Saturday, 17 November 2012

पहाड़ो में रचे बसे थे केसी ...............





श्रद्धांजलि

“ सन २००० में जब उत्तराखंड बना तब शायद अटल जी और आडवानी जी ने उन्हें मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव दिया था लेकिन वे इतने वरिष्ठ और ऊँचे कद के थे कि उन्होंने इसमें रूचि नहीं ली | अच्छा होता अगर वह उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बने होते ”

देहरादून में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बी सी खंडूरी के द्वारा केसी पन्त को इन शब्दों के साथ दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि के सी के असल कद का एहसास कराने के लिए काफी है | झीलों की नगरी सरोवर नगरी मानी जाने वाले नैनीताल में पले बड़े के सी के निधन से पहाड़ ने एक कर्मठ और सौम्य नेता खो दिया और इसी के साथ भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पन्त की राजनीतिक विरासत का भी  अंत हो गया क्युकि के सी के दोनों बेटे चाहकर भी राजनीती में आने से परहेज करते रहे हैं | के सी पन्त के निधन से पूरा उत्तराखंड शोकाकुल है खासतौर से नैनीताल जिला जो उनकी कर्मस्थली एक दौर में रहा और जहाँ पर रहकर उन्होंने अपना बचपन ना केवल गुजारा बल्कि प्रारम्भिक शिक्षा दीक्षा भी ग्रहण की  |  


के सी पन्त का जन्म १९३१ में नैनीताल में हुआ था | प्रारम्भिक शिक्षा नैनीताल के सेंट जोसेफ कालेज से ग्रहण की जिसके बाद एम एस सी करने लखनऊ विश्वविद्यालय चले गए | देश के गृह मंत्री रहे गोविन्द बल्लभ पन्त के पुत्र होने के नाते उन्हें राजनीती की रपटीली राहो में जगह बनाने के लिए कड़ी मशक्कत नहीं करनी पड़ी | यह केसी की महानता ही थी जिन्होंने  अपनी राजनीती की बिसात खुद ही बिछाई थी और शायद यही चीज उन्हें अन्य राजनेताओ से अलग और विशिष्ट बनाती थी | भारत रत्न पंडित गोविन्द बल्लभ पन्त के विराट कद के आगे के सी का कद कुछ कम जरुर दिखाई देता था लेकिन कुशल राजनेता की लीक पर चलने का साहस उन्होंने खुद ही उठाया और खुद ही राजनीती की बिसात का रास्ता तैयार किया |
                

 १९६२ में ३१ साल की उम्र में वह नैनीताल से कांग्रेस के टिकट पर सांसद का चुनाव लड़े और सांसद निर्वाचित हुए | १९६७,१९७१ में भी उन्होंने यहाँ से धमाकेदार जीत दर्ज कर सबकी नजरें नैनीताल पर उस दौर में केन्द्रित कर दी थी |१९७७ में पूरे देश में चली जनता पार्टी की लहर ने उनका सिंहासन भी खतरे में डाल दिया जिस कारण उनको चुनाव हारना पड़ा लेकिन १९७८ में राज्य सभा के रास्ते संसद के गलियारों तक पहुचने में वह कामयाब रहे | इसके बाद  १९८९ में वह लोक सभा चुनाव जीते | इसी दरमियान उन्होंने राज्य सभा के सभापति की कुर्सी संभाली | अस्सी का यही दशक था जब राजीव गाँधी के विश्वस्त सलाहकारों में उनकी गिनती की जाने लगी थी और शायद इसी निकटता के चलते वह रक्षा मंत्री भी उस दौर में बने |

 राजनीती के मैदान में कांग्रेस के भीतर तत्कालीन उत्तर प्रदेश में उनकी किसी से प्रतिद्वंदिता थी तो वह बेशक एन डी तिवारी और हेमवती नंदन बहुगुणा थे जिनके चलते वह यू पी के सी ऍम उस दौर में नहीं बन पाए | बाद में इसी राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के चलते उनका कांग्रेस से मोहभंग हो गया | तिवारी के साथ सम्बन्ध मधुर नहीं रहे जिसके चलते अपनी पत्नी इला पन्त को भाजपा की सदस्यता  एक दौर में उन्होंने दिला दी | यही नहीं ९० के उस दशक के दौरान वह खुलकर भाजपा  के चुनाव प्रचार में शामिल भी उस दौर में हुए थे | १९९8 का आम चुनाव पूरा देश नहीं भूल सकता | उस समय के सी की पत्नी इला पन्त ने नारायण दत्त तिवारी को सीधे  टक्कर दी जिसके चलते तिवारी को नैनीताल सीट से हाथ धोना पड़ा था | यही नहीं1991 में अगर तिवारी नैनीताल सीट बलराज पासी से जीत जाते तो शायद देश के प्रधान मंत्री होते | कई  बार तिवारी ने इस हार के बारे में लोगो से चर्चा की है जिसकी टीस आज भी बरकरार है | उस दौरान के सी ने बलराज के चुनावी प्रचार में अपना जलवा दिखाया था ।  

१९९८ में पन्त भाजपा में शामिल हो गए | वाजपेयी सरकार में दसवे वित्त आयोग के उपाध्यक्ष २०००-२००४ के दौरान रहे | वित्त आयोग के उपाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने अपने गृह राज्य उत्तराखंड के बजट पर खास ध्यान दिया | पंचवर्षीय योजना में उनके राज्यों के विकास मॉडल की आज उनके विरोधी भी सराहना करते हैं |  विकास को लेकर उनकी सोच बेहद सकारात्मक थी | नैनीताल के लिए उन्होंने झील संरक्षण के लिए करोडो का बजट उस दौर में मंजूर करवाया था | पहाड़ से उनका लगाव था शायद तभी कृषि कार्यो को बदावा देने के लिए पंतनगर में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना उनके प्रयासों से हुई | उन्होंने राजनीती को साधन नहीं साध्य माना और उनकी कुशलता और सौम्यता उन्हें महान प्रशासक बनाती थी |
             

 
           पन्त ने बोफोर्स के मसले पर लोक सभा में राजीव गाँधी का जबरदस्त बचाव किया था | अगर आज के दौर में मनमोहन के सबसे बड़े ट्रबलशूटर प्रणव मुखर्जी हुआ करते  तो उस वी पी वाले दौर में राजीव गाँधी के सबसे विश्वासपात्रो में के सी पन्त हुआ करते थे | रक्षा मंत्री रहते हुए उन्होंने श्रीलंका में शांति सेना की तैनाती, मालदीव में भारतीय सेना की तैनाती ,दमन दीव में भारत का पहला कोस्ट गार्ड स्टेशन स्थापित करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया | पृथक तेलंगाना आन्दोलन उस दौर में उनकी सूझ बूझ और मध्यस्थता के चलते समाप्त हुआ था | प्रथम फ़्लेगशिपएयरक्राफ्ट आई एन एस विराट समेत मिग २९ को सेना में शामिल करने से लेकर पोखरण में देश के पहले परमाणु विस्फोट में उनका योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता |  उन्होंने रक्षा के अलावा केंद्र में गृह, वित्त, परमाणु उर्जा, विज्ञान , शिक्षा ,भारी इंजीनियरिंग मंत्रालय की जिम्मेदारी भी  कुशलता से निभायी |

पन्त साफगोई में यकीन करते थे | चाटुकारिता के चलन पर उन्हें यकीन नहीं था | वह अपने सिद्धान्तों पर अडिग रहने वाले लोगो में से एक थे | यह बहुत कम नेताओ में आज के दौर में देखने को मिलता है | राजनीतिक प्रतिद्वंदिताओ के चलते ही  उन्होंने कांग्रेस से किनारा कर लिया और भाजपा मे जरुर आये लेकिन पहाड़ और देश की प्रगति के लिये सदा तत्पर रहे | उन्होंने कभी अपने जीवन में समझोता नहीं किया भाजपा में आकर भी अपने स्वाभिमान के खातिर खुद को राजनीती से अलग कर लिया | इतिहास उन्हें ऐसे  नेता और प्रशासक के तौर पर याद रखेगा  जिसने  अपने बूते राजनीतिक जमीन तैयार की और अपनी अलग पहचान बनाई | इतना सब होने के बाद भी इलेक्ट्रोनिक मीडिया ने उनके निधन की खबरों से बेरुखी दिखाई | यही नहीं केंद्र सरकार द्वारा उनको राजकीय सम्मान के साथ विदा न किया जाना इससे भी ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण है |    

Friday, 9 November 2012

पहाड़ में पलायन का दर्द .............



                                   

उत्तराखंड के सीमान्त जनपद पिथौरागढ़ की बेरीनाग तहसील के निकट राईआगर निवासी कमला परेशान है । वह अपनी देली (आँगन ) में बिछौना बिछाये हुए त्योहारों के मौसम में अपने बेटे का इन्तजार कर रही है । इन्तजार इतना लम्बा  हो गया है कि राहगीरों का रास्ता देखते  देखते  अब पूरा दिन बीत जाता है । मगर बेटे को देखिये उसे अब  पहाड़ो के बजाए  महानगरो का  चकाचौंध इस दौर में ज्यादा रास आता है । शादी के बाद बेटा अपने गाँव का नाम तक भूल जाता है ।महानगरीय चकाचौंध की छाव तले अपनी लाइफलाइन खोजने वाली पहाड़ की इस नई  नवेली युवा पीड़ी के पास अब इतनी फुर्सत भी नहीं कि वह अपने बूढ़े माँ -बाप से मिलने एक दिन का  भी समय निकाल सके । वह आज अपनी जड़ो से कट से गए हैं और उन गलियों का दीदार भी नहीं कर पाते जिन गलियों में माँ बाप ने अंगुली  पकड़कर उन्हें चलना फिरना सिखाया और पढ़ा लिखाकर इस काबिल  बनाया कि उसे दो जून की रोजी रोटी मयस्सर हो सके । लेकिन आधुनिकता की चकाचौंध तले उसे अब पहाड़ का कष्टप्रद जीवन रास नहीं आता । यह कहानी  उत्तराखंड के  एक गाव की नहीं बल्कि आज के दौर में हजारों गावो की सच्ची  कहानी बन  चुकी है जो पलायन के चलते आज धीरे धीरे खाली होने के कगार में खड़े हैं ।
                              
