थापना भी इनके  प्रयासों से ही हुई । इस दरमियान धर्म के प्रचार और प्रसार के लिए कई दौरे भी  किये  जहाँ अपने वेदांत दर्शन के जरिये उन्होंने लोगो की सोच बदलने का काम सच्चे अर्थो में किया । विवेकानन्द  के द्वारा दिया गया वेदान्त दर्शन एक अनमोल धरोहर है । विवेकानन्द एक कर्मशील व्यक्ति थे और अपने विचारो के जरिये उन्होंने समाज के सोये जनमानस को जगाने का काम किया ।  वह मानते थे प्रत्येक व्यक्ति में अच्छे आदर्शो  और भाव का समन्वय होना जरुरी है साथ ही शिक्षा को परिभाषित करते हुए यह कहा अपने पैरो पर खड़ा होने जो चीज सिखाये वह शिक्षा है । 

विवेकानन्द ने वेदांत को नया रूप देकर उसे मोक्ष में बदलने का काम सही मायनों में करके दिखाया । विवेकानन्द को  आज हम इस रूप में याद करे कि  उनके द्वारा दिया गया दर्शन हम अपने में आत्मसात करें, साथ ही अपने जीवन में कर्म को प्रधानता दें तो कुछ बात बनेगीं  । बेहतर होगा युवा पीड़ी उनके विचारो से कुछ सीखे  और उनको आयकन बनाने के बजाए उनकी शिक्षा को अपने में उतारे और प्रगति पथ पर चले ।

Wednesday, 9 January 2013

भाजपा का कल्याण ........

चाहे कल्याण सिंह के बारे में कैसे ही कयास क्यों ना लगाये जायें लेकिन उनकी भाजपा में वापसी लगभग  तय मानी जा रही है । इसके संकेत कल्याण  सिंह के भाजपा के प्रति उमड़ रहे प्रेम से दिखाई दे रहे है जब 25 दिसंबर को पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी  के जन्म दिन के मौके पर एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे कल्याण ने अटल  बिहारी की तारीफों में कसीदे पड़े जिसके बाद उनकी भाजपा में वापसी की पटकथा लगभग तैयार हो चुकी है ।  माना जा रहा है आगामी 21 जनवरी को एक सादे समारोह में उनकी राष्ट्रीय क्रांति पार्टी का भाजपा में विलय होगा । हालाँकि कल्याण की नजरें फिलहाल  आने वाले लोक सभा चुनावो पर लगी हुई हैं जहाँ अपने बेटे राजवीर के लिए वह लोक सभा चुनावो  की बिसात बिछा  रहे हैं ।  भाजपा भी कल्याण सिंह  के चेहरे और जनाधार को बखूबी समझती है शायद तभी उत्तर प्रदेश में उनके प्रभाव वाली सीटों पर इस बार वह उनको फ्री हैण्ड  दे सकती  है । उत्तर प्रदेश में मिली करारी पराजय ने भाजपा को अपने गिरेबान में झांकने को मजबूर कर दिया है लिहाजा वह फिर से कल्याण की शरण में जाने को मजबूर हुई है ।

                          भाजपा को छोड़ते समय कल्याण का मिजाज कुछ अलग था लेकिन अटल जी के जन्म दिवस पर हिंदुत्व की जैसी राग भैरवी  तान कल्याण ने छेड़ी है उसने भाजपा को भी  पार्टी में वापस लाने को मजबूर कर दिया है । वह भी एक दौर था जब कल्याण ने कभी भाजपा में वापस ना लौटने  की बात  दोहराई थी लेकिन अब लोक सभा चुनावो की बेला पास आते देख कल्याण ने यू टर्न ले लिया है । भाजपा भी इस दौर में उत्तर प्रदेश में  वैंटिलेटर पर है और इस दौर में अकेला कल्याण का ऐसा चेहरा है जिसके बूते वह लगातार नीचे जा रहे अपने प्रदर्शन को  कुछ हद तक सुधार सकती है ।  शायद इसी के मद्देनजर दिल्ली  में भाजपा के संसदीय बोर्ड और शीर्ष नेताओ ने पहली बार कल्याण की  भाजपा में  वापसी  के संकेत दिए हैं ।  हालाँकि संघ उनकी वापसी का शुरू से हिमायती रहा है ।  पार्टी अध्यक्ष गडकरी  उनकी वापसी का रास्ता  उमा भारती  की तर्ज  पर बनाने में  पिछले कुछ समय लगे हुए थे लेकिन यू पी में कल्याण विरोधी बड़ा खेमा उनकी राह में   सबसे बड़ा  रोड़ा बना हुआ था । लेकिन इस बार पार्टी की यू पी में लगातार गिरती हुई साख को देखते हुए कल्याण के मसले पर विरोध के स्वर कुछ  कम हुए हैं और यही वजह है  पहली बार राजनाथ सिंह सरीखे उनके  धुर  विरोधी  नेता कल्याण की भाजपा में वापसी को लेकर आशान्वित हैं । समय समय पर कल्याण के बंगले में होने वाली दोनों की ये मुलाकातें बहती हवा का संकेत तो बीते बरस से दे  ही रही हैं लेकिन दोनों के बीच सीटो के बटवारे को लेकर  अभी भी सहमति  बनती नहीं दिख रही है । साथ ही कल्याण के निर्दलीय सांसद होने से दिक्कतें पेश आ रही है क्युकि  आने वाले लोक सभा चुनावो में कल्याण अपने साथ अपने बेटे राजवीर के लिए भी लोक सभा का टिकट मांग सकते हैं । 