                                  पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आती । बचपन में अपने मामा जी के मुह से सुना यह  जुमला आज पहाड़ो में सोलह आने सच साबित हो रहा है । माटी से मेरा लगाव आज भी बना हुआ है । भले ही महानगरीय चकाचौंध तले  हमारे देश का एक बड़ा तबका बड़े शहरों में अपना जीवन ज्यादा सुखी देखता है लेकिन दिल्ली,नोएडा ,गुडगाव सरीखे नगरो से इतर अपनी जन्मस्थली उत्तराखंड मुझे ज्यादा रास आती है ।पिछले कुछ महीनों से उत्तराखंड के गाँवों को देखने का अवसर मुझे मिला । इस दौरान वहां पर रहने वाले लोगो से मेरा सीधा संवाद भी हुआ लेकिन यह जानकार मन को बहुत पीड़ा हुई उत्तराखंड की हमारी आज की  नौजवान  पीड़ी  अपने गावो से लगातार कटती जा रही है ।रोजी रोटी की तलाश में घर से  निकला यहाँ का नौजवान  अपने बुजुर्गो की सुध इस दौर में नहीं ले पा रहा है ।यहाँ के गावो में आज बुजुर्गो की अंतिम पीड़ी रह रही है और कई मकान बुजुर्गो के निधन के बाद सूने हो गए हैं ।आज आलम यह है दशहरा , दीपावली ,होली सरीखे त्यौहार भी इन इलाको में उस उत्साह के साथ नहीं मनाये जाते जो उत्साह बरसो पहले  संयुक्त परिवार के साथ देखने को मिलता था । हालात  कितने खराब हो चुके हैं इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है आज पहाड़ो में लोगो ने खेतीबाड़ी जहाँ छोड़ दी है वहीँ पशुपालन भी इस दौर में घाटे का सौदा बन गया है क्युकि वन सम्पदा लगातार  सिकुड़ती जा रही है और माफियाओ,कारपोरेट  और सरकार का काकटेल  पहाड़ो की सुन्दरता पर ग्रहण लगा रहा है ।पहाड़ो में बढ़  रहे इस पलायन पर आज तक राज्य की  किसी  भी सरकारों ने कोई ध्यान नहीं दिया शायद इसलिए अब लोग दबी जुबान  से इस पहाड़ी राज्य के निर्माण और अस्तित्व को लेकर सवाल उठाने लगे हैं । 

आज उत्तराखंड बने 12 वर्ष हो गए हैं लेकिन यहाँ जल , जमीन और जंगल का सवाल जस का तस बना हुआ है । स्थाई राजधानी तक इन बारह वर्षो  में तय नहीं हो पाई  है । विकास की किरण देहरादून, हरिद्वार,हल्द्वानी  के इलाको तक सीमित हो गई है । नौकरशाही बेलगाम है तो चारो तरफ भय का वातावरण है । अपराधो का ग्राफ तेजी से  जहाँ बढ़ रहा है  वहीँ बेरोजगारी का सवाल सबसे बड़ा प्रश्न  पहाड़ के युवक के सामने  हो गया है  । बिजली, पानी, सड़क जैसी बुनियादी  समस्याओ से पहाड़ के लोग अभी भी जूझ रहे हैं ।अस्पतालों में दवाई तो दूर डॉक्टर तक आने को तैयार नहीं है । वहीँ जनप्रतिनिधि इन समस्याओ को दुरुस्त करने के बजाए अपने विधान सभा छेत्रो से लगातार दूर होते जा रहे हैं । उन्हें भी अब पहाड़ी इलाको के बजाए मैदानी इलाको की आबोहवा रास आने लगी है और शायद इसी के चलते राज्य  के कई नेता अब मैदानी इलाको में अपनी सियासी जमीन तलाशने लगे हैं ।राज्य में उर्जा प्रदेश, हर्बल स्टेट के सरकारी दावे हवा हवाई साबित हो रहे हैं ।जिस अवधारणा को लेकर उत्तराखंड राज्य की लड़ाई लड़ी गई थी वह अवधारणा खोखली साबित हो रही है और शहीदों  के सपनो का उत्तराखंड अभी कोसो दूर है क्युकि  इस दौर की सारी  कवायद तो इस दौर में अपनी कुर्सी बचाने और दूसरे  को नीचा दिखाने और कारपोरेट के आसरे विकास के चकाचौध की लकीर खींचने पर ही जा टिकी है जहाँ आम आदमी के सरोकारों से इतर  मुनाफा कमाना ही पहली और आखरी प्राथमिकता बन चुका  है । ऐसे में हमारे देश के गाँव विकास की दौड़ में कही पीछे छूटते जा रहे हैं और अपने उत्तराखंड की लकीर भी भला इससे अछूती कैसे रह सकती है जहाँ सरकारे पलायन के दर्द को समझने से भी परहेज इस दौर में करने लगी हैं ।    

Tuesday, 30 October 2012

हिमाचल के अखाड़े में चुनावी संग्राम .............








हिमाचल  प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण छाई  सर्द हवाओ ने भले ही मौसम ठंडा कर दिया हो लेकिन  राजनेताओ के  ताबडतोड़ चुनावी प्रचार पर इसका कोई असर नहीं है | राजधानी शिमला से लेकर कुल्लू मनाली और चंबा सरीखे इलाकों  तक विपरीत परिस्थितियों और प्रतिकूल मौसम के बावजूद  ठण्ड में भी प्रत्याशियों का चुनावी पारा सातवे आसमान पर है | टिकटों का घमासान थमने और नाम वापसी की तारीखों के ख़त्म होने के बाद अब सभी विधान सभाओ में चुनाव प्रचार तेज हो गया है और सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत चुनाव प्रचार  पर केन्द्रित कर दी है | जैसे जैसे मतदान की तिथि चार नवम्बर पास आती जा रही है वैसे वैसे हिमाचल की शांत वादियों में चुनावी सरगर्मियां  तेज होती जा रही हैं |

 राज्य में दो प्रमुख राष्ट्रीय पार्टियों भाजपा और कांग्रेस के बीच इस बार भी मुख्य जंग  है लेकिन बड़े पैमाने पर इन दोनों दलों के बागी प्रत्याशियों के मैदान में होने से हिमाचल लोक हित पार्टी जैसे छोटे दलों की पौ बारह होती दिखाई दे रही है जिसमे कई अन्य दल शामिल होकर तीसरे मोर्चे का विकल्प राज्य में पेश करने का एक प्रयास करते देखे जा सकते है | राज्य में मुकाबले में यूँ  तो भाजपा और कांग्रेस मुकाबले में बराबरी पर बने हैं लेकिन जिस  तरीके से इस दौर में दोनों दलों  में टिकट के लिए नूराकुश्ती देखने को मिली उसने राज्य के आम वोटर को भी पहली बार परेशान किया हुआ है और पहली बार इस ख़ामोशी के मायने किसी को समझ नहीं आ रहे है जिससे आलाकमान के सामने बड़ी मुश्किलें आ रही है | सभी दलों के नेता अब चुनाव प्रचार के अंतिम दिनों में स्टार प्रचारकों के आसरे हिमाचल को फतह करने के मंसूबे पालने लगे हैं | जहाँ यू पी ए अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने २२ अक्टूबर को कांगड़ा और मंडी में बड़ी रैली कर भाजपा  की धूमल सरकार को ललकारा  तो वहीँ राज्य के मुख्यमंत्री धूमल  तो तीन महीने पहले से ही अपने "मिशन रिपीट " में पूरी शिद्दत के साथ जुटे  हुए हैं |  "कहो दिल से धूमल फिर से " यही वह नारा है जिसके बूते भाजपा अपने ताबड़तोड़ चुनावी प्रचार को स्टार प्रचारकों के बूते कैश कराना चाहती है | अन्य दल भी अपने चुनाव प्रचार में पीछे नहीं हैं लिहाजा माया से लेकर ममता अगर हिमाचल के अखाड़े में अपने लिए सम्भावनाये तलाश रहे हैं तो इस चुनाव के मायने समझे जा सकते हैं | आने वाले कुछ दिनों में यहाँ पर इनकी कई बड़ी सभाए भी होनी हैं |

                  हिमाचल में सत्तारूढ़ भाजपा किसी भी कीमत पर अपने हाथ से सत्ता को फिसलते हुए नहीं  देखना चाहती है | इसके लिए वह पिछले कुछ समय से एड़ी चोटी का जोर लगाये हुए है | मुख्यमंत्री धूमल देर रात तक प्रदेश में अपनी सभाए कर कांग्रेस को निशाने पर ले रहे हैं | हाल ही में सोलन की एक सभा में धूमल ने केन्द्र सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि अब केन्द्र सरकार ने कबाड़ खाना भी शुरू कर दिया है |उनका इशारा साफ तौर पर इस्पात मंत्रालय  की तरफ था  जिसकी कमान अभी कुछ समय पहले तक वीरभद्र सिंह के हाथो में  थी | भले ही इस सभा में उन्होंने वीरभद्र का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया लेकिन इशारो इशारो में उन्होंने वीरभद्र पर अपने तीर छोड़ ही दिए | वहीँ वीरभद्र कहा चुप बैठते उन्होंने खुद के पाक साफ़ होने का सर्टिफिकेट तक जारी कर दिया | बिझनी की एक  चुनावी सभा में उन्होंने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पैसे लेकर उनके खिलाफ साजिश रचने के आरोप मढ़ दिया तो कुल्लू में मीडिया कर्मियों के साथ अपने किये पर शर्मिंदगी व्यक्त की और माफ़ी मांगी | गौरतलब है कि अभी कुछ दिनों पहले भ्रष्टाचार के मसले पर पत्रकारों के साथ उनकी सीधी झड़प हुई थी जिसके बाद एक चैनल के पत्रकार के सवाल पर वह झल्ला  उठे थे और आपा खोकर यह कहते हुए पाए गए थे कि वह उसका कैमरा फोड़ देंगे | ऊपर का यह वाकया  ये बताने के लिए काफी है कि इस बार हिमाचल के चुनाव में आम आदमी के  सामने सत्तारूढ़ भाजपा की एंटी इनकम्बेंसी से ज्यादा चिंता केन्द्र सरकार के द्वारा बढाई गई परेशानियाँ ज्यादा हैं | 

मसलन राज्य का वोटर केन्द्र सरकार की महंगाई ,भ्रष्टाचार ,घरेलू  गैस की सब्सिडी खत्म करने , ऍफ़  डी आई जैसे मुद्दों से ज्यादा परेशान दिख रहा है जिसने एक तरीके से आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है  | वहीँ राज्य की कांग्रेस सरकार में जारी भारी  गुटबाजी और भ्रष्टाचार पर वीरभद्र के  विरोध के चलते भाजपा जरुर बमबम है | लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी के बारे में हाल में हुए भ्रष्टाचार के खुलासो से उसकी लड़ाई भी कही न कही कमजोर नजर आ रही है | फिर भी बीते समय में धूमल सरकार ने हिमाचल में विकास की जो नई बयार बहाई है वह  आम जनता में एक सकारात्मक सन्देश देने में कामयाब भी  हुई है |किसानो के लिए शुरू की गई  दीनदयाल किसान योजना , अटल स्वास्थ्य योजना , अटल बचत योजना , अटल स्कूल यूनिफार्म योजना और  कर्मचारियों के एक बड़े वोट बैंक को ध्यान में रखकर शुरू की गई करोडो की दर्जन भर से ज्यादा योजनाये  धूमल के पिटारे में है जिसे वह जनता के बीच विकास की एक नई बयार के रूप में पेश करते नजर आ रहे हैं और यही लकीर है जिसके आसरे वह कांग्रेस के सामने एक नई नजीर पेश करते नजर आ सकते हैं |

 भाजपा ने राज्य में ६८ में से तकरीबन ४५ सीटो पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान सबसे पहले कर कांग्रेस से मनोवैज्ञानिक तौर पर बढ़त  तो ले ही ली है  लेकिन हिमाचल में बगावत के फच्चर ने ऐसा पेंच भाजपा के सामने फसाया है जिससे पार पाने की बड़ी चुनौती  अब धूमल के सामने खड़ी हो गई है | ऊपर से शांता कुमार के साथ उनके छत्तीस  के आंकड़े ने भाजपा की रातो की नीद उड़ाई हुई है |

                                     