               कल्याण सिंह के जाने के बाद से उत्तर प्रदेश में भाजपा  अपने को अनाथ महसूस कर रही है  क्युकि वर्तमान में कोई नेता उनके जाने से रिक्त हुई जगह की भरपाई नहीं कर पाया । तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे कल्याण नब्बे के दशक में संघ परिवार का बड़ा चेहरा रहे हैं जिनका नाम बाबरी  विध्वंस  केस में भी  जुड़ा ।  अपने कार्यकाल में यू पी में भाजपा को कल्याण सिंह ने नई  ऊंचाई  पर पहुचाया । राम जन्म भूमि आन्दोलन के  उस दौर में रामलला हम आयेंगे मंदिर यहीं बनायेंगे के नारे कल्याण लगाते जहाँ पाए गए वहीँ उस दौर को अगर हम याद करें अपने को पिछडो के बड़े नेता के तौर पर उन्होंने  स्थापित किया । यही वह दौर भी रहा जब विध्वंस के समय वह 24 घंटे के लिए जेल भी गए और छूट भी आये । उस दौर में कल्याण  को ट्रम्प कार्ड के तौर पर इस्तेमाल कर  भाजपा ने ब्राहमणों , राजपूतो के अलावे पिछडो के एक बड़े वोट बैंक की गोलबंदी अपने पाले में की ।  इसके बाद 1999  में पार्टी नेताओ के कुप्रबंधन ने कल्याण को भाजपा छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया था ।  .1999 में उन्होंने अपनी खुद की राष्ट्रीय क्रांति पार्टी  बनाई  ।   उस दौर में कई लोगो को कल्याण की कुसुम राय  से मित्रता  रास नहीं आई । कुसुम लखनऊ की जब पार्षद हुआ करती थी तो दोनों एक दूजे के करीब आ गए । शास्त्री भवन इसका गवाह रहा । कल्याण कभी  कुसुम की राय को अनसुना नही किया करते थे तभी उनको राज्य सभा का सांसद भी  बनाया ।   उस दौर  में "जहाँ बाबू  जी जायेंगे वहां मैं जाउंगी " के नारे का तो कुसुम ने  जनाजा निकाल दिया  क्युकि  राज्य सभा में  होने के चलते अगर वह भाजपा  का साथ छोडती तो उनको राज्य सभा की  सदस्यता से भी हाथ धोना  पड़ता । खैर कल्याण जान गए पार्टी से बाहर होने का खामियाजा क्या होता है ?    जनवरी 2004 में भाजपा में वापस भी  आ गए । भाजपा ने उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया  ।  बुलंदशहर  से लोक सभा का चुनाव भी लडाया  लेकिन 20 जनवरी 2009 को भाजपा को फिर से  गुड बाय कहकर मौलाना मुलायम का दामन थाम लिया । इस बार का लोक सभा चुनाव उन्होंने एटा से निर्दलीय जीतकर भाजपा के बड़े नेताओ को आइना दिखा दिया ।  नवम्बर 2009 में फिरोजाबाद उपचुनाव में मुलायम की पार्टी की नाक कट गई और मुलायम को कल्याण के चलते भारी नुकसान  उठाना पड़ा जिसके बाद कल्याण ने सपा छोड़ी और राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के रथ  पर सवार हुए । 2010 में कल्याण ने अपने को संघ का सच्चा सेवक बताया लेकिन भाजपा में फिर से  शामिल होने को नकार दिया ।       

2009 में कल्याण ने भाजपा इसलिए छोड़ी क्युकि  वह बुलंदशहर से अपने बेटे राजबीर के लिए टिकट मांग रहे थे लेकिन पार्टी आलकमान ने यहाँ से अशोक प्रधान को टिकट दे दिया । खुद आडवानी उस दौर में कल्याण के  खिलाफ चले गए ,कल्याण ने भाजपा को भला बुरा कहा । जाहिर है भाजपा छोड़ने के बाद राष्ट्रवादी क्रांति  पार्टी के जरिये वह लोगो के बीच भी गए लेकिन पार्टी यू पी में कोई बड़ा आधार और संगठन  तैयार नहीं कर सकी । इतना जरुर है कल्याण के  भाजपा छोड़ने के बाद भाजपा  यू  पी में नेताविहीन पार्टी हो गई । रही सही कसर अटल जी के  संसदीय  राजनीती से सन्यास ने पूरी कर दी जिसके बाद भाजपा में अंतर्कलह बढ़ गई । रमापति राम त्रिपाठी ,लाल जी टंडन , अरुण जेटली, राजनाथ सिंह , सूर्या प्रताप शाही  के जरिये भाजपा यू पी के सियासी अखाड़े में उतरी लेकिन विधान सभा चुनावो, पंचायत चुनावो  से लेकर लोक सभा चुनाव तक कुछ ख़ास करिश्मा नहीं कर सकी ।  लाल जी टंडन के पास जहाँ अटल  जी की खडाऊ के सिवाय कुछ नही था तो वहीँ कलराज मिश्र संगठन के आदमी थे जिन्हें पार्टी अक्सर पिछले दरवाजे से राज्य सभा और विधान परिषद  भेजती  थी । यही हाल अरुण जेटली का भी रहा ।  उनका हाल भी राजनाथ सिंह सरीखा हो गया जिन्होंने अपने जीवन में चुनाव लड़ने के बजाए अक्सर कलराज की तरह बैक डोर से ही संसदीय राजनीति की ।  शाही भी राज्य के  सियासी पारे का बैरोमीटर नहीं नाप सके । ऐसी सूरत में यू पी में भाजपा की सेहत गिरनी ही थी । योगी आदित्यनाथ , विनय कटियार को भी पार्टी ने  भाव नहीं दे रही थी जिसके चलते  इनका प्रभाव केवल अपनी  विधान सभा सीटो  तक ही सिमट कर रह गया । रही सही कसर कल्याण ने पार्टी छोड़कर पूरी कर दी ।