 हर बार के  चुनाव की तरह इस बार भी अब राज्य में कांगड़ा का इलाका सबके लिए महत्वपूर्ण हो चला है क्युकि यहाँ की तकरीबन २० सीटें प्रत्याशियों के जीत हार के गणित को सीधे प्रभावित करने का माद्दा रखती हैं | यह पूरा इलाका भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का गृह जनपद रहा है लेकिन इस बार टिकट आवंटन में धूमल कैम्प और शांता कैम्प में टशन देखने को मिली |यह कोई पहला मौका नहीं है जब दोनों कद्दावर नेता आमने सामने आ गए | अतीत के पन्ने टटोलें तो दोनों के बीच यह तकरार नब्बे के दशक से उनका पीछा नहीं छोड़ रही है | मुख्यमंत्री  बनाये जाने को लेकर दोनों में  उसी दौर से एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ देखी जा सकती है लेकिन  ज्वालामुखी से निकला लावा आज भी इनका पीछा नहीं छोड़ रहा है | मौजूदा दौर में भी धूमल और शांता के बीच विवाद की बड़ी  जड़ कांगड़ा ही बना हुआ है | 

दरअसल ज्वालामुखी के इलाके में शांता के समर्थक रमेश धवाला के चुनावी  इलाके में परिसीमन का फच्चर ऐसा फसा कि उनकी विधान सभा के कई इलाके देहरा सीट का हिस्सा हो गए जबकि धूमल के बेहद करीबी रविन्द्र  रवि के  इलाके का अस्तित्व पूरी तरह लगभग समाप्त हो गया |थुरल का बड़ा हिस्सा देहरा में चले जाने के कारण इस दौर में टिकट आवंटन से पूर्व रवि टिकटों के जोड़ तोड़  में ही उलझे रह गए तो धवाला ज्वालामुखी से ही टिकट की मांग करने लगे | बाद में गडकरी की अदालत में फैसला आने के बाद रवि को देहरा से और धवाला को ज्वालामुखी से ही टिकट मिला | लेकिन इस मसले ने दिखा दिया कि धूमल कैम्प और शांता कैम्प किस तरह इस चुनाव में एक दुसरे को नीचा दिखाने की कोशिशे की  | भाजपा ने इस चुनाव में जहाँ रूप सिंह ठाकुर का पत्ता पूरी तरह काट दिया वहीँ डाक्टर राजन सुशांत की पत्नी सुधा को भी भाव नहीं दिया |इस बार के चुनावो में सत्ता के गलियारों में यह चर्चा आम है कि कांगड़ा में टिकट आवंटन में भाजपा आलाकमान ने  शांता कुमार को पूरी तरह से फ्री हैण्ड दिया जिसके चलते वह धूमल कैम्प को पटखनी देने में पूरी तरह कामयाब नजर आये हैं |

 शांता के भारी  दबाव का असर धूमल के चेहरे पर इस बार साफ़ झलक  रहा था जब वह अपने खासमखास राकेश पठानिया को टिकट नहीं दिलवा सके जो निर्दलीय ही अब मैदान में ताल ठोकते नजर आ रहे हैं |ज्वालामुखी के इलाके से प्रदेश भाजपा के औद्योगिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष संजय गुलेरिया का टिकट शांता  कुमार ने इसलिए काट दिया क्युकि उनकी गिनती धूमल के सिपहसालारो में की जाने लगी थी |हालाँकि शांता पहले उनके लिए टिकट सर के बल लाने का दावा कर रहे थे |नूरपुर से कद्दावर नेता और राज्य के पर्यटन मंत्री रहे राकेश  पठानिया का भी इस चुनाव में पत्ता साफ़ शांता ने कर दिया | उन्हें भी टिकट न मिलने से उनके समर्थको के हाथ निराशा लगी है | गंगथ में भी शांता ने मनोहर धीमान को टिकट  देने का वादा पहले किया था लेकिन ऐन मौके पर रीता धीमान को प्रत्याशी बनाकर शांता ने दिखा दिया है कि धूमल पार्टी से बड़े नहीं हैं | दोनों के बीच यह तकरार कही भाजपा का पूरा खेल ही इस चुनाव में ना बिगाड़ दे |

 आज भाजपा को बागियों से कई सीटो पर तगड़ी चुनौती  मिल रही है | शान्ता कुमार के मन में अभी भी मुख्यमंत्री बनने के सपने हैं शायद इसलिए वह टिकट देने में अपने चहेतों का ध्यान रख रहे थे और समय समय पर धूमल सरकार को डेमेज करने में कोई कसर भी नहीं छोड़ रहे थे | बताया जाता है उन्होंने पहले पार्टी आलाकमान  के सामने हिमाचल  में चुनाव प्रचार में  नहीं भेजे जाने को लेकर गुहार लगाई बाद में वह कांगड़ा में अपने प्रत्याशियों के लिए जोर लगाने में लग गए |

 इस बार मौका ऐसा भी आया जब उन्होंने पार्टी छोड़े जाने तक की धमकी दे डाली लेकिन आलाकमान के दखल के चलते वह ऐसा कुछ भी नहीं कर सके जिससे भाजपा के लिए राज्य में मुश्किलें खड़ी हो जाए | शांता कुमार और धूमल की टशन देखकर उत्तराखंड की याद आती है | उत्तराखंड में शांता की भूमिका में जहाँ भगत  सिंह कोशियारी  एक दौर में खड़े थे वहीँ धूमल की भूमिका में खड़े थे  बी सी खंडूरी  | दोनों के बीच टशन से राज्य में भाजपा सरकार  अस्थिर हो गई थी | बाद में दोनों की लड़ाई का फायदा निशंक को मिला था जिसके बाद भ्रष्टाचार के मामलो ने निशंक  की  बलि ले ली थी  और इसका नतीजा यह हुआ  उत्तराखंड में  7 माह  पूर्व  हुए चुनावो में भाजपा खंडूरी के नेतृत्व में अच्छा परफार्म  कर गई लेकिन सत्ता में नहीं आ पायी |

 तो क्या माना जाए  हिमाचल भी शान्ता और धूमल की बगावत के चलते उसी लीक पर जाता दिख रहा है | राजनीती में कुछ भी सम्भव है और हिमाचल  और उत्तराखंड की परिस्थितियां  भी कमोवेश एक जैसी ही है लिहाजा इस सम्भावना से इनकार भी नहीं किया जा सकता अगर यही कलह जारी रहती है तो भाजपा को नुकसान उठाने के लिए तैयार रहना होगा | 

                   
      
 वहीँ कांग्रेस के सामने भी भाजपा जैसी मुश्किलें इस दौर में राज्य के भीतर हैं | मंडी में डी डी ठाकुर को उम्मीदवार  बनाये जाने से कांग्रेस के कई नेता नाराज बताये जा रहे है |ऊपर से वीरभद्र  पर  भ्रष्टाचार के नए नए मामले कार्यकर्ताओ का जोश ठंडा कर रहे है | वैसे भी  केन्द्र की  यू पी ए सरकार के मंत्री इस मसले पर सरकार की हर रोज छिछालेदारी करने में लगे हुए हैं | वीरभद्र सिंह के ऊपर भ्रष्टाचार के आरोपों की फुलझड़ी जलाए जाने से कार्यकर्ता हताश और निराश हो गए है | इसका असर यह है कि तकरीबन  आधी  विधान सभा की सीटो पर कांग्रेस को बागियों से कड़ी चुनौती  मिलने का अंदेशा बना है |

कांग्रेस की मुश्किल इसलिए भी असहज हो चली है क्युकि यहाँ इस चुनाव में कांग्रेस में गुटबाजी ज्यादा बढ़ गई है | वीरभद्र सिंह का यहाँ पर एक अलग गुट सक्रिय है तो वहीँ नेता प्रतिपक्ष  विद्या  स्टोक्स  , पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर और केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा की राहें भी जुदा जुदा लगती हैं | मेजर विजय सिंह मनकोटिया  को वीरभद्र सिंह  ने शाहपुर से टिकट तो थमा दिया है लेकिन वह आज भी वीरभद्र सिंह के कैम्प से बाहर ही  बताये जा रहे है | दोनों के बीच रिश्ते पुराने दौर जैसे ही बने हैं | हालाँकि इस बार टिकट आवंटन में वीरभद्र ने अपना सिक्का चलाया है लेकिन भ्रष्टाचार  के आरोप और सी डी  कांड ने पार्टी के कद्दावर  नेताओ की सियासत पर ग्रहण सा लगा दिया है | कौल सिंह ठाकुर खुद अपने नेतृत्व में चुनाव लड़ने के इच्छुक थे लेकिन वीरभद्र ने उनके रास्ते में  खुद रोड़ा अटका दिया है |

 आनंद शर्मा से कभी उनके मधुर सम्बन्ध थे लेकिन उनको  भी अब केन्द्र की राजनीती ज्यादा पसंद आने लगी है लिहाजा राज्य में कांग्रेस की डूबती नैया की  तरफ उनका ध्यान नहीं जा पा रहा है | भाजपा और कांग्रेस से इतर अब सबकी नजरें इस चुनाव में महेश्वर सिंह और उनकी पार्टी हिमाचल लोक हित पार्टी पर जा टिकी है | हाल ही में उन्होंने बीजेपी के कई कार्यकर्ताओ को तोड़कर अपनी पार्टी में जोड़ा है साथ में श्याम शर्मा और महेंद्र सोफत के साथ आने से उनकी पार्टी को एक तरह से मजबूती मिली है |

महेश्वर की असली ताकत इस चुनाव में कांगड़ा में दिख सकती है जहाँ कांग्रेस और भाजपा को तगड़ी चुनौती  मिलने का अंदेशा है क्युकि यह पूरा इलाका महेंद्र का गढ़ रहा है |साथ ही कुल्लू के इलाकों में भी उनका जादू चल सकता है |इन इलाकों में एंटी इनकम्बेंसी भी एक बड़ा फैक्टर  है और महेश की शांता कुमार के साथ नजदीकिया भी सबका ध्यान इस चुनाव में खीच  रही  है | अगर महेश का जादू इन इलाकों में चल गया तो धूमल की मुश्किलें बदनी तय है | 
                              

कांग्रेस के लिए भी यह खतरे की घंटी है | हिमाचल का यह ट्रेंड पिछले समय से देखने तो मिला है कि यहाँ बारी बारी से भाजपा और कांग्रेस सत्ता में आते रहे हैं | १९७७ के बाद सिर्फ एक बार १९८५ में यहाँ पर कांग्रेस की वापसी हुई | कांग्रेस में यहाँ  यशवंत सिंह परमार १९५२ से १९७७ तक सी ऍम रहे तो ठाकुर रामलाल ने १९७७ से १९८२ तक सी ऍम की कमान संभाली| परमार के शासन का सबसे सुनहरा दौर हिमाचल में कांग्रेस के नाम रहा है शायद इसी के चलते आज जब सबसे अच्छे मुख्यमंत्रियों की बात की जाती है तो सबकी जुबान पर परमार का ही नाम आता है और लोग यह कहने लगते है उन्हें यशवंत परमार जैसा मुख्यमंत्री चाहिए |

 वीरभद्र १९८३ में सी ऍम बने  | १९९० में शांता कुमार की सरकार आई तो १९९३ में फिर वीरभद्र | इसके बाद १९९८ में धूमल मुख्यमंत्री हुए तो २००३ में वीरभद्र फिर से मुख्यमंत्री बनने में कामयाब रहे | पिछले विधान सभा चुनावो में भाजपा ने जहाँ ४1  सीटें जीती वही कांग्रेस २३ पर सिमट कर रह गई थी |  उस चुनाव में ३ निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव जीते थे |  लेकिन इस बार के हालत भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए मुश्किलों भरे हैं क्युकि दोनों दल बागियों को मनाने के लिए मान मनोवल करते देखे जा सकते हैं | 

                प्रदेश की दोनों बड़ी पार्टियों ने आखिरी दम तक बागी प्रत्याशियों को मनाने की कोशिश की लेकिन कई सीटों पर बागी उम्मीदवारों ने पार्टी प्रत्याशियों की मुसीबत बढ़ा दी है। भाजपा सरकार के वरिष्ठ नेता रूप सिंह ठाकुर सुंदरनगर से बतौर निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में हैं वहीं कांग्रेस के विधायक योगराज देहरा से आजाद प्रत्याशी के रूप में डटे हैं। रूप सिंह भाजपा के कद्दावर नेता हैं और कई बार विधायक एवं मंत्री भी रहे हैं। सांसद राजन सुशांत की पत्नी सुधा सुशांत फतेहपुर से, जयसिंहपुर से रवि धीमान, सुजानपुर से राजेंद्र राणा, कांगड़ा से पवन कुमार काजल, धर्मशाला से कमला पटियाल, सोलन से एचएन कश्यप, अर्की से आशा परिहार, बल्ह से महंत राम चौधरी, दून से दर्शन सैनी, कुसुम्पटी से दिनेश्वर दत्त, भटियात से भूपिंद्र सिंह चौहान, जवाली से संजय गुलेरिया, शिमला से तरसेम भारती व इंदौरा से मनोहर लाल धीमान भी डटे हैं।

 कांग्रेस के ऊना से ओपी रत्न, कांगड़ा से डॉ. राजेश शर्मा, कोटकहलूर से होशियार सिंह, कसौली से राम स्वरूप, बिलासपुर से जितेन्द्र चंदेल व केडी लखनपाल, बैजनाथ से ऊधो राम, करसोग से मस्त राम, सिराज से चेतराम, घुमारवीं से कश्मीर सिंह व राकेश चोपड़ा, पांवटा से किरनेश जंग, मनाली से धर्मवीर धामी, आनी से ईश्वर दास, इंदौरा से मलेंद्र राजन, कुल्लू से पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर की पत्नी प्रेमलता ठाकुर व भरमौर से महेंद्र ठाकुर भी मैदान में हैं।अब नाम वापसी के बाद यह आलम है कि विधान सभा इलाको में बागियों के असर को कम करने में हिमाचल के अखाड़े में दोनों दल अपना मनेजमेंट करने में सिरे से जुट गए हैं |
                                                              
 वैसे हिमाचल के इस बार के विधान सभा चुनावो में बागियों से पार पाना  भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए आसान नहीं दिख रहा | अगर बागी सफल हो जाते हैं तो यह भाजपा और कांग्रेस सरीखे दलों के हाथ सत्ता फिसलने में देरी नहीं लगेगी और ऐसे हालातो में स्थितिया उत्तराखंड जैसे बनने का अंदेशा बना है जहाँ खंडूरी खुद तो चुनाव हार गए लेकिन भाजपा को उन्होंने करारी हार से बचा लिया लेकिन  पार्टी कांग्रेस से एक सीट कम ही ला सकी जिसके बाद निर्दलियो को साथ लेकर कांग्रेस सत्ता की दहलीज पर विजय बहुगुणा के नेतृत्व में पहुची थी | अगर हिमाचल में भी ऐसा ही होता है तो यहाँ भी सत्ता की चाबी इन्ही बागियों के हाथ रहेगी | अब देखना है हिमाचल के इस चुनाव में कहो धूमल का नारा चलता है या यह औंधे मुह गिरता है |  फिलहाल इसके लिए  २० दिसम्बर  का इन्तजार करना होगा  |   


Saturday, 27 October 2012

टूटने लगा बहुगुणा का तिलिस्म ........................



आज से तकरीबन साढ़े सात महीने पहले जब  विजय बहुगुणा ने  उत्तराखंड के मुख्यमन्त्री का कांटो रुपी  ताज पहना था तो लोगो को उम्मीद थी कि वह पर्वत पुत्र माने जाने वाले अपने पिता स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा के सच्चे वारिस साबित होंगे लेकिन बहुगुणा के शासन से अब उत्तराखंड के आम जनमानस  का धीरे धीरे  मोहभंग होता जा रहा है | यही नहीं अब बहुगुणा सरकार के मंत्री भी खुलकर अपने समर्थको को लालबत्तियां  देने के लिए नए सिरे से लाबिंग करने में सिरे से लग गए हैं जिसके चलते बहुगुणा के सामने इस दौर में सबसे  बड़ी मुश्किल पेश आ रही है | टिहरी लोक सभा उपचुनाव  में अपने बेटे साकेत की हार से अब राज्य में    बहुगुणा  के खिलाफ विरोध के स्वर मुखरित होने लगे हैं | 
                   

 विजय बहुगुणा ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में जो ख्वाब प्रदेश वासियों को दिखाए थे वह  राज्य में  अब हवा हवाई ही साबित हो रहे है | प्रदेश में इस समय  अफसरशाही बेलगाम है और कभी न्यायाधीश रहे बहुगुणा इससे जूझ पाने में विफल साबित हो रहे हैं | बहुगुणा का अब तक का ज्यादातर समय दिल्ली की मैराथन दौड़ में ही जहाँ  बीता है वहीँ कांग्रेस के विधायक भी अंदरखाने बहुगुणा को राज्य में मुख्यमन्त्री के रूप में नहीं पचा पा रहे हैं | राज्य में विकास कार्य  इस कलह से सीधे प्रभावित हो रहे हैं और शायद यही कारण है  राजनीती के ककहरे  से अनजान बहुगुणा को  पहली बार सियासी अखाड़े में अपनी पार्टी के लोगो से ही  तगड़ी  चुनौती मिल रही है जहाँ अपनी कुर्सी बचाने के लिए वह दस जनपथ में अपनी बराबर हाजिरी लगाते हुए देखे जा सकते हैं |  राज्य  में कांग्रेस के  एक  बड़े नेता की माने तो बहुगुणा पूरे प्रदेश की जनता को कम समय दे पा रहे हैं जिसके चलते सरकार की योजनाये आम आदमी तक नहीं पहुच पा रही हैं | राज्य  कांग्रेस  में  बने कई गुट भी कांग्रेस की साख को  प्रभावित कर रहे हैं | इस समय राज्य में हरीश रावत, सतपाल महाराज , इंदिरा हृदयेश , यशपाल आर्य का गुट सक्रिय है जिसमे खुद विजय बहुगुणा  भी शामिल हैं  लेकिन बहुगुणा  की सबसे बड़ी दिक्कत यही हो चली है  हर गुट को मनाना उनके लिए संभव नहीं है | साथ में बहुगुणा को बाहर से समर्थन दे  रहे बसपा , यू के डी ( पी ) और  निर्दलियो को खुश करना उनके लिए एक बड़ी पहेली बनता जा रहा है | जिस गुट को भाव ना दो वही आँखें तरेर देता है जिसके बाद बहुगुणा को आप बीती सुनाने आलाकमान के यहाँ अपनी उपस्थिति दर्ज करानी पड़ती है  और अपनी सरकार के नेता और कार्यकर्ताओ के विरोध के बीच  बहुगुणा साथियो के विरोध पर  सीधे कुछ  भी कहने से भी बचते रहे हैं |
      

  दरअसल बहुगुणा पर मुख्यमन्त्री बनने के बाद से ऐसी  साढ़े साती की अंतरदशा चल रही है जो अभी तक उनका पीछा नहीं छोड़  पा रही  है |  तमाम विरोध और बगावत के बीच बहुगुणा राज्य के नए मुख्यमन्त्री तो  बनाए गए लेकिन उसी समय से राज्य में कुछ भी सामान्य नहीं चल रहा है |  हालाँकि  सितारगंज  विधान सभा चुनाव में करोडो रुपये खर्च कर और पानी की तरह पैसा बहाने के बाद बहुगुणा के हाथ ४०००० से ज्यादा वोटो से उत्तराखंड के विधान सभा चुनावो में अब तक मिली सबसे बड़ी भारी जीत हाथ तो लग गई लेकिन हाल ही में जनता ने उनकी ताजपोशी पर सवाल उठाते हुए उनके बेटे साकेत  को टिहरी लोक सभा उपचुनाव में  करारी हार का ऐसा तमाचा मारा जिसकी टीस बहुगुणा को  सताती रहेगी | आज आलम यह है  टिहरी की हार के सपने बहुगुणा को नींद में भी आ रहे हैं और वह सपने में  भी अपनी मुख्यमन्त्री की कुर्सी सलामत  नहीं देख रहे हैं शायद तभी टिहरी की हार के बाद सोनिया के सलाहकार और दस जनपथ के सबसे बड़े पावर हाउस अहमद पटेल  ने उनको भाव नहीं दिया है और उत्तराखंड  के  मामले को गुजरात और हिमाचल के विधान सभा चुनाव निपटने  तक टाल दिया है | 

                  

बहुगुणा इस कठिन दौर में इस बात के लिए  भाग्यशाली हैं इस समय पार्टी आलाकमान का सारा ध्यान हिमाचल और गुजरात में लगा हुआ है इसी के चलते  वह उत्तराखंड को ज्यादा तवज्जो इस दौर में नहीं दे रहा है लेकिन टिहरी का चुनाव निपटने  के बाद अब बहुगुणा के सामने असली परीक्षा की घडी शुरू हो रही है जब  चुनाव निपटने के बाद प्रदेश के नेताओ और कार्यकर्ताओ ने संगठन में व्यापक फेरबदल के साथ कांग्रेस  मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष  यशपाल आर्य को भी बदलने की मांग की है जिनका कार्यकाल इसी नवम्बर में ख़त्म हो रहा है |  छनकर सूत्रों से आ रही खबरें कह रही हैं विजय बहुगुणा और सतपाल महाराज यशपाल को दूसरा कार्यकाल देने के मूड में हैं तो वहीँ केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत अपने समर्थको को इस कुर्सी पर बैठाना चाह रहे हैं जिनमे सबसे आगे पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर हैं  तो वहीं अगर इस पर सहमति नहीं बनती है तो रावत अपने चहेते विधायक प्रीतम सिंह , सांसद प्रदीप टम्टा का नाम आगे कर सकते हैं | इन पर मुहर  ना लगने  की सूरत में  तिवारी सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेन्द्र सिंह भंडारी और कांग्रेस के कद्दावर नेता महेंद्र पाल का नाम आगे किया जा सकता है | 