                 
 6 दिसंबर 1992 को बाबरी विध्वंस का दाग कल्याण पर जरुर लगा लेकिन पिछड़ी जतियो में कल्याण की मजबूत पकड़ का लोहा उनके विरोधी भी मानते हैं । शायद एक दौर में मौलाना मुलायम भी उनको साथ लेकर यू पी के पचास फीसदी वोट अपने पाले में लाने के समीकरण बना रहे थे । अब  कल्याण के भाजपा में वापस आने से भाजपा के वोट बैंक  पर प्रभाव पड़ना  तय है क्युकि उनकी खुद की लोध जाति  पर  पकड़ के साथ ही कुर्मी और अन्य  पिछड़े वर्गों पर पुरानी  ठसक  आज भी बरकरार है ।   कभी कल्याण ने ही उत्तर प्रदेश में विनय कटियार, ओ पी सिंह, रामकुमार वर्मा को राजनीती ककहरा सिखाया था और यह सब चेहरे अति पिछडो का एक बड़ा चेहरा भी बन गए थे । यू पी की तकरीबन 30 लोक सभा सीट जिनमे ,खुर्जा  अलीगढ, बुलंदशहर ,एटा ,इटावा , मैनपुरी, कन्नौज , फतेहपुर, आगरा, जालौन, हमीरपुर, बांदा और झाँसी सरीखे संसदीय इलाके शामिल हैं जहाँ पर कल्याण फैक्टर के प्रभाव को हम आज भी नहीं नकार सकते । ऐसी सूरत में कल्याण की वापसी का लाभ भाजपा को मिलना तय  है ।  पिछडो की तादात यू पी में तकरीबन 52 फीसदी है और कल्याण की पकड़ भी इसी वर्ग में मजबूत है । हिंदुत्व  का बड़ा चेहरा होने से ब्राह्मण भाजपा के पाले में आ सकते हैं । अटल जी  के राजनीती से सन्यास के बाद भाजपा के प्रति ब्राहमणों का रुख सकारात्मक  नहीं  है और यही वजह है इस दौर में वह बसपा और समाजवादी पार्टी के साथ चले गए  । राजपूतो की बड़ी तादात भी इस दौर में भाजपा से नाराज है । ऐसे में कल्याण की वापसी से भाजपा में खलबली जरुर मचेगी । साथ ही भाजपा कल्याण के जरिये उत्तर प्रदेश में अब फिर से अपना हिन्दू कार्ड चल सकती है जिससे बड़े पैमाने पर वोटो का ध्रुवीकरण भाजपा के पक्ष में हो जाए और यू पी की खोयी हुई जमीन भाजपा पा सके ।  गुजरात में मोदी की वापसी के बाद लखनऊ में लाल जी टंडन के संसदीय इलाके में जिस तरह  मोदी की अटल जी से बड़ी  तस्वीरें लगी दिख रही हैं वह राजनीती के नए मिजाज को बता रही हैं ।  इन परिस्थियों में  मोदी  यू पी के अखाड़े में अपनी बिसात बिछाते अगर आने वाले दिनों में  दिखते  हैं तो किसी को आश्चर्य नहीं होना चाहिए ।  इस काम में उनको उमा भारती का साथ मिल सकता है ।   ऐसे में वह वरुण गाँधी को अपना बड़ा चेहरा आने वाले चुनावो में बना सकते  है ।
               
                        लेकिन यह सवाल अब भी बना है क्या भाजपा 90 के दशक वाला इतिहास दोहरा पायेगी ? ऐसी पार्टी जो राम मंदिर आन्दोलन की आंधी में केंद्र की सत्ता में आई क्या वह उत्तर प्रदेश में अपनी खोयी जमीन वापस पायेगी यह सवाल अहम होगा ? लेकिन असल सवाल तो कल्याण के सामने खड़ा है क्या भाजपा में वह अपना पुराना खोया हुआ सम्मान हासिल कर पाएंगे ? उनके साथी नेता उन्हें किस रूप में स्वीकारते हैं यह भी देखने वाली बात होगी क्युकि इन्ही पुराने नेताओ की राजनीती ने कल्याण को कभी भाजपा छोड़ने पर मजबूर कर दिया था । ऐसे में भाजपा में कल्याण की वापसी सवालों को पैदा  तो जरुर करेगी ।

Saturday, 5 January 2013

टूटने लगा धोनी की कप्तानी का तिलिस्म .......

आज से तकरीबन दो साल पहले महेन्द्र  सिंह धोनी की अगुवाई में जब टीम इंडिया ने वर्ल्ड कप अपने नाम किया था तो क्रिकेट के करोड़ो भारतीय प्रशंसकों को उम्मीद थी कि आने वाले दिनों में टीम इंडिया जीत की गौरव गाथा इतिहास के पन्नो में लिखेगी लेकिन उन  प्रशंसकों को धोनी  और उनकी टीम ने निराश कर दिया है ।

सीरीज दर सीरीज हार टीम इंडिया के पतन की पटकथा लिख रही है । बेशक धोनी के नाम पर 2 विश्व कप जीतने और भारत के सबसे सफलतम कप्तान का रिकॉर्ड है लेकिन पिछले कुछ समय से मैच दर मैच टीम इंडिया की हार से खुद धोनी को लेकर सवाल उठने लगे हैं । अपनी घरेलू पिचों पर जहाँ टीम इंडिया के बल्लेबाजो का बल्ला नहीं चल पा रहा है वहीँ घरेलू स्पिन ट्रेको पर पर भी हमारे गेंदबाज बेअसर साबित हो रहे हैं । तेज गेंदबाज जहीर खान की बढती  उम्र जहाँ इस दौर में धोनी की सबसे बढ़ी मुश्किल बन गई है वहीँ फेबुलस फोर  गांगुली, द्रविड़ , लक्ष्मण  और फिर सचिन के संन्यास के बाद कोई भी युवा खिलाडी अपने को टीम में इस दौर में साबित नहीं कर पाया है ।

क्रिकेट के पंडितो की मानें तो बतौर कप्तान धोनी इस समय टीम इंडिया में एक बड़ी त्रासदी झेल रहे हैं क्युकि  जिस युवा टीम इंडिया को भविष्य की टीम बताया जा रहा है  उसी  टीम में युवा खिलाडियों का प्रदर्शन फीका हो चला  है। विदेशी सरजमीं पर टीम इंडिया की हार में कई बहाने चल जाते थे लेकिन आज तो अपनी टर्न लेनी वाली पिचों पर  जहाँ टीम इंडिया का वर्चस्व कई वर्षो से बना है वहां पर यह टीम एक के बाद एक मैच हारती ही जा रही है जो कई सवालों को तो पैदा करता ही है ।

                      दरअसल हार और जीत तो खेल का एक अंग है लेकिन टीम इंडिया की लगातार एक के बाद एक हार को हमारे करोडो क्रिक्रेट प्रशंसक नहीं पचा पा रहे हैं । बीते साल जहाँ  इंग्लैंड ने टीम इंडिया को 28 साल बाद उसी के घर में मात  दी वहीँ इस साल की शुरुवात में हम पाकिस्तान की टीम के साथ वन डे सीरीज  7 साल बाद  गवा चुके हैं । ऐसे में प्रशंसको का निराश होना लाजमी ही है ।इस हार के कारणों की विवेचना अगर हम करें तो लगातार खेली जा रही क्रिकेट जहाँ खिलाडियों और टीम की फिटनेस को नुकसान पहुंचा रही है वहीँ ट्वेंटी ट्वेंटी और आई पी एल ने टीम इंडिया का बेडा गर्क कर दिया है ।

युवा खिलाडियों का दिल इस दौर में अपना प्रदर्शन सुधारने से ज्यादा  आई पी एल के आसरे पैसा कमाने और मुनाफा बनाने में लगा हुआ है। पैसे की इस चकाचौंध तले  अब इन युवा खिलाडियों को  अपने देश के लिए खेलने में ज्यादा मजा भी नहीं आता क्युकि आई पी एल की देर रात तक चलने वाली पार्टियों में थिरकना उनका शगल इस दौर में बन चुका  है । टीम इंडिया को इस बार सीनियर खिलाडियों की कमी सबसे ज्यादा खल रही है ।  इस वेक्यूम को कोई जूनियर खिलाडी अब तक नहीं भर पाया है । यह सीनियर खिलाडी  एक दौर में  टीम इण्डिया के लिए संकटमोचक बन दीवार की भाँति पिच पर न केवल खूंटा गाड़कर खड़े हो जाते थे बल्कि वेरी वेरी स्पेशल और मास्टर ब्लास्टर बनकर मैदान में डटकर टीम को अपने दम पर मैच जिताया करते थे ।

                       2012 टीम इंडिया के लिए अपशकुनी रहा है । बीते  दौर में जहाँ कई सीनियर खिलाडियों ने क्रिकेट को  अलविदा कहा वहीँ 4 महत्वपूर्ण सीरीज टीम इंडिया ने गवाई । पाकिस्तान के साथ हाल की इस सीरीज में हार से पहले इंग्लैंड के हाथो हम बुरी  तरह पिट  चुके हैं तो ट्वेंटी ट्वेंटी वर्ल्ड  कप में करारी हार से लेकर एशिया कप  और सीबी सीरीज में हर जगह धोनी की इस टीम की भदद ही पिटी  है । जबकि आज से दो साल पहले विश्व चैम्पियन हम बने थे । विश्व कप जीतने के बाद से हमारी इस टीम ने ऐसा  कुछ कमाल  नहीं किया है जो हम कह सकें धोनी के शेर चैम्पियन हैं । 2012 में खेले गए 17 वन डे मैचो में जहाँ भारतीय टीम को 10 मैचो में हार मिली है वहीँ 8 टेस्ट मैचो में में हम केवल 3 मैच ही जीत सके हैं और इन सबके  बीच टीम ने वेस्ट इंडीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू दो -दो मैचो की टेस्ट सीरीज ही जीती है ।

  किसी भी टीम में कप्तान की महत्वपूर्ण भूमिका होती है । लेकिन हमारे कप्तान धोनी खेल के हर मैदान में अपना वह प्रदर्शन नहीं दिखा पाए हैं जिसके लिए उन्हें जाना जाता है । 2011 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद से धोनी की कप्तानी  का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है और आज हालात इस कदर बेकाबू हो गए हैं कि धोनी अर्श से फर्श पर आ चुके हैं । बीते 2 बरस में धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 32 पारियों में 14 बार जहाँ बमुश्किल 20 का आंकड़ा छू पाए हैं वहीँ 5 बार शून्य पर बोल्ड हुए हैं । वेस्ट इंडीज  के खिलाफ  एक शतकीय पारी ही इस दौर में उनकी सबसे बड़ी पारी टेस्ट मैचो में  रही है । विश्व कप 2011 के बाद से धोनी ने 27 वनडे मैच खेले। इसकी 24 पारियों में धोनी ने  हजार  रन जुटाए हैं। हाल ही में पकिस्तान के साथ की सीरीज में धोनी ने एक शतक जरुर मारा लेकिन उसके बाद भी उनकी टीम को हार का मुह ही देखना पड़ा ।

कोलकाता में दूसरे  वन डे मैच में उनकी धीमी हाफ सेंचुरी  भी टीम इंडिया को  हार  से नहीं बचा सकी   जिसके बाद चयनकर्ताओ की गाज  धोनी पर गिर सकती है । सम्भावना है धोनी से वन डे की कप्तानी छीन ली जाए और उन्हें टेस्ट और ट्वेंटी ट्वेंटी की कप्तानी का विकल्प चुनने को कहा जाए ।  इसके साथ ही टीम इंडिया से जहीर , हरभजन की तरह  अब युवराज और सहवाग का बोरिया बिस्तर बाँध दिया जाए । पूर्व राष्ट्रीय चयनकर्ता रहे श्रीकांत तो पहले ही  धोनी को कप्तानी से हटाने की बात कर चुके हैं । दीगर यह है कि किसी दौर में यही धोनी श्रीकांत के आसरे कप्तान बने थे । वहीँ पूर्व भारतीय कप्तान मोहिन्दर अमरनाथ तो पाक से हालिया सीरिज में हार के बाद धोनी को कप्तानी  हटाने का बयान  दे चुके हैं ।

वैसे जहीर, हरभजन , सहवाग और युवराज को अब अपना पूरा ध्यान अपना फॉर्म वापस  लाने में देना चाहिए जिसके लिए रणजी  क्रिकेट खेलने का सबसे बेहतर विकल्प उनके सामने खुला है । ट्वेंटी ट्वेंटी में  चकाचौंध और पैसा जरुर है लेकिन एक अच्छे खिलाडी की प्रतिभा का इससे अंदाजा नहीं लगाया  जा सकता ।  यह ट्वेंटी ट्वेंटी  तो पैसा फेंको और तमाशा देखो जैसा ही है ।

रहा सवाल धोनी की कप्तानी का तो अब उनके साथ टीम इंडिया के  कोच डंकन फ्लेचर की कोचिंग भी पहली बार सवालों के घेरे में है ।  हमें यह नहीं भूलना चाहिए यह वही डंकन हैं जिनके आसरे इंग्लैंड का प्रदर्शन बीते 7 बरस में कहाँ से कहाँ पहुच गया लेकिन संयोग देखिये  उसी डंकन की कोचिंग में  हमारी टीम इंडिया टेस्ट से लेकर वन डे और फिर ट्वेंटी ट्वेंटी में अर्श से सीधे फर्श में आ  गई  ।