वैसे बताते चलें इनके साथ बैटिंग करने में बहुगुणा अपने को असहज महसूस करते रहे हैं और अगर हरीश रावत के यह समर्थक प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी पाने में कामयाब हो जाते हैं तो ऐसे में बहुगुणा के सामने मुश्किलें ज्यादा  बढ़ जाएगी शायद इसलिए अब उनकी पूरी कोशिश इस बात को लेकर है किसी भी तरह यशपाल आर्य को राज्य में दूसरा कार्यकाल दिया जाए | वह टिहरी हार का ठीकरा खुद और यशपाल के बजाए अब अन्य नेताओ पर फोड़ने के लिए रजामंद हो गए हैं जिस पर सतपाल महाराज ने भी अपनी सहमति व्यक्त कर दी है | सतपाल हरीश रावत को डेमेज करने के लिए आखरी समय में अपने चेहेते किसी नेता का नाम इस पद के लिए आगे कर सकते हैं | संभव है आने वाले समय में मुख्यमन्त्री विजय बहुगुणा की राय को भी तवज्जो दी जाए | 
                     

                                        लेकिन बहुगुणा का संकट यह नहीं है जो अभी वह टिहरी उपचुनाव में बेटे की हार के बाद  से झेल रहे हैं | उन्हें तो शपथ ग्रहण से ही राज्य के कांग्रेस से जुड़े  विधायको  से तगड़ी चुनौती  मिलनी शुरू हो गई थी जब २० से ज्यादा उनकी पार्टी के विधायक उनके शपथ  ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे थे | फिर इसके बाद मंत्री पद मनमाफिक  ना मिलने से हरीश रावत के समर्थक विधायक असंतुष्ट हो गए और वह खुलकर बहुगुणा के विरोध में अपना मोर्चा खोलने लगे | उस दौर में कांग्रेस की मुश्किल प्रणव चैम्पियन जैसे विधायको ने बढाई जो अपनी मांगो को लेकर जंतर मंतर हो आये वहीँ वह राज्य के खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल को निशाने पर लेते रहे जो ओलंपिक खेलो को देखने लन्दन गए थे | चैम्पियन ने उनको ललकारते हुए कह डाला  अग्रवाल  खेल मंत्री बनने लायक नहीं हैं और उनके लन्दन जाने का प्रदेश को कोई लाभ नहीं मिलने वाला है | अब ऐसे बयानों पर सी ऍम बहुगुणा कुछ प्रतिक्रिया नहीं देते थे जिसके चलते बहुगुणा की भद्द पिटती थी | 

यही नहीं इसके बाद अल्मोड़ा के विधायक  मनोज तिवारी ने भी अपनी सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया | उन्होंने अपने विधान सभा इलाके में चिकित्सको  की नियुक्ति  ना होने का मामला उठाया जिसका  बागेश्वर , चम्पावत, पिथौरागढ़ जिलो के विधायको  ने भी समर्थन किया | इसके  बाद खुद स्वास्थ्य मंत्री सुरेन्द्र नेगी ने मोर्चा संभाला तब कही जाकर यह मामला शांत हो पाया था | वहीँ बहुगुणा के रूठे विधायको की कहानी यहीं नहीं थमी | धारचूला के नए नवेले विधायक हरीश धामी ने  जहाँ काली पट्टी बांधकर विधान सभा में बहुगुणा के खिलाफ अपना विरोध खुले आम बीते कुछ महीनो में  दर्ज किया वहीँ पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर तो सुपर विधायक निकले |  पार्टी आलाकमान के निर्देशों को धता बताते हुए उन्होंने आज तक योजना आयोग के उपाध्यक्ष का पद ग्रहण नहीं किया है | 


 बहुगुणा के विरोध की कहानी यहीं नहीं थमती | कृषि मंत्री हरक सिंह रावत ने जहां दमयंती रावत को तराई बीज निगम का निदेशक बना डाला तो वहीँ शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने उनको रिलीव नहीं किया जिससे दोनों मंत्रियो की तकरार सबके सामने आ गई  | यह विवाद  बहुगुणा के लिए गले की फांस बना रहा लेकिन वह इस पर अपना मुह नहीं खोल पाए |  बहुगुणा की सबसे बड़ी व्यथा यह है कि राज्य में कांग्रेसियों के हर गुट को साधना उनके लिए मुश्किल  हो रहा है  शायद इसलिए उनको अपने साढ़े सात  महीने के छोटे से कार्यकाल में कई विधायको को कैबिनेट सचिव का ओहदा देना पड़ा है | 
               

बहुगुणा के खिलाफ नाराजगी यहीं नहीं थमी है | बहुगुणा ने टिहरी में हरीश रावत के सिपहसालार किशोर उपाध्याय को हरवाने के लिए हालिया  विधान सभा चुनाव में पूरा जोर लगाया था और वहां निर्दलीय प्रत्याशी दिनेश धने का समर्थन किया था | दिनेश ने टिहरी  विधान सभा चुनाव जीत लिया और बहुगुणा को इस शर्त पर समर्थन दिया कि वह उनको कैबिनेट मंत्री बनायेंगे लेकिन बहुगुणा ने काफी माथापच्चीसी  के   बाद उनको  गढ़वाल विकास निगम का अध्यक्ष बनाया | धने ने तो यह भी कहा था वह बहुगुणा के लिए विधान सभा  उपचुनाव  में सीट खाली करवाएंगे लेकिन दाल ना गलने पर दिनेश ने विधायकी से इस्तीफ़ा देने से इनकार कर दिया जिसके बाद बहुगुणा के लिए तराई के दबंग नेता तिलक राज बेहड़ ने मिशन सितारगंज चलाकर भाजपा के विधायक रहे किरण मंडल के साथ करोडो की डीलिंग  कर बहुगुणा के  चुनाव लड़ने के लिए सीट खाली कराई |  
                              

बहुगुणा सितारगंज चुनाव तो  जीत गए लेकिन उनके बेटे साकेत  अभी हाल ही में टिहरी से लोक सभा का चुनाव हार गए | हार की बड़ी वजह यह थी टिहरी की  जंग  पारिवारिक लड़ाई में तब्दील हो  गई जिसे केवल बहुगुणा का परिवार ही लड़ रहा था |हरीश रावत सरीखे खांटी  कांग्रेसी समर्थको  को इस उपचुनाव में एक बार फिर हाशिये पर रखा गया था जिसका नुकसान पूरी कांग्रेस को झेलना पड़ा  | आलम यह था जब नतीजे आये तो देहरादून की सात विधान सभा सीटो में से ६ में कांग्रेस को करारी हार का मुह देखना पड़ा  जो इस बात को बताने के लिए काफी था कि देहरादून  नगर का पढ़ा  लिखा वोटर बहुगुणा की नीतियों से खासा नाराज हो चला था शायद इसी के चलते उसने कांग्रेस के मुह पर यहाँ तमाचा मार कर इस बात का अहसास जरुर करवाया समय रहते बहुगुणा को अपनी कार्यशैली  में  बदलाव लाना होगा नहीं तो राज्य में २०१४ के लोक सभा चुनावो में उसकी मिटटी पलीत हो जाएगी  |
                      
प्रदेश के कई बड़े कांग्रेसी नेताओं के अलावा सक्रिय कार्यकर्ताओं को भी इस चुनाव में बहुगुणा ने  नजरअंदाज किया जिसका परिणाम यह हुआ  टिहरी संसदीय सीट बहुगुणा परिवार के हाथ से खिसक कर फिर से राजपरिवार की झोली में आ गई। राजनीतिक विश्लेषक कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को हार का सबसे बड़ा कारण मान रहे हैं  | परिवार के अलावा कांग्रेस के एक-दो नेताओं को ही साकेत बहुगुणा ने अपनी टीम में जगह इस उपचुनाव में  दी । चुनाव के दौरान क्षेत्र एवं प्रदेश के कुछ दिग्गज नेताओं को हाशिए पर रखा गया |  हालत यह थी कि टिहरी विधानसभा क्षेत्र में पड़ने वाले पूर्व कांग्रेसी विधायक को भी नजरअंदाज किया गया। । भाजपा के हाथों मिली शिकस्त के बाद हाशिए पर रखे गए ये नेता अब चुनाव प्रबंधन पर निशाना साधने लगे हैं शायद तभी  पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण ने चुनाव निपटने के बाद बहुगुणा को इशारो इशारो में जो सन्देश दिया उस  पर सभी का ध्यान गया | 

सजवाण ने कहा  हम पार्टी के समर्पित नेता हैं पार्टी की हार से दुख होता है। हार का मुख्य कारण पार्टी नेताओं में आपसी विश्वास की कमी रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 'हम पार्टी के साथ मजबूती से खडे़ रहे हैं लेकिन जब हम पर शक किया जाता है जासूसी कराई जाती  है तो मन को  चोट पहुंचती है। शूरवीर सिंह सजवाण के अलावा टिहरी के पूर्व कांग्रेस विधायक किशोर उपाध्याय की भी चुनाव में उपेक्षा की गई। पिछले चुनाव में भी वह कुछ ही वोट से हारे थे इसके बावजूद पार्टी ने उनकी उपेक्षा की। उन्होंने भी बहुगुणा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कहा 'यह हार पार्टी के लिए चिंता का विषय है। पूरे चुनाव में एक बार भी हमसे सहयोग नहीं लिया गया। हमने स्वयं पार्टी प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को इस बाबत पत्र लिखे थे मगर उन लोगों ने हमारा भरोसा नहीं किया।'


 दरअसल टिहरी की  इस हार का बड़ा कारण  विजय बहुगुणा का अहंकार भी था  जो हरीश रावत सरीखे खांटी कांगेसी नेता और उनके समर्थको की उपेक्षा करने में लगे  थे और अपने को सुपर सी ऍम समझने की भारी  भूल कर बैठे जबकि बहुगुणा का उत्तराखंड के जनसरोकारो से सीधा कोई वास्ता भी नहीं रहा है | वह तो अपने पिता हेमवती नंदन बहुगुणा के  नाम  परिवारवाद  और कॉरपोरेट के आसरे उत्तराखंड के सी ऍम की कुर्सी पा गए और सितारगंज में धन बल के जरिये अपना चुनाव जीत भी गए |जबकि बहुगुणा के जनसरोकारो का असली चेहरा यह रहा है कि वह पहाड़ के जनसरोकारो से ज्यादा कॉरपोरेट कंपनियों के ज्यादा करीब रहे हैं और इसी कॉरपोरेट ने उनके लिए दस जनपथ में मुख्यमंत्री बनाने की बिसात  इस बार बिछाई थी | यह सच भी शायद ही किसी से छुपा है कि बहुगुणा   इंडिया बुल्स जैसी विवादास्पद कम्पनी के वकील और ट्रस्टी एक दौर में रहे है जब उत्तराखंड भी नहीं बना था | उसी दौर में यह बहुगुणा अगर रईसजादो के महंगे गोल्फ जैसे खेलो से जुड़ उत्तराखंड के सरोकारों से जुड़ने का ढोंग करते हुए इस दौर में पाए जाते हैं तो यह कुछ हास्यास्पद सा मालूम पड़ता है क्युकि बहुगुणा  राजनीति को निजी व्यवसाय समझते हैं  शायद तभी उन्होंने साकेत के लिए टिहरी लोक सभा चुनाव में टिकट के लिए अपना सब कुछ कुर्बान कर दिया | 