आज अगर धोनी की कप्तानी जाती है तो इसकी गाज डंकन पर भी गिर सकती है । ऐसे में नए कोच को खोजना बीसीसीआई  के लिए चुनौतीपूर्ण  रहेगा । वैसे  मोहिन्दर अमरनाथ ने तो गांगुली  को कोच बनाने की पुरजोर मांग कर  डाली है जिससे भारतीय  क्रिकेट का पुराना वैभव वापस आ सकें । हमें यह नहीं भूलना चाहिए दादा ही वह कप्तान रहे जिनकी अगुवाई में  हमने देश से लेकर विदेश तक में जीतने का ककहरा सीखा था ।  आज आलम यह है टेस्ट से लेकर वन डे और ट्वेंटी ट्वेंटी में  टीम इंडिया का  खराब प्रदर्शन बदस्तूर  जारी है ।

     पाक के साथ खेली जा रही हाल की सीरीज में पहले वन डे और फिर ईडन गार्डंन्स में ख़राब खेल का मुजायरा कर टीम इंडिया ने पूरे देश को शर्मसार ही कर दिया । तमाम भारतीय सूरमाओ ने पाक के गेंदबाजो के आगे घुटने टेक  दिए  । गंभीर से लेकर सहवाग , विराट से लेकर रैना , युवराज से लेकर  जडेजा सभी कागजो में अच्छे  बल्लेबाज जरुर लगते  हैं लेकिन मैदान में इनका प्रदर्शन खराब  ही रहता है । पाक के साथ खेले गए दो वन डे में टीम इंडिया की गेंदबाजी भी बेअसर रही ।

 दूसरे  वन डे में पाक को 250 में रोकने के बाद भी हम विकेट पर टिक कर नहीं खेल सके । हमारे बल्लेबाजो ने अपनी पिछली गलतियों से कोई सबक नहीं लिया । टीम को एकजुट रखने का जिम्मा कप्तान पर होता है लेकिन धोनी को देखिये हर बार हार का ठीकरा कभी टॉप आर्डर तो कभी मिडिल आर्डर और कभी गेंदबाजो  पर फोड़ देते हैं । कोलकाता में पाक के हाथो पिटने के बाद भी ऐसा ही लगता है वह जिम्मेदारी  से बच  निकलना  चाहते हैं । रहाणे  और पुजारा  जैसे युवा इस समय अपनी सबसे अच्छी फॉर्म में हैं लेकिन उन्होंने इन दोनों को मौका देने के  बजाए युवराज और सहवाग पर ही पिछले दो मैचो  में अपना भरोसा दिखाकर  धोनी ने अपनी नाकाबिलियत को ही दिखाया है  ।

अगर इस दौर के भारतीय क्रिकेट का सच यही है तो 2015 का वर्ल्ड कप को देखते हुए इसे ठीक नहीं कहा जा सकता । अब युवाओ को ज्यादा मौके देने होंगे चाहे इसके लिए  सहवाग, युवराज सरीखे सीनियर खिलाडियों  की बलि ही क्यों ना लेनी पड़  जाए ?

जो भी हो धोनी के लिए अब पाक से हार के बाद अपनी कप्तानी बरकरार रख पाना  आसान  नहीं दिख रहा । धोनी की सबसे बड़ी ताकत  राजीव शुक्ला और बी सी सी आई  सचिव एम श्रीनिवासन रहे हैं लेकिन पाक से हार के बाद अब धोनी ने इन दोनों का भरोसा तो खो ही दिया है । ऐसे में अब आने वाले दिन धोनी के लिए खासे चुनौतीपूर्ण रहेंगे । देखना होगा धोनी इससे पार कैसे पाते हैं ?

Thursday, 3 January 2013

दिल्ली की तरफ बढ़ते मोदी के कदम............


बीते 20 दिसम्बर के दिन को याद करें । इस दिन पूरे देश की नजरें गुजरात विधान सभा चुनावो पर केन्द्रित थी ।  गुजरात के साथ ही इस दिन हिमाचल के विधान सभा चुनावो के परिणाम भी सामने आये लेकिन पूरा मीडिया मोदीमय था । तीसरी बार गुजरात को हैट्रिक लगाकर फतह करने के बाद नरेन्द्र दामोदरदास मोदी का जोश देखते ही बन रहा था । उनकी जीत ने कार्यकर्ताओ के जोश को भी दुगना कर दिया । भाजपा के अहमदाबाद  दफ्तर में उस समय  जहाँ दिवाली मनाई जा रही थी वहीँ 11 अशोका रोड स्थित भाजपा के राष्ट्रीय दफ्तर पर सन्नाटा  पसरा था । पार्टी का कोई आला नेता और प्रवक्ता न्यूज़ चैनल्स को बाईट देने के लिए उपलब्ध नहीं था । 

लेकिन संयोग देखिये 27 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद जैसे ही मोदी के कदम दिल्ली स्थित भाजपा के दफ्तर अशोका  रोड की तरफ बढे तो पूरा माहौल मोदीमय हो गया । हर कोई उनकी तारीफों में कसीदे पढता ही  जा रहा था । यह भाजपा में मोदी के असल कद का अहसास करा रहा था जब गुजरात जीतने के बाद दिल्ली के दफ्तर और तोरण दुर्गो में लगे बड़े बड़े कद के "ब्रांड मोदी " वाले पोस्टर मोदी की भारी  जीत की गवाही दे रहे थे । पोस्टरों में  मोदी के बाँए जहाँ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर लगी थी वहीँ  उनके दाएँ आडवानी और गडकरी की लगी तस्वीर । और इन सबके बीच मोदी की लगी बड़ी तस्वीर भाजपा की दिल्ली वाली ड़ी कंपनी को सही रूप में आईना दिखा रही थी । 

राष्ट्रीय विकास  परिषद की बैठक में हिस्सा   लेने दिल्ली आये मोदी के लिए यूँ तो पार्टी ने साढ़े  चार बजे का समय कार्यकर्ताओ से मिलने के लिए तय किया था  लेकिन मोदी के स्वागत के लिए सुबह से ही कार्यकर्ताओ की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी ।