सबसे  नाइंसाफी अगर इस दौर में उत्तराखंड में किसी के साथ हुई है तो वह केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत हैं जिन्होंने अपने प्रयासों से उत्तराखंड में कांग्रेस को ना केवल अपनी सांगठनिक छमताओ से  सींचा वरन राज्य  में कांग्रेस  का बड़ा जनाधार भी बनाया | वह उत्तराखंड के पहले चुनाव में कांग्रेस को अपने बूते सत्ता में भी लाये लेकिन पार्टी ने उनको दरकिनार कर एन डी तिवारी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया और इस बार भी हरीश रावत के साथ कांग्रेस ने नाइंसाफी कर उत्तराखंड की कमान विजय बहुगुणा के हाथ दे दी जिनका उत्तराखंड में कोई जनाधार ही नहीं है | लेकिन अब टिहरी में कांग्रेस की करारी हार के बाद बहुगुणा के सामने असली संकट लाल बत्ती देने का खड़ा हो गया है जिसमे बड़े पैमाने पर हरीश रावत के समर्थको के साथ उन्हें कांग्रेस के अन्य गुटों में भी संतुलन बनाना है | देखना होगा वह आने वाले दिनों में कैसे सरकार चलाते हैं  | 
        

             बहुगुणा को राज्य में शुरुवात से हर मसले पर विरोध का सामना करना पड़ा | बिजली परियोजनाए शुरू करने के मसले पर हरीश रावत  के साथ उनके मतभेद खुलकर सामने आ गए | हरीश रावत को संतो के साथ खड़े होकर एक समय बहुगुणा को डेमेज करने में लगे थे जब उन्होंने गंगा की  अविरलता बनाये रखने के लिए गंगा के किनारे भजन कीर्तन करने की बात कही थी | बहुगुणा की किरकिरी उस वक्त भी हुई थी जब उन्होंने रातो रात कैबिनेट की बैठक में पल भर में राज्य में चार प्राइवेट यूनिवर्सिटी खोलने का ऐलान कर दिया था | तब भी हरीश  रावत ने उनके इस निर्णय पर खुले आम सवाल उठये थे | यही नहीं जब आपदा आई तो उनके कई कैबनेट मंत्री लन्दन में ओलंपिक देखने चले गए और बहुगुणा आपदा प्रभावितों के बीच जाकर यह कहने लगे आपदा आई है तो भजन कीर्तन करो ऐसे बयानों से भी उनकी छवि  खूब ख़राब हुई | 

 कई रोज पूर्व सिडकुल फेज 2  के सितारगंज में उद्घाटन को लेकर भी बहुगुणा की सरकार में मत भिन्नता देखने को मिली  | उत्तराखंड से कांग्रेस के कद्दावर नेता और केन्द्रीय मत्री हरीश रावत ने बहुगुणा की इस निवेश योजना पर सवाल उठाकर भाजपा के सुर में सुर कृषि भूमि कम होने पर चिंता जताते हुए  मिलाया है |विपक्षी  भाजपा भी इस कार्ययोजना के औचित्य पर सवाल उठाते हुए सेज पर  स्पेशल एग्रीकल्चर ज़ोन को तरजीह देने की पैरवी कर रही है | वहीँ राज्य में इस समय  पेयजल, बिजली जैसी समस्याओ का संकट  खड़ा है तो राजधानी दून में दिन दहाड़े अपराध बढ रहे हैं पर क़ानून  व्यवस्था लचर की लचर ही बनी है | अधिवक्ता की पत्नी की दिन दहाड़े हत्या पर कई वकील घंटाघर में बहुगुणा के खिलाफ प्रदर्शन कर चुके हैं तो बीते दिनों कानून व्यवस्था की लचर स्थिति पर दून बंद भी हो चुका है  यह स्थिति तब है जब उत्तराखंड में सी ऍम की कमान एक हाई कोर्ट के जज के हाथो में है | एडवोकेट की पत्नी रही पुष्पा सकलानी मर्डर केस के आधे अधूरे खुलासे को लेकर दून पुलिस की किरकिरी हो ही रही थी की अपराधियों ने बीते दिनों एक और बड़ी वारदात  को अंजाम दे दिया | क्लेमेंट टाउन  थाना एरिया के कश्मीरी मोहल्ले के रहने वाले सोनू नाम के युवक का सहसपुर में मर्डर कर दिया गया |  ऐसे में समझा जा सकता है राज्य में बहुगुणा सरकार का शासन कैसा चल  रहा है ? 

बहरहाल जो भी हो टिहरी चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद अगर बहुगुणा ने  अपनी कार्यशैली में बदलाव नहीं किया तो इतना तय है कि उन पर मुख्यमंत्री का  सिंहासन खाली करने का भारी दबाव   पड़  सकता है और राज्य में उनको समर्थन दे रहे बसपा , यू  के डी (पी ) जैसे दल भी उनसे किनारा कर किसी नए चेहरे को सी ऍम बनाने की मांग कर सकते है | ऐसे में संभावनाए हैं कि हरीश रावत के सितारे बुलंदियों पर  जा सकते हैं क्युकि उनके समर्थक विधायको और कार्यकर्ताओ की बड़ी संख्या उनको  सी ऍम  बनाने के लिए एक बार फिर से  9, तीन मूर्ति लेन जैसे  सियासी गलियारों के अखाड़े में उतर सकती है जिसके बाद कांग्रेस आलकमान को  इस बार उत्तराखंड में डेमेज कंट्रोल के लिए उसी हरीश रावत को मैदान में आगे करना पड़ सकता है जिसे उत्तराखंड की जमीनी हकीकत की  गहरी समझ  है | जो भी हो अगर ऐसा होता है तो इस छोटे से राज्य उत्तराखंड में रोचक सत्ता का संघर्ष देखने को मिल सकता है | देखना होगा आने वाले दिनों में ऊट किस करवट यहाँ बैठता है ?  

Wednesday, 24 October 2012

मलाला के जज्बे को सलाम ..................






" मैं स्कूल के लिए तैयार हो रही थी और ड्रेस पहनने  वाली थी कि मुझे याद आया कि प्रधानाचार्य ने हमसे स्कूल की ड्रेस नहीं पहनने के लिए कहा है | इसलिए मैंने अपनी पसंदीदा गुलाबी रंग की पोशाक पहनी |  स्कूल की बाकी लड़कियां भी रंग बिरंगी पोशाको में थी  | सुबह असेम्बली में हमसे कहा गया कि हम रंग बिरंगे परिधान न पहने क्युकि तालिबान को इस पर आपत्ति होगी " 

पाकिस्तान की स्वात घाटी में रहने वाली १४ वर्षीय मलाला युसुफजई की "गुल मकई " नाम से २००९ में बीबीसी उर्दू के लिए खास तौर पर  लिखी गई यह डायरी उसके इरादों को बताने के लिए काफी है | बीते ९ अक्टूबर को दोपहर १२.४५ पर मिंगोरा में चंद नकाबपोश आतंकियों ने एक स्कूल वैन को रोका जिसमे तीन छात्राए घर वापस लौट रही थी | आतंकियों ने पूरी बस को घेर लिया और पूछा कौन है मलाला ? वहां पर मौजूद तीनो सहेलियां मलाला को पहचानने से साफ इनकार कर देती हैं | ए के ४७ की पिस्टल उनकी कनपटी पर तनी रहती है लेकिन जान की परवाह किये बिना वह अपना मुह नहीं खोलती हैं |   मलाला के जज्बे को देखिये वह सहेलियों को बचाने के लिए खुद को आगे आने से नहीं रोकती है और अपना परिचय नकाबपोशो को खुद देती है | तब नकाबपोशो के हाथ एक बड़ी कामयाबी उस समय हाथ लगती है जब मलाला को गोली लगती है | उस पल  वहां के माहौल को देखकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो जाते हैं | वातावरण गोलियों की थर्राहट से काँप उठता है | गोली मलाला के सर और गर्दन में लगती है जिससे वह बुरी तरह घायल हो जाती है | इससे अंदाजा लगाया जा सकता है मलाला पर हुआ आतंकी हमला कितना भीषण रहा होगा | आज वह गंभीर स्थिति में है और जिन्दगी  और मौत से जूझ  रही है | पेशावर के एक अस्पताल में कोमा में चले जाने के बाद अब उसको लन्दन के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर इलाज के लिए भेजा गया है जहाँ   मलाला यूसुफजई कोमा से बाहर आ गई है । लन्दन के क्वीन  एलिजाबेथ अस्पताल के डेव रोजर ने यह जानकारी दी। 'द न्यूज' ने रोजर के हवाले से बताया कि मलाला  कोमा से बाहर आ गई है  और उसने अपने विचारों को पहली बार  लिखकर व्यक्त किया। रोजर के अनुसार मलाला बोल नहीं पा रही हैं लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही बोलने लगेगी। उसे वेंटीलेटर से हटा दिया गया है।घायल होने के बाद मलाला पहली बार सहारे के साथ खड़ी भी हुई है । पूरे विश्व में लोग आज  उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं | खुदा करे वह लन्दन से ठीक होकर फिर से अपने देश वापस लौटे और महिलाओ को  शिक्षित करने के अपने मिशन में फिर से लग जाए |
                       


इस हमले के बाद तालिबान की प्रतिक्रिया गौर करने लायक थी क्युकि तालिबान के प्रवक्ता ने  कहा अगर  हमले के बाद भी वह जिन्दा बच जाती है तो हम उस पर फिर से हमला कर देंगे | लेकिन मलाला के जज्बे को देखिये उसकी हिम्मत को देखकर तालिबानी लड़ाको के पसीने छूट गए  | पहले भी उसे तालिबान से जान से मारने की कई धमकियाँ मिल चुकी हैं लेकिन इन सबसे बेपरवाह होकर उसने महिला शिक्षा की अपनी आवाज को हमेशा से बुलंद ही रखा | तालिबानी कट्टरपंथियों  के अलावा पाकिस्तान  के कुछ कट्टरपंथियों की धमकियों से बेपरवाह होकर वह स्त्री शिक्षा के लिए अपने संघर्ष को जारी रखती है वह भी उस देश में जहाँ स्त्री शिक्षा का विरोध शुरू से होता आया है | पाकिस्तान की राजनीती पर पकड़ रखने वाले कई जानकारों का मानना है कि वहां बीते कुछ  समय से तालिबान ने पाक के आवाम में जैसा खौफ पैदा किया है उसके मुकाबले के लिए  अभी कई  और मलाला चाहिए |  इस  घटना के बाद पाकिस्तान में मलाला के समर्थन में एक बड़ा तबका उसके साथ खड़ा दिखता है और एक नयी मोर्चाबंदी की आहट वहां सुनाई देने लगी है जिसमे तालिबान के विरोध  में कई स्वर मुखरित हुए हैं | तो क्या माना जाए मलाला की यह लकीर पाकिस्तान को  पहली  बार उसे एक नई मोर्चाबंदी की तरफ ले जाती दिख रही है जिसमे  पाक के आम जनमानस के साथ धर्म गुरुओ की बड़ी जमात तालिबान को अपने गिरेबान में झाँकने को मजबूर कर रही है जिसमे महिला शिक्षा के बारे  में उसके  गैर मुस्लिम दृष्टिकोण पर सवाल उठाकर  पाक एक नई लीक पर जाने का साहस दिखा रहा है | असल में पूरी तस्वीर ऐसी नहीं है | पाकिस्तान में एक तबका जहाँ मलाला के साथ खुलकर खड़ा है तो वहीँ कट्टरपंथियों  की एक बड़ी जमात तालिबानियों के सुर में सुर मिलते हुए दिखाई दे रही है | तालिबानियों ने मलाला को निशाना बनाकर यह दिखा दिया वह किस तरह आज भी महिलाओ की शिक्षा का कितना बड़ा विरोधी है | साथ ही इसकी हिमाकत करने वाली एक छोटी सी बच्ची को मारने में भी वह देरी नहीं कर सकता | तालिबान के निशाने पर मलाला उस दौर से है जिस दौर में २००९ में तालिबानियों ने स्वात घाटी में अपने झंडे गाड़ लिए थे और अपनी मनमानी द्वारा वहां के सारे स्कूल ,कालेज बंद करा दिए थे | यही नहीं उनके अनुसार महिलाओ की जगह घर की चहारदीवारी में है और उसे वहीँ कैद रहना चाहिए | इसका विरोध करने वाली महिलाओ को मौत के घाट उतारा जाना वहां आम बात हो गई थी | उस समय वहां के बारे में  यह कहा जाने लगा था यहाँ जान भी सस्ती है | उसी दौर में मलाला महिला शिक्षा के लिए खुलकर सामने आती हैं और घर घर जाकर लोगो से महिला शिक्षा की उपयोगिता के बारे में  भाषण देती है तो तबसे वह तालिबान की आँखों में खटकने लगी | मलाला को उसके इस  कार्य के लिए अंतरराष्ट्रीय शांति  पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है  और अब मलाला पर हाल में हुए हमलो ने पूरी दुनिया में उसके  नाम को सबकी जुबान पर ला दिया है | आज विश्व के तमाम देशो में लोग  मलाला की बहादुरी से प्रेरित होकर जहाँ अपनी लडकियों के नाम उसके नाम पर रख रहे है वहीँ अब घर घर में रहने वाली बेटियां मलाला बनने का सपना पालने लगी हैं | 
                                  
                           

                    तालिबान में लम्बे समय से कट्टरपंथियों का शासन रहा है | वह  आधुनिकीकरण के घोर विरोधी रहे है | यहाँ तक की महिलाओ को शिक्षित करने के फैसलों के खिलाफ वह खुलकर फसाद करने से भी बाज नहीं आते | इसी के चलते अपने प्रभाव वाले इलाको पर उसने स्कूल कालेज  लम्बे समय से बंद किये हुए  हैं  और इस फैसलों के विरोध में जाने वाले लोगो को बंदूक के दम पर खौफ दिखाकर ठिकाने लगाया जाता रहा है | लेकिन मलाला को देखिये उसने तालिबानियों की मांद में घुसकर  उन्हें ललकारा है और तालिबान को उसी की भाषा में जबाव महिला शिक्षा का समर्थन  कर दिया है | तालिबानी नेता फजल उल्लाह ने अपने गुर्गो को मलाला को मारने के लिए भेजा जिसमे वह बुरी तरह घायल हो गई | अभी वह जिन्दगी और मौत से जूझ  रही है | लेकिन तालिबान ने अभी भी यह कहा  है कि वह उसे मार कर ही दम लेंगे | तालिबान के कट्टरपंथी पाकिस्तान के कुछ कठमुल्लों के समर्थन  के बूते  महिला  शिक्षा विरोधी  झंडा  थामे हुए हैं लेकिन शायद यह कहते हुए वह यह भूल रहे है इस्लाम में महिला शिक्षा पर किसी तरह के प्रतिबन्ध की बात नहीं कही गई है | पैगम्बर साहब तो खुद महिलाओ को शिक्षित किये जाने पर शुरू से बल देते थे | इस लिहाज से तालिबान के इस कदम की जितनी निंदा की जाये उतनी कम है क्युकि वह महिला शिक्षा को देश की प्रगति में एक बड़ा रोड़ा मानता रहा है |शायद वह यह समझते हुए वह  यह भूल जाता है कि महिलाओ को शिक्षित करने से जहाँ उनका सामाजिक स्तर ऊँचा उठता है वहीँ वह पुरुष की बराबरी पर आकर खड़ी हो जाती हैं | लेकिन तालिबानियों के गले यह बात थोड़ी उतरती है | अगर ऐसा होता तो मलाला पर हमला नहीं होता | तालिबान द्वारा मलाला पर हमले से उसकी खासी किरकिरी हुई है शायद तभी अब वह अपने निशाने पर विदेशी मीडिया को लेने से बाज नहीं आ रहा जिसकी  बेरोकटोक कवरेज से मलाला के पक्ष में ना केवल लहर  चली बल्कि दुनिया के कोने कोने से उसे खासी सहानुभूति भी मिली | आज स्थिति यह है कि प्रिंट मीडिया से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया सभी के निशाने पर तालिबान है | यही नहीं अब तो सोशल मीडिया में भी पूरी दुनिया मलाला के साथ में आकर खड़ी हो गई है |अफगानिस्तान के इलाको में भी मलाला का जादू सर चदकर बोलने लगा है और लोग मलाला के समर्थन में आकर खड़े हुए है | पाकिस्तान में 14 साल की मानवाधिकार कार्यकर्ता मलाला यूसुफजई पर हमले के बाद एक और स्कूली लड़की ने तालिबान से धमकी मिलने का दावा किया है। मूलत: स्वात घाटी की रहने वाली हिना खान ने कहा है कि वह तालिबान की हिट लिस्ट में है। हिना मालकंद घाटी में तालिबान के खिलाफ लगातार सार्वजनिक रूप से आवाज उठाती रही है। हिना के हवाले से डॉन अखबार ने लिखा है लड़कियों के स्कूल जाने पर तालिबान की धमकी के बाद हमें स्वात छोड़ना पड़ा, लेकिन अब तालिबान की ताजा धमकी के बाद मुझे लगता है कि मैं इस्लामाबाद में भी स्कूल नहीं जा पाऊंगी। हालांकि तालिबान की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हो पाई  है लेकिन  हिना के पिता रायतुल्ला खान ने अखबार को बताया कि उनकी सामाजिक कार्यकर्ता पत्नी फरहत को भी इसी साल अगस्त में धमकियां मिलनी शुरू हुईं।  कुछ दिनों पहले जब वह घर से बाहर निकले  तो दरवाजे पर एक लाल क्रॉस देखा। उन्होंने  यह सोचकर इसे मिटा दिया कि यह किसी बच्चे की करतूत होगी लेकिन अगले रोज  उसे दोबारा देख वह  डर गए । इसके अगले दिन उनको  एक फोन आया और किसी  ने कहा कि हिना अगली मलाला होगी। यह घटना ये बताने के लिए काफी है कि मलाला पर घटी आतंकी घटना आज भी वहां के लोगो को अच्छे से याद है और पहली बार लोग उसी तर्ज पर सामने आने से खुलकर बोलने से नहीं कतरा रहे जिस लीक पर चलने का साहस अकेले मलाला सरीखी लडकियों ने दिखाया है  | आज आलम यह है कि हर परिवार के सदस्य अपनी आप बीती मीडिया के सामने लाने से पीछे नहीं हट रहा  है तो इसका बड़ा कारण मलाला का जज्बा है जो लोगो को तालिबान के विरोध में बिगुल बजाने  को मजबूर कर रहा है |
             
               

अरब देशो में भी मलाला ने अपने काम के बूते जागरूकता ला दी है | शायद इसी के चलते अब वहां भी लोग महिलाओ को अच्छी शिक्षा देने की पैरवी अगर खुलकर करने लगे हैं तो समझा जा सकता है मलाला इस दौर में कितना लोकप्रिय हो गई हैं ? यह स्थिति उस अफगानिस्तान की भी है जहाँ कभी तालिबान के शासन  में महिलाओ का घर से बाहर निकलना मुश्किल होता था | लेकिन पाकिस्तान में तस्वीर का दूसरा पहलू भी देखने को मिलता है जहाँ वहां के आवाम का बड़ा  तबका आज भी खुलकर मलाला के साथ आने से परहेज करता हुआ देखा जा सकता है |वैसे भी पाकिस्तान में सेना, सरकार और आई एस आई तीनो की राह अलग अलग चलती रही है | वहां पर आज भी तालिबान को लेकर एक विशेष हमदर्दी देखी जा सकती है | सेना तालिबान के समर्थन  में खड़ी देखी जा सकती है | उसके बिना वहां पत्ता भी नहीं हिला करता  और यही जमात ऐसी है जो आज भी अमेरिका को उसका दुश्मन नम्बर एक मानती है | भले ही हिचखोले खाती पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था अमेरिका के सहयोग से चलती है लेकिन पाकिस्तान इस मदद का बेजा इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के इस्तेमाल में करता आया है जिसके चलते आज भी वहां का लोकतंत्र खतरे में है| अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नाम की कोई चीज वहां नहीं बची है | भले ही वहां की  सरकार अमेरिका का गुणगान आर्थिक मदद के चलते करती आई है लेकिन पाक में कट्टरपंथियों  की एक बड़ी जमात आज भी खूनखराबे और आतंक पर ही भरोसा करती है शायद इसलिए वहां अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नाम मात्र की बची है | अमेरिका आतंक के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी राशि प्रतिवर्ष पाक को देता है जिसमे तकरीबन १७ करोड़ डॉलर शिक्षा के लिए दिए जाते हैं ताकि वहां की शिक्षा व्यवस्था पटरी पर आ सके लेकिन इस मदद का बेजा इस्तेमाल वह आतंकी गतिविधियों में करता रहा है जिस पर अमेरिकी सीनेट  में भी कई बार सवाल उठ चुके हैं | और शायद यही कारण है कि हाल के दिनों में सी आई ए के पूर्व  अधिकारी ब्रूस रीडेल ने "डेली बीस्ट "  के सम्पादकीय में अमेरिकी चुनाव में राष्ट्रपति  पद के दोनों उम्मीदवारों से  आखरी बहस में अपना ध्यान पाकिस्तान पर केन्द्रित करने की नसीहत दे डाली है | उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा है अगर तालिबान की फिर से सत्ता में वापसी हो जाती है और वहां स्कूल जाने वाली तीस लाख  से  ज्यादा लडकियों के साथ मलाला जैसे बर्ताव होता है तो उनकी हिफाजत के लिए अमेरिका की क्या नीति है ?  पाकिस्तान अगर सच में महिलाओ का हितेषी होता  होता तो  मलाला पर हमला करने की जुर्रत तालिबान नहीं कर पाता और ना ही पाकिस्तान के गृह मंत्रालय को उन उलेमाओ को धमकी देनी पड़ती जिन्होंने मलाला पर हमले के विरोध में तालिबानियों की इस कार्यवाही के खिलाफ सवाल उठाये थे और फ़तवा जारी किया था | इसे  आतंकी कट्टरपंथियों के आगे घुटने  टेकना ना कहें  तो और क्या कहें  ?  लेकिन जो भी हो इस पूरे वाकये में मलाला के जज्बे को सलाम करने की जरुरत है |  

Monday, 22 October 2012

" एक्शन" और "रोमांस " का यश ............