  जैसे ही मोदी के कद पार्टी दफ्तर पर पड़े तो कार्यकर्ताओ ने आतिशबाजी ,ढोल नगाडो के साथ मोदी का स्वागत किया । हर कार्यकर्ता मोदी को भावी प्रधानमंत्री के रूप  में देख रहा था और यही वजह थी कि दिल्ली पहुचकर मोदी ने इशारों इशारों में इस बात के संकेत तो दे ही दिए कि गुजरात से इतर वह कोई भी नई  जिम्मेदारी  लेने को तैयार खड़े हैं । मोदी द्वारा कार्यकर्ताओ को दिए गये संबोधन में बीच बीच में पीएम - पी एम के नारों ने भी यह तो बतला ही दिया कार्यकर्ताओ के बीच  मोदी कितना लोकप्रिय चेहरा बन चुके हैं । इस दौरान कई युवा कार्यकर्ता अपने बड़े कद के इस नेता की तस्वीर  कैमरों से उतार रहे थे । हर कोई मोदी की झलक पाने को बेताब था । कोई उनके भाषण  को रिकॉर्ड कर अपने साथ  रखना चाहता था तो कोई मंच पर मोदी के साथ फोटो खिंचवाने का सुनहरा  मौका हाथ से जाने नहीं देना चाहता था । कार्यकर्ताओ में मोदी ब्रांड की यह दीवानगी  बता रही थी , अब हर कोई मोदी को दिल्ली के तख़्त पर देखना चाहता  है ।

 तो क्या माना जाए मोदी 2014 की लोक सभा की बिसात में भाजपा का सबसे बड़ा चेहरा होंगे ? क्या मोदी के कदम अब सीधे अहमदाबाद से निकलकर दिल्ली  के तख़्त की तरफ तेजी के साथ बढ़ रहे हैं ? क्या मोदी भी कुछ समय बाद अपने कार्यकर्ताओ वाली लीक पर चलने का साहस दिखायेंगे और गुजरात से निकल कर सीधे राष्ट्रीय राजनीती के केंद्र में होंगे ?
 
                 ये ऐसे सवाल हैं  जो इस समय भाजपा के आम कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के सहयोगियों और यू पी ए के सहयोगियों से लेकर कांग्रेस को परेशान कर रहे हैं । गुजरात चुनाव जीतकर मोदी ने सही मायनों में अपनी अखिल भारतीय छवि हासिल करने के साथ ही खुद को राष्ट्रीय राजनीती में फ्रंट रनर के तौर पर पेश किया है । गुजरात चुनावो से पहले यह भ्रम बन गया था कि मोदी पार्टी से बड़े हो गए हैं लेकिन हलिया  चुनाव परिणामो ने इस भ्रम को हकीकत में बदल दिया है । मोदी के बारे में उनके विरोधी ही नहीं भाजपा में उनको नापसंद करने वाली  जमात का एक बड़ा तबका इस बार मोदी की जीत  को लेकर आशंकित था ।  इस बार के चुनावो से पहले उन्होंने  मोदी का किला दरकने के प्रबल आसार  बताये थे  साथ ही 2002 , 2007 की तरह   मोदी का जादू फीका होने की बात मीडिया के सामने रखी थी लेकिन मोदी ने अपने बूते गुजरात फतह  कर यह बता दिया पार्टी में उनको चुनौती देने की कुव्वत किसी में नहीं है ।

                            अस्सी के दशक को याद करें तो उस दौर में एक बार इंदिरा गांधी ने तमाम सर्वेक्षणों की हवा  निकालकर दो तिहाई प्रचंड बहुमत पाकर संसदीय राजनीती को  आईना दिखा दिया था । इस बार मोदी ने दो सीटो के   नुकसान के बावजूद विकास के माडल को अपनी छवि के आसरे जीत में तब्दील कर दिया । जहाँ 2002 में उनकी जीत के पीछे सांप्रदायिक कारण जिम्मेदार थे वहीँ 2007 में कांग्रेस द्वारा उन्हें मौत का सौदागर बताने भर से उनकी जीत की राह आसान हो गई थी लेकिन इस बार की मोदी की जीत अहम रही ।


 विकास के नारे के आगे सारे नारे फ़ेल  हो गए । यह इस मायनों में कि जनता ने मोदी  के विकास माडल पर न केवल अपनी मुहर लगाई बल्कि मुस्लिम बाहुल्य इलाको में मुस्लिम प्रत्याशी ना उतारे जाने के बावजूद भाजपा का प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा । यही नहीं गुजरात फतह करने के बाद अब अब मोदित्व का परचम एक नई  बुलंदियों में पहुच गया है ।  

विकास और वायब्रेन्ट गुजरात का जादू लोगो पर सर चदकर बोल रहा है । उनका जादू किस कदर चला इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहरी इलाकों में 53 सीटो में से 48 सीटें भाजपा अपने नाम कर गई वहीँ अर्द्ध  शहरी इलाको की 31 सीटो में से 23 सीटें उसे मिली । इस तरह कुल शहरी इलाको की तकरीबन 84 में से 71 सीट भाजपा की झोली में आई । यह मोदी की लोकप्रियता और उनके विकास की कहानी को असल रूप में  बयाँ करवाने के लिए काफी है ।  लेकिन ग्रामीण इलाको में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा  मुकाबला देखने को मिला जहाँ पर  98 सीटो में कांग्रेस भाजपा  से 3 सीटें आगे निकल गई । वहीँ मुस्लिम इलाके जहाँ पर 20 फीसदी मुस्लिम बाहुल्य इलाका था वहां की 12 सीटो में से 8 सीट भाजपा की झोली में  सीधे गई जो यह बता रहा था  गुजरात का मुस्लिम मतदाता अब अपने को समय के साथ बदल रहा है । वह अब अपने को  मोदी के गुजरात में सुरक्षित मान कर चल रहा है ।
   
                सौराष्ट्र से लेकर मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात से लेकर उत्तर गुजरात हर जगह मोदी की तूती  ही इस चुनाव में बोली है ।पूरा गुजरात इस कदर मोदीमय था कई  समाज के नाराज तबको का समर्थन जुटाने की कांग्रेस की गोलबंदी इस चुनाव में काम नहीं आ सकी । शहरी , ग्रामीण , गैर आदिवासी ,छत्रिय समाज इस चुनाव में मोदी के साथ ही खड़ा दिखा । स्थिति यह थी सौराष्ट्र में केशुभाई पटेल की पार्टी के विरुद्ध बड़े पैमाने पर मोदी ने पटेल उम्मीदवार  उतारकर उनकी पार्टी को भी सियासी अखाड़े में धूल  चटा दी जहाँ केशु बप्पा के प्रत्याशी अपनी जमानत तक नहीं बचा सके । 