मशहूर फिल्म निर्माता और निर्देशक यश चोपड़ा  ने बीते रविवार को दुनिया को अलविदा कहा तो एक पल यकीन ही नहीं हुआ क्युकि अभी बीते २७ सितम्बर को उन्होंने सादगी के साथ अपनी जिन्दगी के ८० बसंत पूरे किये थे | लेकिन इस जिन्दगी का भी कोई भरोसा नहीं है |अपनी जिन्दगी के अंतिम पडाव पर यश चोपड़ा  भी डेंगू की चपेट में आ गए जिसके बाद उनको मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया जहाँ उन्होंने आंखरी सांस ली और इस दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया |अपने पांच दशको के फ़िल्मी करियर में यश चोपड़ा ने जहाँ त्रिशूल ,सिलसिला , दीवार,  कभी कभी ,चांदनी, वीरजारा, जैसी सुपर डुपर फिल्मे बालीवुड को दी वहीँ दिल तो पागल है,दिल वाले दुल्हनिया ले जाएँगे जैसी फिल्मो के जरिए सिल्वर स्क्रीन पर  प्रेम और रोमांस का ऐसा ताना बाना बुना जिसे देश के युवा पीड़ी आज भी आज भी बड़ी साफगोई से याद करती है | असल में बालीवुड   बतौर डायेक्टर  के तौर पर जहाँ उन्हें धूल का फूल, वक्त, दीवार , काला पत्थर ,सिलसिला ,लम्हें , डर, दिल तो पागल है और उनकी रिलीज होने वाली आखरी  फिल्म जब तक है जान के जरिए याद करेगा वहीँ बतौर प्रोड्यूसर उनके काम को  दिल वाले दुल्हनिया ले जाएँगे , दिल तो पागल है, मोहोब्बतें ,साथिया, चक दे, रब ने बना दी जोड़ी, न्यूयार्क, बैंड, बाजा और बारात ,एक था टाइगर के जरिए पहचानेगा | 




पंजाब के लाहौर में जन्मे यश चोपड़ा इंजीनियरिंग के छात्र थे | पिता उन्हें पढ़ाई के लिए  लन्दन भेजना चाहते थे लेकिन उनका मन पढाई लिखाई में कम लगता था | अपने भाई बी आर चोपड़ा की तरह उन्हें भी फिल्मो से प्यार हो गया | माँ से आशीर्वाद लेकर मायानगरी मुंबई की ओर रुख किया | पहले आई एस जौहर  और फिर बाद में अपने भाई बी आर चोपड़ा के साथ बतौर  सहायक निर्देशक उन्होंने मुंबई में काम संभाला | शेरो शायरी से उन्हें बचपन से लगाव था | उस दौर में साहिर लुधयानवी बहुत बड़ा नाम होते थे | उनकी शायरियो ने यश चोपड़ा को भी खासा प्रभावित उस दौर  किया  और यह भी साहिर की तरह शायरियां गुनगुनाए बिना नहीं रह पाते थे | कहा जाता है उस दौर की प्रसिद्ध अभिनेत्री मीना कुमारी यश चोपड़ा से प्रभावित हुई और उन्होंने यश को हीरो बनने की सलाह दी लेकिन बैजन्तीमाला के निर्देशक बनने का सुझाव  उन्हें  भाया जिसके बाद उन्होंने निर्देशन की दुनिया में अपने  कदम  आगे बढाये  | १९५९ में यश ने पहली सफल फिल्म धुल का फूल बनाई हालाँकि उनकी पहली सफल फिल्म वक्त (१९६५) को माना जाता है | दाग से उन्होंने अपने खुद के यशराज बैनर की शुरुवात १९७३ में की | दाग में उन्होंने उस दौर के सुपर स्टार राजेश खन्ना को साथ लिया था लेकिन बाद में उन्होंने हिंदी सिनेमा को दो बड़े कलाकार दिए जो अमिताभ बच्चन ओर शाहरुख़ खान हुए | हालाँकि यश ने पचास के दशक  में अपना फ़िल्मी करियर शुरू किया था लेकिन वह उस दौर से हर दर्शक वर्ग की नब्ज पकड़ना जानते थे शायद यही कारण रहा वह अपने प्रशंसको को हर दौर में एक के बाद एक हिट फिल्में देते रहे | यही नहीं उन्होंने अपने दौर में हर तरह की कहानियो को परदे के कैनवास में उकेरकर अपने निर्देशन से नया रंग दिया जिसने हर वर्ग के तबके पर अपनी छाप छोड़ी | यश चोपड़ा ने बालीवुड की दीवार से एक ऐसा नायक देश को दिया जो कानून को चुनौती देते हुए खुले आम मेरा हाथ चोर है लेकर चला वहीँ त्रिशूल में "एंग्री यंग मैन" को साथ लेकर खून के ताने बाने पर आधारित ऐसा संसार रचा कि सिलसिला आते आते प्यार के त्रिकोण को रुपहले परदे पर उतारकर रोमांस की दुनिया में कदम रख दिया |


                        यश चोपड़ा को इसलिए भी याद किया जायेगा उन्होंने अपने निर्देशन में दो कलाकारों को बालीवुड में नई पहचान दी जिनमे अमिताभ के साथ शाहरुख़ खान  शामिल हैं | अमिताभ उस दौर में यश के करीब आये थे जब उनको कही काम नहीं मिल रहा था तब यश ने उनके करियर को नया सहारा दिया था जिसके बाद अमिताभ हिंदी फिल्मो के सुपर स्टार कहलाये | अमिताभ बच्चन   को दीवार के बाद एंग्री यंग मैन कहा गया | जंजीर में भी वह गुस्सैल मिजाज के हीरो के रूप में लोगो के सामने आये थे | बाद में यश चोपड़ा ने बिग बी के लिए काला पत्थर और सिलसिला बनाईजिसके बाद उनके कदम रोमांस की दुनिया में गए |  यश ने अमिताभ के बाद शाहरुख़  को परदे पर प्रोजेक्ट किया | सिरफिरे आशिक की कहानी "डर " के जरिए लोगो तक पहुंचाई और युवाओ के बीच  होने वाले  प्यार की असल तस्वीर   दिल वाले दुल्हनिया ले जायेगे, मोहोब्बते , वीर जारा के जरिए दिखाई तो देश के यंगिस्तान के बीच शाहरुख़  खान का जादू सर चढ़कर बोलने लगा | हाल ही में जब तक है जान के जरिए यश चोपड़ा  ने ८ साल बाद फिर से निर्देशन में अपने कदम रखे  जिसे उन्होंने अपनी जिन्दगी की आखरी फिल्म बताया जो इस साल दिवाली पर १३ नवंबर को पूरे देश में रिलीज होगी | 

                          हिंदी सिनेमा में यश चोपड़ा के योगदान को नहीं भुलाया जा सकता | सत्तर के दशक में उनके खोया पाया फोर्मुले की यादें  आज भी दर्शको के जेहन में हैं जिसे उन्होंने वक्त और सिलसिला के साथ आजमाया |  बाद में उनकी  मल्टी कास्ट वाली लीक  पर चलने का साहस मनमोहन देसाई ने किया जिसके बूते वह भी बालीवुड में राज करने लगे | यश चोपड़ा की फिल्मो की खासियत उनकी फिल्मो का मधुर संगीत था |  यश चोपड़ा की फिल्मो के गीत आज के दौर में भी प्रासंगिक और हिट रहे हैं | खाली पलों में उनको गुनगुनाने का अपना अलग एहसास है |दिवाली पर रिलीज होने वाली उनकी आखरी  फिल्म जब तक है जान का संगीत भी अभी से सहारा जाने लगा है | यश चोपड़ा की फिल्मो के गीत देश की हर पीड़ी आज भी बड़े चाव से गुनगुनाती है | एकान्त में इसे गुनगुनाने से दिल को सुकून मिलता है | ऐसा लगता है मानो यश चोपड़ा की फिल्में गीत ,संगीत के बल पर टिकी हैं | संगीत के बिना यश की  कोई उपयोगिता नहीं है | यश के सिलसिला से लेकर प्यार का डर और चांदनी  से लेकर कभी कभी और फिर दिल वाले दुल्हनिया ले जाएँगे से लेकर जब तक है जान तक का संगीत आज में देश के युवाओ को खूब भाता है तो इसके मायने एक्शन और रोमांस के पर्याय बने यश के कुशल निर्देशन से समझा समझा जा सकता है  |

 यश चोपड़ा ने अपने निर्देशन में तकरीबन २२ फिल्में बनाई और अपने कुशल निर्देशन से हिंदी सिनेमा को नई पहचान दिलाई | उनकी पहचान उस निर्देशक के तौर पर बालीवुड में है जो हर समय नया करने को उतावला रहता था | उनकी फिल्मो की रूमानियत दिल के तारो को झंकृत कर देती थी | इत्तेफाक  , दाग में उन्होंने राजेश खन्ना को नए अंदाज में जहाँ लोगो के बीच रखा वहीँ काला पत्थर में अमिताभ और शत्रुघ्न सिन्हा शॉट गन  की उस दौर में टक्कर कराई जब उनकी आपस में बोलचाल बिलकुल बंद थी | यही नहीं दीवार आते आते उन्होंने अमिताभ की एंग्री यंग मैन की नई छवि को लोगो के बीच  पेश किया | उस दौर में मेरे पास माँ है का डायलाग आज भी यादगार  और सदाबहार बना है | भारतीय सिनेमा को सही मायनों  में विदेशी धरती पर पहुचाने का श्रेय भी यश चोपड़ा को जाता है | उन्होंने ही पहली बार अपनी फिल्मो के  दृश्यों  को  स्विट्जर्लैंड  की  हसीन  वादियों में फिल्माया जहाँ हर फिल्म के गानों में कल कल करते झरने, बर्फ से ढकी  पहाड़ियां नजर आती थी | कहा जाता है उनके काम से प्रभावित होकर स्विट्जरलैंड  सरकार ने उन्हें सम्मानित किया और एक झील का नाम तो बाकायदा उन्ही  के नाम से रख दिया |  अपने अप्रीतम योगदान के  कारण यश चोपड़ा को दादा साहब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चूका है |
                                             
यश चोपड़ा को इसलिए भी याद किया जायेगा उन्होंने अपनी छत्रछाया में अमिताभ और शाहरुख़ खान जैसे कलाकारों को सुपर स्टार बनाया | जंजीर से अमिताभ को शोहरत  मिली लेकिन यश के निर्देशन में अमिताभ के अभिनय की असल पटकथा दीवार में लिखी जा चुकी थी जो सिलसिला आते आते सुपर हिट हो गई | यही नहीं डर के जरिए शाहरुख को सामने लाकर उन्होंने बालीवुड को अमिताभ के बाद अब तक का  सबसे बड़ा कलाकार हिंदी सिनेमा को दिया जिसकी कामयाबी का सफ़र दिल वाले दुल्हनिया ले जायेगे से लेकर  दिल तो पागल है ,वीरजारा तक जारी है और यह महज संयोग  ही है कि अपने रोमांस की खुशबू और   शाहरुख़ की रूमानियत से प्यार का एक नया पाठ अपनी   फिल्म जब तक है जान में पढ़ाते नजर आयेगे जो दिवाली के मौके पर रिलीज होने वाली उनकी आखरी  फिल्म होगी तो उनके प्रशंसक  एक्शन और रोमांस के यश को पहली बार मिस करेगे | जाहिर है ऐसे माहौल में दिवाली तो फीकी होगी ही लेकिन अपनों के खोने का गम उनके चाहने वाले करोडो प्रशंसको को सताता रहेगा |  सही मायनों में यश आप बहुत याद आओगे ........