दक्षिण गुजरात में तो कांग्रेस के कददावर  चेहरे और दस जनपथ के सबसे बड़े पावर  हॉउस रहे अहमद पटेल के घर में मोदी ने सेंध लगाकर अपनी बादशाहत को सही रूप में सबके सामने साबित कर दिखाया । गुजरात की आबादी में पटेलो की तादात 28 फीसदी है जिसमे लेउआ  पटेल और करवा पटेल अहम हैं  । हाल के चुनावो में करवा पटेल को मोदी के लिए कई प्रेक्षक खतरा बता रहे थे लेकिन मोदी को पटेलो का मिला बड़ा वोट यह साबित करता है कि इस चुनाव में पटेलो ने अपना खुला समर्थन मोदी को देकर केशुभाई पटेल को सीधे खारिज ही कर डाला । पूरे देश का युवा वोटर अब मोदी पर गुजरात की तरह उन पर अपनी नजरें गढाये बैठा है । उसकी मानें तो  कलह से जूझती भाजप का बेडा मोदी ही पार लगा सकते हैं । गुजरात में हैट्रिक लगाकर मोदी अब बड़े नेता के तौर पर उभर कर सामने आ गए हैं । जहाँ मीडिया उन्हें भावी पी एम के रूप में देख रहा है वहीँ कॉरपोरेट तो पहले ही उनको प्रधानमंत्री के रूप में पेश कर चुका  है । 

गुजरात जीत के बाद मोदी निश्चित ही भाजपा में अब सबसे मजबूत हो गए हैं और संघ भी अब भाजपा की भावी रणनीतियो का खाका मोदी के आसरे ही खींचेगा क्युकि  स्वयंसेवको की बड़ी कतार चाहती है 2014 में भाजपा किसी युवा चेहरे पर अपना दाव  लगाये और यह चेहरा उनको मोदी के रूप में सामने दिखाई दे रहा है । गुजरात जीत के बात भाजपा का जोश बढ़  गया है । मोदी देश के वोटर को प्रभावित कर सकते हैं । खुद संघ भी लोक सभा चुनाव से ठीक पहले मोदी के बारे में अपने पत्ते खोल सकता है । हिंदुत्व और विकास के आसरे मोदी ने गुजरात में जो लकीर खींची  है वह अब गुजरात में इतिहास बन चुकी है ।  हो सकता है भाजपा मोदी के माडल को भाजपा शासित राज्यों में अपनाए । इसके संकेत गडकरी ने मोदी के बीते दिनों दिल्ली आने  के दौरान दिए जब उन्होंने कहा गुजरात भाजपा का विकास माडल है ।

             गुजरात की जंग जीतने के बाद अब मोदी के कदम दिल्ली के सिंहासन की तरफ बढ़ रहे हैं  । भाजपा के कई  वरिष्ठ  नेता जहाँ मोदी की दावेदारी से से सहमे हुए हैं वही एन डी  ए की सबसे बड़ी सहयोगी जे डी  यू की भौहें मोदी को देखकर पहले से ही तनी हुई है । खुद नीतीश कुमार ने इस बार के राष्ट्रपति चुनाव में मोदी को पी एम पद के लिए खारिज कर दिया था । ऐसे में मोदी के लिए दिल्ली की डगर आसान  नहीं है ।    वैसे भी वर्तमान युग गठबंधन राजनीती का है जहाँ  अपने बूते 272 के आंकड़े को छूना भाजपा के लिए मुश्किल है । वहीँ मोदी को अपने समर्थन में उन दलों को लामबंद करना होगा जो किसी समय अटल बिहारी की सरकार  के साथ  खड़े  थे और ये सब घटक आज एन डी ए का साथ छोड़ चुके हैं  । ऐसे हालातो में ममता, नीतीश ,चंद्रबाबू को मोदी के साथ आने में कठिनाईयां पेश आ सकती हैं । 2013 के अंत में मध्य प्रदेश , छत्तीसगढ़ ,दिल्ली , कर्नाटक ,राजस्थान, जम्मू , मिजोरम, नागालैण्ड , त्रिपुरा ,मेघालय जैसे 10  राज्यों के चुनाव होने हैं जो मोदी के लिए किसी एसिड टेस्ट से कम नहीं होंगे ।  यहाँ  पर  ब्रांड मोदी की भूमिका देखने लायक रहेगी । अगर अपने बूते ही वह पार्टी के ठन्डे पड़े कैडर में जोश फूंक पाए तो पार्टी में नम्बर वन बनने से मोदी को कोई नहीं रोक पायेगा। आने वाले दिनों में संघ उन्हें साथ लेकर पूरे भारत में विवेकानंद विकास यात्रा  का खाका तैयार कर सकता है जहाँ भारत भ्रमण पर निकल कर वह देश में विकास का कार्ड फेंककर बड़े वोट बेंक को भाजपा के साथ गोलबंद कर सकते हैं ।

       वैसे अहमदाबाद के सरदार पटेल स्टेडियम में अपने शपथ ग्रहण समारोह के मेगा शो के ट्रेलर के  बहाने मोदी ने  एन डी  ए के सभी सहयोगियों को लामबंद कर लिया । जयललिता के साथ नवीन पटनायक के प्रतिनिधि की उपस्थिति जहाँ मोदी की सफलता में चार चाँद लगा रही  थी वहीँ भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से लेकर पार्टी के बड़े नेताओ से पूरा स्टेडियम खचाखच भरा पड़ा था जो कहीं न कहीं मोदी की गुजरात वाली महफ़िल की शोभा बढ़ा  रहा था । मिशन दिल्ली  के  लिए  हुए इस मेगा शो के बहाने मोदी ने कम से कम यह तो दिखा ही दिया वह सियासत की हर बिसात को अपनी ढाई चाल से मौत देने की छमता तो  रखते  ही  हैं शायद तभी उनके विरोधी  भी  उन्हें सत्ता से बाहर खदेड़ने के मंसूबो पर कामयाब नहीं हो पाते हैं । दिल्ली की पिच पर उतरकर  उन्होंने मनमोहन को  ही क्लीन बोल्ड  कर दिया । मनमोहनी इकोनोमिक्स को अपने मोदिनोमिक्स के आसरे  चुनौती  दे डाली । राष्ट्रीय विकास परिषद  की बैठक में हिस्सा लेने दिल्ली आये मोदी ने खुले मच से यू पी  ए की ख़राब नीतियों का मर्सिया पढ़ा और धीमी विकास दर के लिए सीधे मनमोहन को निशाने पर लिया । विकास के मोदिनोमिक्स ब्रह्मास्त्र के आसरे अब मोदी देश के करिश्माई नेता के तौर पर अपने को स्थापित करना चाहते हैं और शायद यही वजह रही यूथ कार्ड फैंककर उन्होंने यह कहा पहले गुजरात सोचता है फिर हिन्दुस्तान ।

                             गुजरात में अपना झंडा गाड़ने के बाद मोदी गदगद हैं और दिल्ली के तख़्त पर काबिज होने से पहले   उनके हौसले बुलंद भी हैं  । तभी दिल्ली आकर इशारो इशारो में बतला ही दिया आने वाले दिनों में वही भाजपा की नैया पार लगायेंगे । आज नहीं तो कल संघ दिल्ली जाने के लिए उनके नाम पर अपनी सहमति  जताएगा ही । सम्भावनाये तो यहाँ तक हैं कि अगले लोक सभा चुनावो से पहले संघ मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरा जोर लगाएगा । इसके संकेत  केशव कुञ्ज में सुरेश सोनी और भागवत की गुप्त बैठकों में भी देखने को मिले हैं । यह बैठक नागपुर में 4 से 5 दिसंबर के बीच हुई थी । उससे पहले खुद मोदी झंडेवालान स्थित संच के कार्यालय में भागवत से मिलने गए थे जहाँ मोहन भागवत ने उनको गुजरात चुनाव के बाद देश का सरदार बनाने के लिए राजी कर लिया है । वैसे भी संघ से लेकर भाजपा के कैडर में मोदी को लेकर पहली बार एक ख़ास हलचल है क्युकि पीएम पद के लिए मोदी ही एक ऐसा चेहरा भाजपा में वर्त्तमान में हैं जो भारतीय मध्यम वर्ग, युवा वोटर के साथ कारपोरेट को लुभाने की छमता इस दौर में रखते हैं ।संघ भी अब उनमे हिन्दू ह्रदय सम्राट से इतर भाजपा के बड़े सम्राट बनने का अक्स देख रहा है क्युकि संघ के एजेंडे को आगे बढाने के साथ ही वह गुजरात की तर्ज पर देश  को आगे ले जा सकते है । कार्यकर्ता जहाँ मोदी में अपना भविष्य देख रहे हैं वहीँ संघ भी मौका आने पर आज नहीं तो कल उनके नाम को भुनायेगा ही ।

              वैसे वर्तमान में भाजपा का असल संकट गडकरी  बने  हुए हैं ।पूर्ति   के गडबडझाले के बाद उनके दूसरे  कार्यकाल पर सस्पेंस बना हुआ हैं ।  पार्टी में एक बड़ा खेमा उनको हटाने की मांग कर चुका  है । खुद मोदी  गडकरी के साथ नहीं हैं और वह उनकी दुबारा  ताजपोशी के पक्ष में नहीं हैं । अटकले ऐसी हैं संघ नए अध्यक्ष के चयन में अब मोदी की राय की अनदेखी नहीं करेगा । ऐसे  में सम्भावना है मोदी गडकरी की जगह डॉ मुरली मनोहर जोशी के नाम का दाव  चल सकते हैं । डॉ जोशी के साथ मोदी की ट्यूनिंग नब्बे के दशक से ही अच्छी है तब मोदी जोशी के साथी रहे थे । वैसे बीते दिनों मोदी ने जीत के बाद दिल्ली आकर सबसे पहले डॉ जोशी के घर जाकर मुलाक़ात की । गौर करने लायक बात यह है मुलाक़ात में  आडवानी का घर रास्ते  में सबसे पहले नहीं पड़ा । जबकि गुजरात की राजनीती में यह तथ्य शायद ही किसी से छुपा है मोदी अहमदाबाद से आडवानी को अब तक बिना प्रचार के अपने  दम पर  जिताते आये हैं । अगर आने वाले दिनों में संघ मोदी के अनुसार चलता है तो  उत्तरायण के ठीक बाद नई  भाजपा का स्वरूप हमें देखने को मिल सकता है जहाँ मोदिमेव जयते का नारा गूंज सकता है । तब पार्टी के  संसदीय बोर्ड में भी   भारी  बदलाव देखने को मिल सकते हैं । संगठन  में अगर बदलाव हुए तो वही नेता जगह बनाने में कामयाब हो पाएंगे जो मोदी - जोशी का भरोसेमंद रहेगा । आर एस एस कैडर  से निकले ये दोनों चेहरे तब संघ के अनुकूल 2014 की भाजपा की बिसात बिछायेंगे जहाँ तहसील से लेकर जिला स्तर  पर लोक सभा चुनाव के लिए स्वयंसेवक एक नई  मोर्चाबंदी कर सकते हैं ।

 बहरहाल जो भी हो भाजपा  में मोदी अब एक बड़े नेता के तौर पर उभर चुके हैं । मोदी की ताकत उनके शपथ ग्रहण समारोह में तो दिखी ही साथ ही 11 अशोका रोड में मोदी का जोश और कार्यकर्ताओ का जोश यह गवाही तो दे ही रहा था अब मोदी के लिए दिल्ली ज्यादा दूर नहीं है । भले ही पत्रकारों से बातचीत में मोदी ने अपनी दिल्ली वापसी के बारे में कोई जवाब नहीं दिया लेकिन इशारो इशारो में केंद्र सरकार पर वार द्वारा यह बता दिया अब वह गुजरात से निकलकर दिल्ली का सरदार बनने की पूरी योग्यता तो रखते ही हैं । शायद तभी मोदी के स्वागत में दिल्ली में हुए अभिनन्दन समारोह में यह नारा गूंजा "गुजरात की जीत हमारी है अब भारत की  बारी है " ।  देखना होगा आने वाले दिनों में मोदी दिल्ली में अपने कदम कैसे बढ़ाते है और क्या उन्हें दिल्ली आने से  रोक पाना  संभव होगा यह अभी भविष्य  के गर्भ में है ।